'लाहौरी जीरा' भारत में कोला कंपनियों के लिए चुनौती कैसे बन गया

सॉफ्ट ड्रिंक्स के साथ फ़्रिज में रखा लाहौरी जीरा
इमेज कैप्शन, सॉफ्ट ड्रिंक्स के साथ फ़्रिज में रखा लाहौरी जीरा
    • Author, निखिल इनामदार
    • पदनाम, बीबीसी न्यूज़
  • प्रकाशित
  • पढ़ने का समय: 7 मिनट

पंजाब के रहने वाले तीन चचेरे भाई सौरभ मुंजाल, निखिल डोडा और सौरभ भूटना एक रात के खाने के बाद सॉफ्ट ड्रिंक्स बनाने की कोशिश कर रहे थे.

इसी दौरान निखिल डोडा ने घर में मौजूद कुछ आम चीज़ों से जीरे के स्वाद वाला एक खट्टा और झागदार सोडा तैयार किया. तीनों को इसका चटपटा स्वाद इतना पसंद आया कि उन्होंने इसे बाज़ार में बेचने का फ़ैसला किया.

भारत में जीरे के स्वाद वाला सोडा पहले से ही सड़क किनारे की दुकानों पर मिलता था. बाज़ार में कई छोटी-छोटी लोकल कंपनियां भी थीं. लेकिन बहुत कम कंपनियों ने जीरे के स्वाद को लेकर कोई बड़ा कार्बोनेटेड ड्रिंक ब्रांड बनाया था.

तीनों ने अपने परिवारों को इसमें पैसा लगाने के लिए मनाया. इसके बाद 2017 में उन्होंने 'लाहौरी ज़ीरा' ब्रांड की शुरुआत की.

करीब एक दशक बाद यह ड्रिंक भारत में काफ़ी लोकप्रिय हो चुकी है. इसने दुनिया की बड़ी कोल्ड ड्रिंक कंपनियों को चुनौती दी है. ख़ासकर 10 रुपये वाली बोतल के बाज़ार में इसकी अच्छी पकड़ बनी है. यह भारत में कोल्ड ड्रिंक की सबसे अहम कैटेगरी में से एक है.

कंपनी को उम्मीद है कि इस साल उसका कारोबार हज़ार करोड़ रुपये के आंकड़े तक पहुंच जाएगा.

जानकारों का कहना है कि इसकी लोकप्रियता के पीछे दो बड़ी वजहें हैं. पहली, लोगों में भारतीय स्वाद वाली ड्रिंक्स की मांग बढ़ रही है. दूसरी, लोग ऐसी ड्रिंक्स पसंद कर रहे हैं जिन्हें वे सेहत के लिहाज़ से बेहतर मानते हैं.

लाहौरी ज़ीरा अकेला ऐसा ब्रांड नहीं है. पिछले एक दशक में देशभर में जीरे के स्वाद वाले सोडा के कई ब्रांड सामने आए हैं.

इनमें मुंबई की कंपनी एक्सोटिक फ्रूट्स का 'जीरू' और अरबपति मुकेश अंबानी के स्वामित्व वाली कैंपा कोला का 'कैंपा जीरा' शामिल है. इसके अलावा हाउस ऑफ बिंदू जैसी क्षेत्रीय कंपनियां भी इस बाज़ार में हैं. इसका एक ब्रांड 'फिज़ जीरा मसाला' है.

ऑनलाइन ऑर्डर में 900 फ़ीसदी की बढ़ोतरी

जीरा पेय पदार्थ
इमेज कैप्शन, बीते 25 साल से जीरे के स्वाद वाले ड्रिंक्स भारतीय बाज़ार में बिक रहे हैं

हाउस ऑफ बिंदू ने करीब 25 साल पहले जीरे के स्वाद वाला सोडा लॉन्च किया था. लेकिन कुछ साल पहले तक इसकी बिक्री में ख़ास बढ़ोतरी नहीं हुई थी. कंपनी की डायरेक्टर मेघा शंकर के मुताबिक़, अब स्थिति बदल गई है.

