लाइव , चीन के साथ सीमा मामलों पर बातचीत के बारे में भारत ने क्या बताया

हाल में ऐसी ख़बरें आई थीं कि चीनी सैनिक अरुणाचल प्रदेश में वास्तविक नियंत्रण रेखा (एलएसी) पर कुछ गतिविधियां कर रहे हैं.

वीडियो छोड़ें और जारी रखें
  • नरेंद्र मोदी और बालेन शाह
  • कॉप-31
  • gautam gambhir
  • musadiq khan
  • daud ibrahim
  • aazam khan
  • bulldozer

लाइव कवरेज

रौनक भैड़ा, तेजस्वी सिंह

  1. अब इस लाइव पेज को विराम देने का वक़्त आ गया है. मुझे यानी बीबीसी संवाददाता तेजस्वी सिंह को दीजिए इजाज़त.

    कल सुबह एक नए लाइव पेज के साथ हम फिर हाज़िर होंगे.

    बीबीसी न्यूज़ हिन्दी की वेबसाइट पर मौजूद कुछ अहम ख़बरों को पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें.

  2. चीन के साथ सीमा मामलों पर बातचीत के बारे में भारत ने क्या बताया

    भारत और चीन
    इमेज कैप्शन, भारत चीन सीमा पर गश्त करते भारतीय सैनिक (फ़ाइल फ़ोटो)

    भारत के विदेश मंत्रालय ने चीन के साथ सीमा मामलों को लेकर चल रही बातचीत पर बयान दिया है.

    बुधवार को विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा, ''भारत और चीन के बीच राजनयिक और सैन्य स्तर पर बातचीत चलती रहती है. अभी हाल ही में दोनों देशों के बीच सर्वोच्च मिलिट्री कमांडरों के स्तर पर बातचीत हुई है. इसमें इस बात पर चर्चा हुई कि बॉर्डर का मैनेजमेंट कैसे बेहतर हो. साथ ही एलएसी से जुडे़ मसलों पर भी बातचीत हुई.''

    उन्होंने कहा, ''भारत और चीन के बीच जो बातचीत चल रही है उसका मक़सद सीमावर्ती इलाकों में शांति और स्थिरता बनाए रखना है.''

    हाल में ऐसी ख़बरें आई थीं कि चीनी सैनिक अरुणाचल प्रदेश में वास्तविक नियंत्रण रेखा (एलएसी) पर कुछ गतिविधियां कर रहे हैं. हालांकि इसकी पुष्टि नहीं हो पाई थी.

    चीन अरुणाचल पर अपना दावा करता है जबकि भारत का कहना है कि ये राज्य उसका अभिन्न अंग है.

  3. कार्तिगई महादीप विवाद पर बीजेपी का कांग्रेस पर निशाना, राहुल गांधी से मांगा जवाब

    सुधांशु त्रिवेदी

    बीजेपी ने तमिलनाडु में कार्तिगई महादीप के अवसर पर तिरुपरनकुंद्रम पर स्थितदीप स्तंभ पर दीप नहीं जलाने को लेकर राज्य सरकार पर निशाना साधा है.

    बीजेपी के राज्यसभा सांसद सुधांशु त्रिवेदी ने बुधवार को पार्टी के केंद्रीय कार्यालय में प्रेस कॉन्फ्रेंस की.

    उन्होंने आरोप लगाया कि तमिलनाडु सरकार ने सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बावजूद 24 नवंबर को कार्तिगई महादीप के अवसर पर दीप स्तंभ पर दीप प्रज्वलित नहीं होने दिया.

    सुधांशु त्रिवेदी ने कहा कि सुप्रीम कोर्ट ने कुछ शर्तों के साथ एक दिन के लिए दीप जलाने की अनुमति दी थी. इसके बावजूद तमिलनाडु सरकार ने आदेश का पालन नहीं किया.

    उन्होंने इसे लेकर राहुल गांधी और कांग्रेस पार्टी पर भी तंज किया.

    उन्होंने कहा, "हम कांग्रेस पार्टी और राहुल गांधी से पूछना चाहते हैं कि आप हमेशा संविधान को अपनी जेब में रखने का प्रयास करते हैं, लेकिन अब जब सर्वोच्च न्यायालय ने संविधान के संरक्षक के रूप में अपना निर्णय दिया है, तो आप उसका सम्मान करने और उसे लागू करने के लिए तैयार नहीं हैं."

    वहीं, मदुरै के ज़िला कलेक्टर ने सुप्रीम कोर्ट में दाख़िल अपनी रिपोर्ट में कहा कि उन्होंने कोर्ट के आदेश को लागू करने के लिए हर संभव कदम उठाए. लेकिन मंदिर प्रशासन ने तिरुपरनकुंद्रम दीप स्तंभ पर दीप जलाने वाले लोगों के नाम नहीं दिए.

