कड़े टेस्ट में कैसे पास हुई पाकिस्तानी टीम

इमेज स्रोत, AP
- Author, आदेश कुमार गुप्त
- पदनाम, खेल पत्रकार, बीबीसी हिंदी डॉटकॉम के लिए
- प्रकाशित
पिछले दिनों पाकिस्तान ने मेज़बान श्रीलंका को तीसरे और आखिरी टेस्ट मैच में 7 विकेट से करारी मात दी, जबकि जीत के लिए उसके सामने 377 रनों का विशाल लक्ष्य था.
अब टेस्ट मैच में हार-जीत तो चलती ही रहती है लेकिन इस जीत के मायने पाकिस्तान के लिए बेहद विशेष बन गए.
पाकिस्तान ने यह सिरीज़ 2-1 से जीती.
ख़ास जीत
अनेक रिकार्ड इस दौरान बने और सबसे बड़ी बात अपनी ही ज़मीन पर टेस्ट क्रिकेट खेलने से वंचित होने के बावजूद पाकिस्तान टीम टेस्ट रैंकिंग में भी तीसरे स्थान पर पहुंच गई है.
हैरानी की बात है कि अपनी ज़मीन पर पिछले कुछ वर्षों से एक भी टेस्ट सिरीज़ ना हारने वाली और किसी समय टेस्ट रैंकिंग में नंबर एक रह चुकी भारतीय क्रिकेट टीम इस समय पांचवे पायदान पर है.
पाकिस्तान ने लगभग 9 साल बाद श्रीलंका को उसी की ज़मीन पर हराया. इससे पहले पाकिस्तान ने श्रीलंका से साल 2006 में टेस्ट सिरीज़ जीती थी.
पाकिस्तान ने अपनी ज़मीन पर आखिरी टेस्ट सिरीज़ साल 2009 में श्रीलंका के ख़िलाफ ही खेली थी.
सबसे बड़ी जीत

इमेज स्रोत, getty images
पाकिस्तान इससे पहले कभी भी इतने बड़े लक्ष्य का पीछा करते हुए नही जीता था.
वैसे भी इससे पहले केवल पांच बार इतने या इससे अधिक स्कोर का पीछा करते हुए किसी टीम ने जीत हासिल की है.
जिनमें वेस्ट इंडीज़ ने ऑस्ट्रेलिया के ख़िलाफ 7 विकेट पर 418 रन, दक्षिण अफ्रीका ने ऑस्ट्रेलिया के ख़िलाफ 4 विकेट पर 414, भारत ने वेस्ट इंडीज़ के ख़िलाफ 4 विकेट पर 406, ऑस्ट्रेलिया ने इंग्लैंड के ख़िलाफ 3 विकेट पर 404 और भारत ने इंग्लैंड के ख़िलाफ 4 विकेट पर 387 रन बनाकर जीत हासिल की.
रिकॉर्ड
पाकिस्तान के सबसे अनुभवी बल्लेबाज़ यूनिस खान ने अपने टेस्ट करियर का 30वां शतक जमाते हुए नाबाद 171 रन बनाए.
उन्होने चौथे विकेट के लिए सलामी बल्लेबाज़ शान मसूद के साथ 242 रनों की साझेदारी की. यह चौथे विकेट की साझेदारी का नया पाकिस्तानी रिकार्ड है.
शान मसूद ने 125 रन बनाए.
यूनिस खान ने चौथी पारी में नाबाद 171 रन बनाए. यह किसी भी पाकिस्तानी बल्लेबाज़ का दूसरी पारी में बनाया गया सर्वाधिक व्यक्तिगत स्कोर है.
जीत के हीरो

इमेज स्रोत, Getty images
पाकिस्तान के यूनिस खान ने अपने 30वें शतक के साथ ही कई रिकार्ड अपने नाम किए.
यूनिस खान ने अपने 30 शतकों के दौरान 11 बार 150 रन से अधिक की पारी खेली है जबकि उनसे पहले पाकिस्तान के जावेद मियांदाद ने 10 पारी ऐसी खेली थी.
यूनिस खान अब दुनिया के पहले ऐसे बल्लेबाज़ है जिन्होने टेस्ट मैच की दूसरी पारी में पांच बार शतकीय पारी खेली है.
इनके अलावा दूसरी पारी में चार शतक बनाने वालो में भारत के सुनील गावस्कर, ऑस्ट्रेलिया के रिकी पोंटिंग, वेस्ट इंडीज़ के रामनरेश सरवन और दक्षिण अफ्रीका के ग्रैम स्मिथ शामिल है.
यूनिस खान अभी तक 101 टेस्ट मैच खेलकर 30 शतक की मदद से 8814 रन 54.07 रन की औसत से बना चुके है.
पाकिस्तान के पूर्व विकेटकीपर और चयनकर्ता रहे वसीम बारी ने कहा कि रमजान के पवित्र महिने में इस टीम ने देश को तोहफा दिया है. श्रीलंका कोई कमज़ोर टीम नही है. इससे साबित हुआ है कि अब पाकिस्तानी टीम एकजुट है.
इससे पहले पाकिस्तान ने बांग्लादेश से दो टेस्ट मैचो की सिरीज़ 1-0 से जीती थी.
इसके अलावा उसने पिछले साल शारजाह में न्यूज़ीलैंड से तीन टेस्ट मैचों की सिरीज़ 1-1 से ड्रा खेली.
<bold>(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए <link type="page"><caption> यहां क्लिक</caption><url href="https://play.google.com/store/apps/details?id=uk.co.bbc.hindi" platform="highweb"/></link> करें. आप हमें <link type="page"><caption> फ़ेसबुक</caption><url href="https://www.facebook.com/bbchindi" platform="highweb"/></link> और <link type="page"><caption> ट्विटर</caption><url href="https://twitter.com/BBCHindi" platform="highweb"/></link> पर भी फ़ॉलो कर सकते हैं.)</bold>




