उन्होंने बीबीसी से कहा, "अब कार्बोनेटेड ड्रिंक्स में यह सबसे तेज़ी से बढ़ने वाली कैटेगरी है. पिछले पांच साल में कंपनी की कुल कमाई में इसका हिस्सा 20 फ़ीसदी से बढ़कर 40 फ़ीसदी हो गया है."

जीरे वाले सोडा की बढ़ती मांग को देखते हुए हाउस ऑफ बिंदू अब देशभर में अपना कारोबार बढ़ा रही है. इससे पहले दो दशक से ज़्यादा समय तक कंपनी का कारोबार मुख्य रूप से दक्षिण भारत तक सीमित था.

भारत के पुराने कंज्यूमर ब्रांड्स में शामिल पारले एग्रो ने भी अपना जीरे वाला सोडा 'धिशूम' लॉन्च किया है. कंपनी ने इसे पिछले साल देशभर में उतारा. हालांकि, 2012 से यह ग्रामीण बाज़ारों में बिक रहा था.

इस गर्मी में इन ड्रिंक्स की ऑनलाइन बिक्री में भी तेज़ी आई. भारत की एक ऑनलाइन डिलीवरी कंपनी की रिपोर्ट के मुताबिक़, इन ड्रिंक्स के ऑनलाइन ऑर्डर में 900 फ़ीसदी की बढ़ोतरी हुई.

2033 तक दोगुना हो जाएगा बाज़ार

भारतीय रसोई का प्रमुख मसाला जीरा
इमेज कैप्शन, जीरा भारतीय रसोई का प्रमुख मसाला है
छोड़कर बीबीसी हिंदी मोबाइल ऐप आगे बढ़ें
नितिन श्रीवास्तव
आपके लिए चुनी गईं खास कहानियाँ, नितिन श्रीवास्तव द्वारा

आपके लिए नितिन श्रीवास्तव द्वारा चुनी गईं खास कहानियाँ

और जानें

समाप्त

जीरे वाले सोडा की बढ़ती लोकप्रियता भारत के नॉन-अल्कोहलिक बेवरेज बाज़ार को भी बदल रही है. साल 2024 में यह बाज़ार 32 अरब डॉलर का था. अनुमान है कि 2033 तक यह दोगुना हो जाएगा.

इस साल की शुरुआत में कोटक म्यूचुअल फ़ंड की एक रिपोर्ट आई थी. इसके मुताबिक़, लाहौरी ज़ीरा, कैंपा और दूसरी छोटी कंपनियों को अब भारत के 'एथनिक बेवरेज मार्केट' के नाम से जाना जा रहा है.

रिपोर्ट के मुताबिक़, सितंबर 2024 तक कार्बोनेटेड सॉफ्ट ड्रिंक्स के बाज़ार में इन कंपनियों की कुल हिस्सेदारी दोगुनी होकर क़रीब 15 फ़ीसदी हो गई थी. वहीं, कोका-कोला और पेप्सिको की संयुक्त हिस्सेदारी क़रीब 93 फ़ीसदी से घटकर 85 फ़ीसदी रह गई.

कोटक की रिपोर्ट में इसकी तुलना टेलीकॉम सेक्टर में जियो की एंट्री से की गई है.

रिपोर्ट में कहा गया, "यह बेवरेज सेक्टर के लिए जियो जैसा पल है. जिस तरह डेटा की क़ीमतें घटने के बाद टेलीकॉम कंपनियों की बाज़ार में हिस्सेदारी कम हुई थी, उसी तरह अब बड़ी ड्रिंक कंपनियों की बिक्री पर असर पड़ रहा है."

साल 2016 में रिलायंस के जियो के टेलीकॉम में आने के बाद भारतीय टेलीकॉम बाज़ार में बड़ा बदलाव आया था.