    रिपोर्ट में उन्होंने बताया कि दीप जलाने की व्यवस्था को लेकर मंदिर प्रशासन, पुलिस और दूसरे अधिकारियों के साथ बैठकें की गई थीं. सुरक्षा के इंतज़ाम भी किए गए थे.

    मदुरै ज़िला कलेक्टर की ओर से सुप्रीम कोर्ट में यह रिपोर्ट तिरुपरनकुंद्रम पहाड़ी की चोटी पर स्थित दीप स्तंभ पर कार्तिगई महादीप नहीं जलाए जाने के मामले में दाख़िल की गई है.

  4. यूपी में डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य के सीएम चेहरे पर दिए बयान पर योगी आदित्यनाथ ने क्या जवाब दिया?

    योगी आदित्यनाथ
    इमेज कैप्शन, योगी आदित्यनाथ ने कहा कि कमल का फूल हमारे लिए सब कुछ है (फ़ाइल फ़ोटो)

    उत्तर प्रदेश में बीजेपी की तरफ़ से मुख्यमंत्री का चेहरा कौन होगा, इस सवाल पर सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि इसे हर कोई जानता है.

    दरअसल, एक पत्रकार ने योगी आदित्यनाथ से कहा था कि डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने यूपी में बीजेपी के मुख्यमंत्री के चेहरे के सवाल पर 'कमल का फूल' जवाब दिया था.

    इस पर योगी आदित्यनाथ ने कहा कि कमल के फूल पर तो हर व्यक्ति को चुनाव लड़ना ही है. वह भी कमल के फूल पर ही चुनाव लड़ेंगे.

    जब उनसे पूछा गया कि कमल का फूल तो मुख्यमंत्री का चेहरा नहीं है, तब उन्होंने कहा, "कमल का फूल हमारे लिए सब कुछ है. और कौन है, कौन नहीं, यह सर्वविदित है. हर व्यक्ति जानता है."

    आज जब यही सवाल फिर केशव प्रसाद मौर्य से पूछा गया तो उन्होंने कहा कि चुनाव के दौरान बीजेपी का चेहरा 'कमल' होता है.

    उन्होंने कहा, "चुनाव ख़त्म होने और विधायक चुने जाने के बाद उनकी बैठक होती है. केंद्रीय पर्यवेक्षक भी आते हैं. इस बैठक में बनी सहमति के आधार पर नेता चुना जाता है."

  5. आज़म ख़ान क्यों बोले, ‘हम नहीं चाहते थे कि अखिलेश हमसे मिलने जेल में आएं'

    प्रेरणा, आज़म ख़ान

    समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता आज़म ख़ान उत्तर प्रदेश की राजनीति में एक बार फिर सक्रिय नज़र आ रहे हैं.

    कई बार विधायक और सांसद रह चुके आज़म ख़ान बीते एक साल से जेल में रहने के बाद रिहा हुए हैं.

    उनकी रिहाई ऐसे वक़्त हुई है, जब उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव की सरगर्मियां तेज़ होने लगी हैं.

    बीबीसी संवाददाता प्रेरणा से ख़ास बातचीत में आज़म ख़ान ने जेल में बिताए अपने दिनों, असदुद्दीन ओवैसी के रामपुर दौरे और उनके लिए की गई दुआओं के बारे में बात की. उन्होंने अपनी राजनीतिक भूमिका और उत्तर प्रदेश में मुस्लिम वोटों की सियासत पर भी अपनी राय रखी.

    जब उनसे जेल में रहने के दौरान अखिलेश यादव से हुई मुलाक़ात के बारे में पूछा गया, तो उन्होंने कहा, “अखिलेश साहब के मिलने से पहले और मिलने के बाद हम पर जाने कितने सितम हुए. उनके आने से पहले इतनी सख़्ती बढ़ा दी गई. शेविंग क्रीम जैसी चीज़ भी लेकर डस्टबिन में डाल दी जाती थी. उनके जाने के बाद भी इतनी सख़्ती बढ़ गई. लिहाज़ा, हम नहीं चाहते थे कि वो हमसे मिलने आएं. ये मुलाक़ात भी उन्होंने हमारी ख़ुशी के ख़िलाफ़ की थी.”

    वीडियो कैप्शन, अखिलेश यादव, राहुल गांधी और यूपी में कांग्रेस पर आज़म ख़ान ने क्या कहा?
  6. यश माहेश्वरी के ख़िलाफ़ एफ़आईआर दर्ज, राष्ट्रीय महिला आयोग ने भी लिया स्वतः संज्ञान

    यश माहेश्वरी
    इमेज कैप्शन, आयोग ने डिजिटल साक्ष्य सुरक्षित रखने और आरोपों की पुष्टि होने पर उचित क़ानूनी कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं

    राष्ट्रीय महिला आयोग ने 24 नवंबर 2026 को मीडिया रिपोर्ट और सोशल मीडिया पर प्रसारित वीडियो का स्वतः संज्ञान लिया है.

