कॉप-31 समझौते पर सहमति क्यों नहीं बनी, प्रमुख देशों ने क्या कहा?

दुनिया की ज़्यादातर ऊर्जा तेल फ़ॉसिल फ़्यूल से पैदा की जाती है
इमेज कैप्शन, दुनिया की ज़्यादातर ऊर्जा तेल फ़ॉसिल फ़्यूल से पैदा की जाती है (फ़ाइल फ़ोटो)
प्रकाशित
पढ़ने का समय: 7 मिनट

तुर्की में कॉप-31(कॉन्फ्रेंस ऑफ पार्टीज़) जलवायु सम्मेलन किसी समझौते पर पहुंचे बिना समाप्त हो गया. रविवार को यूरोपीय संघ और अन्य देशों ने फ़ाइनल ड्राफ़्ट को स्वीकार करने से इनकार कर दिया.

इसी के सााथ अंताल्या में क़रीब 200 देशों के प्रतिनिधिमंडलों के बीच दो हफ़्ते तक चली बातचीत ख़त्म हुई. यह बातचीत तय कार्यक्रम के मुताबिक़ शुक्रवार को ख़त्म हो जानी थी, लेकिन आम सहमति तक पहुंचने के लिए बातचीत रविवार तक चलती रही.

इस तरह यह इतिहास का सबसे लंबा कॉप सम्मेलन बन गया.

कई ग़रीब देशों ने जलवायु परिवर्तन के प्रभावों से लड़ने के लिए अमीर देशों की ओर से किसी स्पष्ट आर्थिक सहयोग का ज़िक्र नहीं किए जाने पर आपत्ति जताई.

संयुक्त राष्ट्र के महासचिव एंटोनियो गुटेरेस ने रविवार को एक बयान जारी कर सम्मेलन के नतीजों पर "गहरी निराशा" जताई.

यूरोपीय संघ के एक प्रतिनिधि ने कुछ तेल उत्पादक देशों पर सम्मेलन की बातचीत को अपने हित में मोड़ने का आरोप लगाया.

चौथे ड्राफ़्ट में फ़ॉसिल फ़्यूल के इस्तेमाल को चरणबद्ध तरीके से ख़त्म करने की ज़रूरत का ज़िक्र नहीं था, जबकि यह जलवायु परिवर्तन की सबसे बड़ी वजह है.

वहीं कॉप-31 के सह-अध्यक्ष और ऑस्ट्रेलियाई मंत्री क्रिस बोवेन ने कहा कि सम्मेलन को अपने इतिहास के सबसे जटिल और तनावपूर्ण भू-राजनीतिक माहौल का सामना करना पड़ा.

इससे पहले साल 2009 में डेनमार्क की राजधानी कोपेनहेगन में कॉप सम्मेलन नाकाम साबित हुआ था. उस वक़्त समझौते के 11 बिन्दुओं में से किसी को भी मानना बाध्यकारी नहीं था.

कॉप-31 समझौता पास क्यों नहीं हो सका?

मुरात कुरुम
इमेज कैप्शन, कॉप-31 के अध्यक्ष और तुर्की के पर्यावरण, शहरीकरण एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री मुरात कुरुम रविवार को तुर्की के अंताल्या में कॉप-31 के समापन सत्र में शामिल हुए

यूरोपीय संघ की ओर से बोलते हुए आयरलैंड के मंत्री डैराघ ओ'ब्रायन ने कहा कि यूरोपीय संघ औपचारिक रूप से इस समझौते को ख़ारिज करता है.

उन्होंने ड्राफ़्ट देर से जारी किए जाने की आलोचना की. उन्होंने कहा कि यूरोपीय संघ ऐसे ड्राफ़्ट को स्वीकार नहीं कर सकता, जिसमें फ़ॉसिल फ़्यूल का ज़िक्र तक न हो. उन्होंने इसे "ग्रीनवॉशिंग" बताया.

उन्होंने कहा, "हम अपने नागरिकों की ओर से यह बात कह रहे हैं."

"ये फ़ैसले जलवायु परिवर्तन से निपटने के लिए ज़रूरी महत्वाकांक्षा के स्तर के आसपास भी नहीं हैं. यह अस्वीकार्य है कि जलवायु समझौते में फ़ॉसिल फ़्यूल का कोई ज़िक्र ही न हो."

डैराघ ओ'ब्रायन ने कहा कि कुछ तेल उत्पादक देशों ने बातचीत को हाईजैक कर लिया.