रिपोर्ट के मुताबिक़, दुनिया के बाज़ारों में आमतौर पर दो बड़ी कंपनियों का दबदबा एक साल में 1 से 2 फ़ीसदी ही घटता है. लेकिन यहां एक साल से भी कम समय में 8 फ़ीसदी की गिरावट आई है. यह बाज़ार में बड़े बदलाव का संकेत है.

लाहौरी ज़ीरा बनाने वाली कंपनी आर्चियन फूड्स के सीईओ सौरभ मुंजाल ने बीबीसी से कहा कि कंपनी हर साल मांग पूरी नहीं कर पा रही है.

उन्होंने कहा, "हम हमेशा ऐसी स्थिति में रहे हैं, जहां हर साल हमारा पूरा स्टॉक बिक जाता है. पिछले साल हमने अपनी उत्पादन क्षमता दोगुनी करके रोज़ाना 12 लाख बोतल कर दी. इसके बावजूद हम मांग पूरी नहीं कर पा रहे हैं."

भारत में कई दशकों तक कोला कंपनियों का दबदबा रहा है. ये कंपनियां लोगों के बीच एक लाइफ़स्टाइल प्रोडक्ट के तौर पर लोकप्रिय हुईं.

सौरभ मुंजाल के मुताबिक़, इन कंपनियों ने विज्ञापन पर करोड़ों डॉलर ख़र्च किए. बड़े-बड़े होर्डिंग लगाए. बॉलीवुड सितारों को अपने विज्ञापनों में शामिल किया. क्रिकेट टूर्नामेंट को स्पॉन्सर किया. इस तरह उन्होंने भारतीय बाज़ार में विदेशी ड्रिंक को लोकप्रिय बनाया.

लेकिन अब देसी कंपनियां उन्हें कड़ी चुनौती दे रही हैं. इन कंपनियों ने बेहतर डिस्ट्रीब्यूशन, कम क़ीमत और पुराने भारतीय स्वादों के सहारे अपनी जगह बनाई है.

इन स्वादों में जीरा, कच्चा आम, कोकम और इमली शामिल हैं.

मुंजाल का कहना है कि लंबे समय से भारत में कंज्यूमर प्रोडक्ट बनाने वाली कंपनियों की एक सोच रही है. वह या तो भारतीय उत्पादों को पश्चिमी रंग में ढालती हैं या फिर पश्चिमी उत्पादों को भारतीय अंदाज़ में पेश करती हैं.

लेकिन लाहौरी ज़ीरा के साथ वह इस सोच को बदलना चाहते हैं. इस ब्रांड का टैगलाइन है, 'अपना देसी ठंडा'. इसका मतलब है भारत का अपना कोल्ड ड्रिंक.

वहीं, मेघा शंकर का कहना है कि उनकी कंपनी ने हाल ही में जीरे वाले सोडा का ज़ीरो शुगर वर्ज़न भी लॉन्च किया है. इसका मक़सद उन लोगों तक पहुंचना है, जो कोला के अलावा सेहत के लिहाज़ से बेहतर ड्रिंक्स की तलाश में हैं.

हालांकि, विश्लेषकों का मानना है कि इन देसी ड्रिंक ब्रांड्स के लिए अपनी इस सफलता को लंबे समय तक बनाए रखना आसान नहीं होगा. जिन वजहों से इन ब्रांड्स की लोकप्रियता बढ़ी है, वही आगे चलकर इनके विकास में रुकावट भी बन सकती हैं.