    आयोग की तरफ से एक्स पर जारी बयान के मुताबिक़, वीडियो में स्टैंड-अप कॉमेडियन यश माहेश्वरी ने छठ पूजा करने वाली विवाहित महिलाओं पर अपमानजनक टिप्पणियां की हैं.

    आयोग की अध्यक्ष विजया रहाटकर ने बिहार के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) को वीडियो की सत्यता और संदर्भ की जांच करने के निर्देश दिए हैं.

    आयोग ने डिजिटल साक्ष्य सुरक्षित रखने और आरोपों की पुष्टि होने पर उचित क़ानूनी कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं.

    ज़रूरत पड़ने पर दूसरे राज्यों की पुलिस के साथ को-ऑर्डिनेट करने को भी कहा गया है.

    आयोग ने सात दिनों के भीतर विस्तृत कार्रवाई रिपोर्ट (एटीआर) मांगी है.

    वहीं पटना पुलिस ने यश माहेश्वरी के ख़िलाफ़ बिहार की महिलाओं पर कथित तौर पर अभद्र और आपत्तिजनक टिप्पणी करने के मामले में एफ़आईआर दर्ज की है.

    पटना पुलिस ने एक्स पर कहा कि वीडियो में की गई टिप्पणियों से सामाजिक सौहार्द प्रभावित होने और अलग-अलग समुदायों के बीच वैमनस्य पैदा होने की आशंका थी.

    यश माहेश्वरी ने छठ पूजा और बिहार की महिलाओं की सिंदूर परंपरा पर की गई आपत्तिजनक टिप्पणी के विवाद के बाद कल माफ़ी मांगी थी.

    यश माहेश्वरी ने अपने यूट्यूब चैनल पर वीडियो साझा कर कहा कि उन्हें बिहार की सांस्कृतिक परंपराओं पर इस तरह की टिप्पणी नहीं करनी चाहिए थी.

  7. बीबीसी दिनभर- उत्तर प्रदेश और पंजाब में क्यों चढ़ा सियासी पारा | 25 नवंबर 2026

    छोड़िए YouTube पोस्ट
    Google YouTube सामग्री की इजाज़त?

    इस लेख में Google YouTube से मिली सामग्री शामिल है. कुछ भी लोड होने से पहले हम आपकी इजाज़त मांगते हैं क्योंकि उनमें कुकीज़ और दूसरी तकनीकों का इस्तेमाल किया गया हो सकता है. आप स्वीकार करने से पहले Google YouTube cookie policy और को पढ़ना चाहेंगे. इस सामग्री को देखने के लिए 'अनुमति देंऔर जारी रखें' को चुनें.

    चेतावनी: बीबीसी दूसरी वेबसाइट्स की सामग्री के लिए ज़िम्मेदार नहीं है. YouTube सामग्री में विज्ञापन हो सकते हैं.

    पोस्ट YouTube समाप्त

  8. हूती लड़ाकों ने सऊदी अरब की सबसे बड़ी तेल रिफ़ाइनरी पर हमले का दावा किया

    सऊदी अरब
    इमेज कैप्शन, इस सैटेलाइट तस्वीर में सऊदी अरब की रास तनूरा तेल रिफ़ाइनरी के ऊपर धुएं का बड़ा गुबार उठता दिख रहा है

    यमन के हूती विद्रोहियों का कहना है कि उन्होंने सऊदी अरब की रास तनूरा तेल रिफ़ाइनरी और रियाद के वित्तीय ज़िले पर हमला किया है.

    बीबीसी पर्शियन के मुताबिक़, हूती विद्रोहियों के सैन्य प्रवक्ता याह्या सरी ने कहा कि रिफ़ाइनरी पर हमले के बाद वहां आग लग गई.

    उन्होंने यह भी कहा कि रियाद के वित्तीय ज़िले को तीन स्टेज में निशाना बनाया गया.

    रास तनूरा तेल रिफ़ाइनरी सऊदी अरब की सबसे बड़ी तेल रिफ़ाइनरी है. यह देश से कच्चे तेल के निर्यात के प्रमुख केंद्रों में से एक है.

    इससे पहले, सऊदी अरब के नेतृत्व वाले गठबंधन ने कहा था कि उसकी हवाई रक्षा प्रणालियों ने सऊदी अरब के पूर्वी प्रांत में रास तनूरा के पास चार ड्रोन को रोककर नष्ट कर दिया.

    वहीं, समाचार एजेंसी रॉयटर्स ने धुएं के गुबार की एक सैटेलाइट तस्वीर जारी की है. एजेंसी ने काले धुएं से ढके क्षेत्र का आकार क़रीब 600 वर्ग किलोमीटर (230 वर्ग मील) आंका है.