दरअसल, रविवार को कॉप-31 की बातचीत शुरू के साथ ही समझौते का नया ड्राफ़्ट जारी किया गया.

12 पन्नों के इस चौथे ड्राफ़्ट में भी फ़ॉसिल फ़्यूल का कहीं भी ज़िक्र नहीं था. जबकि यूरोपीय संघ के देश इसकी मांग कर रहे थे.

डैराघ ओ'ब्रायन
इमेज कैप्शन, यूरोपीय संघ के प्रतिनिधि, डैराघ ओ'ब्रायन ने कहा कि कुछ तेल उत्पादक देशों ने बातचीत को हाईजैक कर लिया

नए ड्राफ़्ट में देशों से 2035 तक अपनी कुल ऊर्जा खपत में बिजली की हिस्सेदारी बढ़ाकर 35 फ़ीसदी करने की अपील की गई है.

कार्बन को वातावरण में फैलने से रोकने, उसके इस्तेमाल और उसे स्टोर करने की तकनीक के इस्तेमाल को लेकर भी कुछ मामूली बदलाव किए गए हैं.

फ़्रांस को फ़िक्र है कि इस तकनीक पर बहुत ज़्यादा निर्भर रहने से तेल उत्पादक देशों को मौजूदा स्तर पर तेल और गैस इस्तेमाल करने की छूट मिल सकती है. इस तकनीक में कार्बन उत्सर्जन को ज़मीन के नीचे जमा किया जाता है.

वर्ल्ड रिसोर्सेज़ इंस्टीट्यूट के अध्यक्ष और सीईओ अनी दासगुप्ता ने सम्मेलन के नतीजों को "खोखला" और "राजनीतिक नेतृत्व की नाकामी" बताया.

उन्होंने कहा, "जब विज्ञान की बात इतनी स्पष्ट है, तब यह किसी भी तरह सही नहीं ठहराया जा सकता कि देश जलवायु परिवर्तन की सबसे बड़ी वजह यानी जीवाश्म ईंधन का ज़िक्र तक करने पर सहमत नहीं हो सके."

यूएन के महासचिव एंटोनियो गुटेरेस ने क्या कहा

एंटोनियो गुटेरेस
इमेज कैप्शन, संयुक्त राष्ट्र के महासचिव एंटोनियो गुटेरेस ने सम्मेलन में सहमति न बनने पर निराशा जताई

संयुक्त राष्ट्र के महासचिव एंटोनियो गुटेरेस ने कहा कि वह इस बात से "बेहद निराश" हैं कि कॉप-31 बिना किसी व्यापक समझौते पर सहमति के ख़त्म हो गया.

उन्होंने कहा, "लेकिन इस झटके से तथ्य नहीं बदलते. बातचीत की मेज़ पर भले ही सहमति न बन पाई हो, लेकिन विज्ञान के निष्कर्षों को लेकर कोई अस्पष्टता नहीं है."

उन्होंने उन "ताक़तवर जीवाश्म ईंधन कंपनियों और उनके हितों से जुड़े समूहों" की आलोचना की.

उनके मुताबिक़ "बड़ी तंबाकू कंपनियों के तौर-तरीक़े अपना रहे हैं. वे वैज्ञानिक तथ्यों को तोड़-मरोड़कर पेश कर रहे हैं, नीतिगत फ़ैसलों में देरी कर रहे हैं, कार्रवाई रोक रहे हैं और भारी मुनाफ़ा कमा रहे हैं, जबकि दुनिया भर के लोगों को इसकी क़ीमत चुकानी पड़ रही है."

गुटेरेस ने अमीर देशों से यह भी अपील की कि वे क्लाइमेट फ़ंड मुहैया कराने की अपनी प्रतिबद्धता पूरी करें, ताकि यह पैसा उन लोगों तक पहुंचे जिन्हें इसकी सबसे ज़्यादा ज़रूरत है.

उन्होंने कहा, "अब इस वादे को पूरा करने के लिए समय-सीमा और पैसों का ब्योरा तय करें. लोगों की ज़िंदगी इस पर निर्भर है."

समझौते के बारे में प्रमुख देशों ने क्या कहा?

कॉप 31
इमेज कैप्शन, चीन ने अपनी चिंताएं जताने के बावजूद समझौते को स्वीकार कर लिया
छोड़कर बीबीसी हिंदी मोबाइल ऐप आगे बढ़ें
नितिन श्रीवास्तव
आपके लिए चुनी गईं खास कहानियाँ, नितिन श्रीवास्तव द्वारा

आपके लिए नितिन श्रीवास्तव द्वारा चुनी गईं खास कहानियाँ

और जानें

समाप्त

ब्रिटेन की प्रतिनिधि केट ह्यूज़ ने ड्राफ़्ट को "काफ़ी कमज़ोर समझौता" बताया. उन्होंने कहा कि मौजूदा हालात में सभी देशों को मिलकर ठोस और महत्वाकांक्षी क़दम उठाने की ज़रूरत थी.