'कोला के बाज़ार जितना बड़ा नहीं हो पाएगा'

कोका-कोला और पेप्सी जैसी वैश्विक कंपनियों का लंबे समय से बाज़ार पर दबदबा है
इमेज कैप्शन, कोका-कोला और पेप्सी जैसी वैश्विक कंपनियों का लंबे समय से बाज़ार पर दबदबा है

मुंबई के एसपी जैन इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट के प्रोफ़ेसर राजीव अग्रवाल ने बीबीसी से कहा कि सबसे बड़ा सवाल यह है कि जीरे के स्वाद वाली ड्रिंक का बाज़ार कितना बड़ा हो सकता है.

अग्रवाल मल्टीनेशनल कंपनियों को चुनौती देने के लिए पारिवारिक कारोबारों को रणनीति बनाने में सलाह देते हैं.

उन्होंने कहा, "सबसे बड़ा सवाल यह है कि जीरे के स्वाद वाली ड्रिंक का बाज़ार कितना बड़ा हो सकता है. मुझे लगता है कि यह कोला के बाज़ार जितना बड़ा नहीं हो पाएगा."

भारत में जीरे वाले कार्बोनेटेड ड्रिंक्स की बिक्री का बड़ा हिस्सा 10 रुपये वाली बोतलों से आता है. यह क़ीमत इन कंपनियों के लिए फ़ायदेमंद होने के साथ-साथ एक चुनौती भी है.

कम क़ीमत की वजह से इन ड्रिंक्स की बिक्री बढ़ी है. लेकिन दुनिया में ऊर्जा संकट के बीच प्लास्टिक, पैकेजिंग, चीनी और दूसरे कच्चे माल की क़ीमतें भी बढ़ रही हैं.

इससे कंपनियों के मुनाफ़े पर असर पड़ सकता है. इन कंपनियों का मुनाफ़ा पहले से ही काफ़ी कम है.

अगर कंपनियां बोतलों की क़ीमत बढ़ाती हैं, तो बिक्री पर असर पड़ सकता है. ऐसे में उनके पास बोतलों का आकार छोटा करने का विकल्प रह जाता है. कुछ साल पहले कोला कंपनियां भी ऐसा कर चुकी हैं.

इसके अलावा, बड़ी कंपनियों की एंट्री भी इन देसी ब्रांड्स के लिए चुनौती बन सकती है.

राजीव अग्रवाल कहते हैं, "इस बाज़ार में मुक़ाबला बेहद कड़ा है." उनके मुताबिक, बड़ी अंतरराष्ट्रीय कंपनियों के पास बेहतर सिस्टम, काम करने के तरीके, डिस्ट्रीब्यूशन नेटवर्क और बोतल बनाने की सुविधाएं हैं.

कोका-कोला ने 1990 के दशक में जीरे के स्वाद वाले 'रिमझिम' ब्रांड को ख़रीदा था. अब कंपनी इस कैटेगरी में अपनी पकड़ मज़बूत कर रही है. ख़बरों के मुताबिक, उसने पिछले साल इसका उत्पादन दोगुना कर दिया.

हालांकि, इन चुनौतियों के बावजूद देसी कंपनियों के हौसले कम नहीं हुए हैं.

सौरभ मुंजाल का कहना है, "भारतीय स्वाद को दुनिया भर में पहचान मिलनी चाहिए."

वह आने वाले सालों में अंतरराष्ट्रीय बाज़ार में भी अपनी ड्रिंक को पहुंचाने की तैयारी कर रहे हैं.

उन्होंने कहा, "हम कई पीढ़ियों से दुनिया भर के कोला पीते आए हैं. लेकिन मुझे उम्मीद है कि आने वाली पीढ़ियां भारत के जीरे वाले ड्रिंक्स पिएंगी."

बीबीसी के लिए कलेक्टिव न्यूज़रूम की ओर से प्रकाशित.

BBC World Service के नए ऐप को डाउनलोड करें

BBC News हिन्दी को चुनें और पाइए न्यूज़ अलर्ट, लाइव टीवी, पॉडकास्ट... सब एक जगह

कृपया नोट करें: नया ऐप ब्रिटेन और अमेरिका में उपलब्ध नहीं है.