  9. इक़रा हसन का इमरान मसूद को जवाब- 'गठबंधन से बड़ा किसी का अहंकार नहीं'

    इक़रा हसन
    इमेज कैप्शन, इक़रा हसन ने कहा कि बीजेपी को हराने के लिए आपको अपनी ज़िद और दबाव बनाने की कोशिश छोड़नी होगी

    उत्तरप्रदेश में सपा-कांग्रेस गठबंधन को लेकर हालिया विवाद पर समाजवादी पार्टी की सांसद इक़रा हसन ने टिप्पणी की है.

    इक़रा हसन ने कहा, "मैं इमरान मसूद को नहीं समझ पा रही हूं. अगर मेरी लोकसभा सीट के किसी क्षेत्र की सीट गठबंधन के खाते में जाती है, तो ज़ाहिर है कि इससे मेरे राजनीतिक समीकरण बिगड़ेंगे और मुझे दुख होगा. लेकिन क्या मेरा दुख गठबंधन से बड़ा है? क्या मेरी राजनीतिक महत्वाकांक्षा और मेरा अहंकार गठबंधन से बड़ा हो सकता है?"

    "इसलिए आपको अपना अहंकार और दुख एक तरफ़ रखना होगा. उत्तर प्रदेश के उन लोगों के लिए, जो बीजेपी की नफ़रत भरी राजनीति से परेशान हैं, जिन्हें प्रताड़ित किया जा रहा है और जो मुश्किलों का सामना कर रहे हैं, बीजेपी को हराने के लिए आपको अपनी ज़िद और दबाव बनाने की कोशिश छोड़नी होगी. अगर आपका दावा तर्कसंगत है, तो बात अलग है. ख़ासकर तब, जब उन सीटों पर आपके मौजूदा विधायक हों."

    इससे पहले लखनऊ में कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए समाजवादी पार्टी (सपा) की ओर से पांच उम्मीदवारों की सूची जारी किए जाने पर नाराज़गी जताई है.

    न्यूज़ एजेंसी एएनआई से बात करते हुए उन्होंने कहा, "हम 26 सीटों के आपके प्रस्ताव को नहीं चाहते. हम कोई भिखारी नहीं हैं. अगर हम गठबंधन पर चर्चा करने के लिए दिल्ली में बैठे हैं और आप लखनऊ से उम्मीदवारों की घोषणा कर देते हैं, तो फिर इन चर्चाओं का क्या मतलब है? गठबंधन की बैठकों का क्या मक़सद रह जाता है?"

  10. बॉल टैम्परिंग विवाद पर फिर क्यों आमने-सामने आए ख़्वाजा और कमिंस?, एलिज़ाबेथ बॉचरबी, बीबीसी खेल संवाददाता

    उस्मान ख़्वाजा पैट कमिंस
    इमेज कैप्शन, ख़्वाजा ने कहा कि मुझे उम्मीद नहीं थी कि वह मुझ पर इस तरह निजी हमला करेंगे

    ऑस्ट्रेलिया के पूर्व बल्लेबाज़ उस्मान ख़्वाजा ने कहा है कि 2018 के बॉल टैम्परिंग विवाद को लेकर उनके दावों पर पैट कमिंस की प्रतिक्रिया से उन्हें निराशा हुई है.

    बीबीसी स्पोर्ट के मुताबिक़, ख़्वाजा ने कहा कि कमिंस ने उन पर निजी तौर पर हमला किया. उन्होंने कहा कि उन्होंने ऑस्ट्रेलिया के टेस्ट कप्तान का यह रूप पहले कभी नहीं देखा था.

    2018 में ऑस्ट्रेलिया की टीम दक्षिण अफ़्रीका के ख़िलाफ़ केपटाउन में टेस्ट मैच खेल रही थी. इस दौरान गेंद से छेड़छाड़ करने की साज़िश के तहत स्टीव स्मिथ, डेविड वॉर्नर और कैमरन बैनक्रॉफ़्ट को सज़ा दी गई थी.

    ख़्वाजा ने हाल ही में अपनी आत्मकथा प्रकाशित की है. पूर्व बल्लेबाज़ ख़्वाजा ने कहा है कि ऑस्ट्रेलिया की पूरी टीम को सैंडपेपर से गेंद से छेड़छाड़ की योजना के बारे में पता था. इस टीम में कमिंस भी शामिल थे. ख़्वाजा का कहना है कि टीम को इसकी ज़िम्मेदारी लेनी चाहिए थी.

    कमिंस ने गेंदबाज़ों के इस योजना में शामिल होने के दावों को ख़ारिज किया था. उन्होंने एक प्रेस कॉन्फ़्रेंस में इन्हें 'पूरी तरह बकवास' बताया था.

    उन्होंने ख़्वाजा पर अपने दोस्तों की प्रतिष्ठा और करियर को लेकर 'लापरवाह और हल्के ढंग से' बात करने का आरोप भी लगाया था.