मध्य अमेरिकी देश पनामा ने भी ड्राफ़्ट को ख़ारिज कर दिया. उसके प्रतिनिधि ने कहा, "विज्ञान बातचीत से समझौता नहीं करता. धरती और इंतज़ार नहीं कर सकती."

भारत के प्रतिनिधिमंडल ने न तो इस समझौते को स्वीकार किया और न ही ख़ारिज किया. उसने कहा कि वह बातचीत में शामिल रहना जारी रखेगा.

वहीं चीन ने अपनी चिंताएं जताने के बावजूद समझौते को स्वीकार कर लिया.

रूस ने फ़ॉसिल फ़्यूल को चरणबद्ध तरीके से ख़त्म करने की प्रतिबद्धता को समझौते में शामिल करने का विरोध किया और अपने भाषण में सीधे यूरोपीय संघ की आलोचना की.

इसके अलावा, सऊदी अरब ने अरब लीग के 22 सदस्य देशों की ओर से बात रखी.

उसके प्रतिनिधि मोहम्मद अयूब ने कहा कि सभी मुद्दों को बातचीत से बाहर रखे जाने के बावजूद अरब देशों ने "ईमानदारी से बातचीत जारी रखी".

उन्होंने कहा कि ड्राफ़्ट में ऐसे कई समाधान शामिल थे, जिनसे जलवायु परिवर्तन से निपटने के प्रयासों और ज़मीनी स्तर पर उनके क्रियान्वयन को आगे बढ़ाया जा सकता था.

2015 के पेरिस समझौते को तैयार करने में अहम भूमिका निभाने वालीं संयुक्त राष्ट्र की पूर्व जलवायु प्रमुख क्रिस्टियाना फिगुएरेस ने कहा कि समझौते पर सहमति न बन पाना "बेहद तकलीफ़देह" है.

हालांकि, उन्होंने कहा कि आम लोगों को "किसी ठोस फ़ैसले के न हो पाने को नाकामी नहीं समझना चाहिए."

क्या है फ़ॉसिल फ़्यूल

फ़ॉसिल फ़्यूल कार्बन डाइऑक्साइड गैस पैदा करने का बड़ा कारण होता है, जो धरती के बढ़ते तापमान के लिए ज़िम्मेदार है
इमेज कैप्शन, फ़ॉसिल फ़्यूल कार्बन डाइऑक्साइड गैस पैदा करने का बड़ा कारण होता है, जो धरती के बढ़ते तापमान के लिए ज़िम्मेदार है (स्टॉक फ़ोटो)

फ़ॉसिल फ़्यूल लाखों साल पहले मर चुके जीवों के अवशेषों से बने हैं. ये ऐसे प्राकृतिक संसाधन हैं, जिन्हें दोबारा पैदा नहीं किया जा सकता. यानी एक बार इस्तेमाल करने के बाद ये ख़त्म हो जाते हैं.

दुनिया की ज़्यादातर ऊर्जा तेल, कोयले और गैस जैसे फ़ॉसिल फ़्यूल से पैदा की जाती है. इनका इस्तेमाल कार, हवाई जहाज़ चलाने से लेकर घरों में गैस पर खाना पकाने और हीटिंग के लिए किया जाता है.

लेकिन इन ईंधनों को जलाने से कार्बन डाइऑक्साइड (CO2) गैस निकलती है. यह गैस पृथ्वी की सतह के पास वायुमंडल में अतिरिक्त गर्मी को रोक लेती है, जिससे धरती का तापमान बढ़ता है और जलवायु परिवर्तन की समस्या गंभीर होती है.

फ़ॉसिल फ़्यूल दुनिया में जलवायु परिवर्तन की सबसे बड़ी वजह हैं.

बीबीसी के लिए कलेक्टिव न्यूज़रूम की ओर से प्रकाशित.

BBC World Service के नए ऐप को डाउनलोड करें

BBC News हिन्दी को चुनें और पाइए न्यूज़ अलर्ट, लाइव टीवी, पॉडकास्ट... सब एक जगह

कृपया नोट करें: नया ऐप ब्रिटेन और अमेरिका में उपलब्ध नहीं है.