    ख़्वाजा ने 'द ग्रेड क्रिकेटर' पॉडकास्ट पर इसका जवाब दिया. उन्होंने कहा कि यह मामला कभी भी उनके और पैट कमिंस के बीच टकराव का नहीं था.

    उन्होंने 33 वर्षीय कमिंस के टेस्ट कप्तान बने रहने का समर्थन भी दोहराया. हालांकि, उन्होंने कमिंस की प्रतिक्रिया पर हैरानी जताई.

    ख़्वाजा ने कहा, "मैं उन्हें एक इंसान और लीडर के तौर पर हमेशा पसंद करता रहा हूं. मुझे उम्मीद नहीं थी कि वह मुझ पर इस तरह निजी हमला करेंगे."

  11. कार्टून: गुड, वैरी गुड

    कार्टून
    इमेज कैप्शन, बॉटल्ड वाटर पर FSSAI की कार्रवाई पर आज का कार्टून
  12. केशव प्रसाद मौर्य ने कहा, 'चुनाव के बाद योगी सीएम बनेंगे या कोई और, ये फ़ैसला मैं नहीं विधायक करेंगे'

    केशव प्रसाद मौर्य
    इमेज कैप्शन, मौर्य ने मीडिया से ये भी कहा कि सपा चाहे जितनी सीटों का एलान कर दे, उसे हारना है और बीजेपी को जीतना है (फ़ाइल फ़ोटो)

    उत्तर प्रदेश के डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य से 2027 के विधानसभा चुनाव में बीजेपी के मुख्यमंत्री चेहरे को लेकर सवाल पूछा गया.

    उन्होंने मीडिया से बात करते हुए कहा, "चुनाव के दौरान बीजेपी का चेहरा 'कमल' होता है. चुनाव ख़त्म होने और विधायक चुने जाने के बाद उनकी बैठक होती है. केंद्रीय पर्यवेक्षक भी आते हैं. इस बैठक में बनी सहमति के आधार पर नेता चुना जाता है."

    उन्होंने कहा, "फ़िलहाल हमारे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ हैं. वह मुख्यमंत्री बने रहेंगे या उनकी जगह कोई और यह ज़िम्मेदारी संभालेगा, इसका फ़ैसला मुझे नहीं करना है. यह उस समय चुने जाने वाले विधायक करेंगे."

    इससे पहले मौर्य ने मीडिया से बात करते हुए समाजवादी पार्टी (सपा) की ओर से कांग्रेस के साथ सीट बंटवारे पर बातचीत के बीच पांच उम्मीदवारों की सूची जारी करने पर भी प्रतिक्रिया दी.

    उन्होंने कहा, "सपा चाहे जितनी सीटों का एलान कर दे उसे हारना है और बीजेपी को जीतना है. कांग्रेस चाहे कुछ भी कहे बीजेपी जीतेगी."

  13. वैभव सूर्यवंशी की पारी के बारे में संजय मांजरेकर बोले, 'व्हाइट बॉल क्रिकेट हास्यास्पद हो गया है'

    वैभव सूर्यवंशी
    इमेज कैप्शन, वैभव सूर्यवंशी ने यूएई के ख़िलाफ़ महज 52 गेंदों में दोहरा शतक लगाया

    पूर्व भारतीय क्रिकेटर संजय मांजरेकर ने वैभव सूर्यवंशी के रिकॉर्ड दोहरे शतक पर टिप्पणी की है.

    संजय मांजरेकर ने वैभव के प्रदर्शन पर एक्स पर लिखा कि इसमें कोई शक़ नहीं कि वैभव में कुछ ख़ास है. लेकिन उन्होंने जो किया, वह इस बात की एक और मिसाल है कि व्हाइट बॉल क्रिकेट किस हद तक पहुंच गया है.

    उन्होंने एक्स पर लिखा, "वैभव ने जो किया, वह इस बात की एक और याद दिलाता है कि सफ़ेद गेंद वाले क्रिकेट का स्तर कितना हास्यास्पद हो गया है. यह मानना ग़लत है कि फ़ैन्स भी यही देखना चाहते हैं. क्रिकेट बल्ले और गेंद, दोनों का खेल है. सिर्फ़ बल्ले का नहीं."

    15 साल के वैभव सूर्यवंशी ने एशिया कप राइजिंग स्टार्स के मुकाबले में मंगलवार को यूएई के ख़िलाफ़ लिस्ट ए में सबसे तेज़ दोहरा शतक लगाने का रिकॉर्ड बनाया.

    उन्होंने यूएई के ख़िलाफ़ महज 52 गेंदों में दोहरा शतक लगाया और इस दौरान उन्होंने 28 छक्के और सात चौके लगाए.

  14. सपा ने पांच उम्मीदवारों का एलान किया तो क्यों नाराज़ हुए कांग्रेस सांसद इमरान मसूद?

    इमरान मसूद
    इमेज कैप्शन, इमरान मसूद ने कहा कि हम 26 सीटों के आपके (सपा) प्रस्ताव को नहीं चाहते

    लखनऊ में कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए समाजवादी पार्टी (सपा) की ओर से पांच उम्मीदवारों की सूची जारी किए जाने पर नाराज़गी जताई है.

    न्यूज़ एजेंसी एएनआई से बात करते हुए उन्होंने कहा, "हम 26 सीटों के आपके प्रस्ताव को नहीं चाहते. हम कोई भिखारी नहीं हैं. अगर हम गठबंधन पर चर्चा करने के लिए दिल्ली में बैठे हैं और आप लखनऊ से उम्मीदवारों की घोषणा कर देते हैं, तो फिर इन चर्चाओं का क्या मतलब है? गठबंधन की बैठकों का क्या मक़सद रह जाता है?"

    इमरान मसूद ने यह प्रतिक्रिया सपा की ओर से पांच उम्मीदवारों की सूची जारी किए जाने पर दी है.

    इससे पहले समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कांग्रेस के साथ गठबंधन और सीटों के तालमेल को लेकर अपनी बात रखी थी.

    उन्होंने कांग्रेस से प्राथमिकता के आधार पर दी गई सीटों में से 26 सीटों पर बातचीत पूरी होने के बाद बाकी सीटों की सूची भेजने को कहा है.

    अखिलेश ने कहा है कि गठबंधन का उद्देश्य केवल सीटों का बंटवारा करना नहीं, बल्कि अधिक से अधिक सीटों पर जीत सुनिश्चित करना होना चाहिए.

    अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर लिखा, "इस बार एक ऐतिहासिक अवसर है जब हम दोनों पंथनिरपेक्ष पार्टियां मिलकर साम्प्रदायिक भाजपा और उनके संकीर्ण सोच के साथियों को हमेशा के लिए हराकर, देश को ग़लत हाथों में जाकर बर्बाद होने से बचा सकते हैं."

  15. यूक्रेन युद्ध में रूस के करीब पांच लाख सैनिकों की मौत, रूसी सरकारी आंकड़ों से सामने आई जानकारी, ओल्गा इव्शिना और यारोस्लावा किर्यूखिना, बीबीसी रूसी सर्विस

    रूस
    इमेज कैप्शन, रूस ने अपने मारे गए सैनिकों की संख्या सार्वजनिक नहीं की है

    रूस के सरकारी आंकड़ों के विश्लेषण से पता चला है कि 2022 में यूक्रेन युद्ध शुरू होने के बाद से अब तक कम से कम 4,90,334 रूसी सैनिकों की मौत हुई है.

    बीबीसी न्यूज़ के मुताबिक़, रूस की सरकारी आंकड़े जुटाने वाली संस्था रोसस्टैट के आंकड़ों के विश्लेषण से यह जानकारी सामने आई है.

    लीक हुए रोसस्टैट के आंकड़े बताते हैं कि यूक्रेन पर रूस के फुल स्केल हमले ने देश में मौत के पैटर्न को किस तरह बदल दिया है.

    इन आंकड़ों से यह भी पता चलता है कि इस युद्ध में रूस को कितनी बड़ी मानवीय क़ीमत चुकानी पड़ी है.

    रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने शुरुआत में माना था कि यह युद्ध कुछ ही दिनों में ख़त्म हो जाएगा. लेकिन अब इसे शुरू हुए क़रीब पांच साल होने वाले हैं.

    बीबीसी रूसी सेवा को 2021 से सितंबर 2026 तक के 1.1 करोड़ से ज़्यादा मृत्यु के रिकॉर्ड मिले हैं. ये रिकॉर्ड बेलारूस के समूह साइबर पार्टिज़न्स बीवाई और यूक्रेन के साइलेंट क्रो की ओर से किए गए साइबर हमले के बाद सामने आए.

    रोसस्टैट एजेंसी ने साइबर हमले की बात स्वीकार की है. हालांकि, लेकिन इस बात से इनकार किया कि कोई सुरक्षित या गोपनीय जानकारी लीक हुई है.

    बीबीसी रूसी सेवा ने स्वतंत्र रूसी मीडिया संस्थान मीडियाज़ोना के साथ मिलकर इन आंकड़ों की तुलना अपनी उस सूची से की, जिसमें रूस के सैन्यकर्मियों की पुष्टि की गई मौतों का रिकॉर्ड है.

    यह सूची युद्ध शुरू होने के बाद से सार्वजनिक रूप से उपलब्ध स्रोतों के आधार पर तैयार की गई है. दोनों आंकड़ों में 90 फ़ीसदी रिकॉर्ड का मिलान हुआ है.

    सैन्य विशेषज्ञों का अनुमान है कि बीबीसी की सूची में दर्ज 2,90,012 मौतें वास्तविक संख्या का 45 से 55 फ़ीसदी हो सकती हैं.

    यह सूची सरकारी रिपोर्टों, सोशल मीडिया पोस्ट, नए स्मारकों और कब्रों से मिली जानकारी के आधार पर तैयार की गई है.

    विशेषज्ञों के इस अनुमान के मुताबिक़, यूक्रेन युद्ध में रूसी सैनिकों की वास्तविक मौतों की संख्या 5,27,295 से 6,44,471 के बीच हो सकती है.

  16. फ़लस्तीनी शरणार्थियों के लिए भारत ने दी 25 लाख अमेरिकी डॉलर की सहायता

    फ़लस्तीनी शरणार्थी
    इमेज कैप्शन, इस सहायता से फ़लस्तीनी शरणार्थियों को शिक्षा, स्वास्थ्य सेवाएं और राहत सहायता उपलब्ध कराने के प्रयासों को मज़बूती मिलेगी (फ़ाइल फ़ोटो)

    भारत सरकार ने फ़लस्तीनी शरणार्थियों के कल्याण और सहायता के लिए संयुक्त राष्ट्र की एजेंसी 'यूनाइटेड नेशंस रिलीफ़ एंड वर्क्स एजेंसी फ़ॉर फ़लिस्तीन रिफ्यूजीज़ इन द नियर ईस्ट' (यूएनआरडब्ल्यूए) को 25 लाख अमेरिकी डॉलर की वित्तीय सहायता दी है.

    यह वित्तीय सहायता वित्त वर्ष 2026-27 के लिए भारत की ओर से तय 50 लाख अमेरिकी डॉलर के वार्षिक योगदान का हिस्सा है.

    रामल्लाह स्थित रिप्रेज़ेंटेटिव ऑफ़िस ऑफ़ इंडिया के मुताबिक़, "भारत की ओर से दी गई यह आर्थिक सहायता यूएनआरडब्ल्यूए के बुनियादी कार्यक्रमों और सेवाओं को संचालित करने में इस्तेमाल की जाएगी."

    बयान में कहा गया कि इस सहायता से फ़लस्तीनी शरणार्थियों को शिक्षा, स्वास्थ्य सेवाएं और राहत सहायता उपलब्ध कराने के प्रयासों को मज़बूती मिलेगी.

    भारत की ओर से फ़लस्तीन में प्रतिनिधि महिमा सिकंद ने यूएनआरडब्ल्यूए के सीनियर फ़ाइनेंस असिस्टेंट ख़ालिद हिंडिया को यह वित्तीय सहायता सौंपी.

    इस दौरान उन्होंने फ़लस्तीनी शरणार्थियों की मदद के लिए मानवीय सहायता और दवाएं उपलब्ध कराने की भारत की प्रतिबद्धता भी जताई.

  17. अभी तक बीबीसी संवाददाता रौनक भैड़ा आप तक ख़बरें पहुंचा रहे थे. अब बीबीसी संवाददाता तेजस्वी सिंह रात दस बजे तक आप तक ख़बरें पहुंचाएंगे

    बीबीसी हिन्दी पर मौजूद कुछ अहम ख़बरों को आप उनके साथ दिए गए लिंक पर क्लिक कर पढ़ सकते हैं.

  18. उमर ख़ालिद और शरजील इमाम की ज़मानत याचिकाओं पर दिल्ली पुलिस को नोटिस

    उमर ख़ालिद
    इमेज कैप्शन, उमर ख़ालिद छह साल से अधिक समय से जेल में बंद हैं

    सुप्रीम कोर्ट ने दिल्ली दंगों से जुड़े मामले में अभियुक्त उमर ख़ालिद और शरजील इमाम की ज़मानत याचिकाओं पर बुधवार को दिल्ली पुलिस को नोटिस जारी किया.

    हालांकि, कोर्ट ने फ़िलहाल दोनों अभियुक्तों को अंतरिम ज़मानत देने की मांग पर विचार करने से इनकार कर दिया. इससे पहले दिल्ली हाईकोर्ट ने दोनों की ज़मानत याचिकाएं ख़ारिज कर दी थीं.

    लाइव लॉ के अनुसार, सुप्रीम कोर्ट में चीफ़ जस्टिस ऑफ़ इंडिया सूर्यकांत, जस्टिस जॉयमाल्य बागची और जस्टिस वी. मोहना की पीठ ने मामले की सुनवाई की.

    उमर ख़ालिद की ओर से पेश वरिष्ठ वकील कपिल सिब्बल ने अंतरिम ज़मानत की मांग करते हुए दलील दी कि उनके मुवक्किल छह साल से अधिक समय से हिरासत में हैं. वहीं, शरजील इमाम की ओर से वरिष्ठ वकील सिद्धार्थ दवे ने भी इसी तरह की मांग रखी.

    हालांकि, पीठ ने कहा कि अंतरिम राहत पर विचार करने से पहले वह प्रतिवादी यानी दिल्ली पुलिस का पक्ष सुनना चाहती है. जस्टिस बागची ने कहा, "आपने अंतरिम राहत की मांग की है. पहले इस पर जवाब आने दीजिए."

    इस पर सीजेआई ने स्पष्ट किया कि फ़िलहाल अंतरिम राहत नहीं दी जाएगी.

  19. जेनिफ़र बैरेटो बनीं मिस यूनिवर्स 2026, भारत की लिज़ मेजो टॉप 12 में पहुंचने से चूकीं

    जेनिफर बैरेटो
    इमेज कैप्शन, जेनिफर बैरेटो ने मिस यूनिवर्स-2026 का ख़िताब जीता

    प्यूर्तो रिको की जेनिफ़र बैरेटो ने मिस यूनिवर्स-2026 का ख़िताब जीत लिया है.

    सैन जुआन में आयोजित प्रतियोगिता के 75वें फ़िनाले में बुधवार को उन्हें विजेता घोषित किया गया.

    प्रतियोगिता में डोमिनिकन रिपब्लिक की मेलिसा नुनेज फ़र्स्ट रनर-अप रहीं, जबकि वेनेज़ुएला की क्लारा वेगास ने सेकेंड रनर-अप का स्थान हासिल किया.

    भारत की ओर से इस साल केरल की 19 वर्षीय काज़िया लिज़ मेजो ने प्रतियोगिता में हिस्सा लिया.

    काज़िया टॉप-30 में जगह बनाने में सफल रहीं, लेकिन टॉप-12 में पहुंचने से चूक गईं.

    काज़िया लिज़ मेजो
    इमेज कैप्शन, काज़िया लिज़ मेजो
  20. वैभव सूर्यवंशी ने दोहरा शतक लगाने के बाद युवराज सिंह का ज़िक्र करते हुए क्या बताया

    वैभव सूर्यवंशी
    इमेज कैप्शन, वैभव सूर्यवंशी ने बताया कि उन्होंने मैच से पहले क़रीब आधे घंटे तक पूर्व भारतीय क्रिकेटर युवराज सिंह से फ़ोन पर बात की थी (फ़ाइल फ़ोटो)

    भारत के युवा बल्लेबाज़ वैभव सूर्यवंशी ने मंगलवार को एशिया कप राइज़िंग स्टार्स में दोहरा शतक लगाकर इतिहास रच दिया.

    वैभव ने बताया कि मैच से पहले उनकी क़रीब आधे घंटे तक पूर्व भारतीय क्रिकेटर युवराज सिंह से फ़ोन पर बात हुई थी.

    बीसीसीआई की ओर से जारी एक वीडियो में वैभव ने बताया कि उन्होंने मैच से पहले चार लोगों से बात की थी. इनमें वैभव के पिता, बचपन के कोच मनीष ओझा, दोस्त प्रथम जाचक और युवराज सिंह शामिल हैं.

    वैभव ने बताया, "युवराज सर से मैंने क़रीब आधे घंटे तक बातचीत की. बैटिंग को लेकर कई चीज़ें मुझे बताई. मैंने उन्हें खुलकर बताया कि मुझे ये-ये प्रॉब्लम्स आ रही हैं. युवराज सर ने मुझसे इतना कहा था कि अगर 20 गेंद टिक गए तो स्कोर अलग ही होगा. उन्होंने और भी टेक्निकल चीज़ें बताईं."

    "ये आसान नहीं है. पिछले कुछ मैचों में रन नहीं बन पाए थे. इससे मेरा ध्यान थोड़ा भटक रहा था. फिर मैंने यूवी सर से बातचीत की, वो मेरे आइडियल हैं. उन्होंने मुझे कुछ पॉइंट्स बताए. बाद में मैंने पुराना वीडियो देखा तो समझ आया कि मैं कहां ग़लतियां कर रहा था. मैंने इस मैच में उन ग़लतियों को नहीं दोहराने की कोशिश की. युवराज सर की बताई चीज़ों को मैंने ट्राई किया, जिससे मुझे काफ़ी मदद मिली."

    वैभव सूर्यवंशी ने कहा, "पिछली दो पारियों में मैं लंबे फ़ॉर्मेट के हिसाब से खेल रहा था. आज भी उसी सोच के साथ मैदान पर उतरा था. जब गेंद बल्ले पर अच्छी तरह आने लगी तो मैंने शॉट खेलने की कोशिश की और उसी के अनुसार अपना खेल बदला."

    सूर्यवंशी ने कहा कि वे केवल एक फ़ॉर्मेट के खिलाड़ी नहीं हैं. उनके पास अलग-अलग फ़ॉर्मेट के अनुसार बैटिंग को बदलने की क्षमता है.