टी20 में ऑस्ट्रेलिया ने भारत को 31 रनों से हराया

इमेज स्रोत, Reuters
सिडनी में खेले गए टी20 मैच में ऑस्ट्रेलिया ने भारत को 31 रनों से हरा दिया है.
ऑस्ट्रेलिया के 172 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए भारतीय टीम बीस ओवरों में छह विकेट खोकर 140 रन ही बना पाई.
इससे पहले भारत ने टॉस जीतकर पहले फ़ील्डिंग करने का निर्णय किया.
ऑस्ट्रेलिया की तरफ़ से मैथ्यू वेड ने तीन छक्कों और पांच चौकों की सहायता से 72 रन बनाए. इसके अलावा डेविड हस्सी ने 42 और डेविड वार्नर ने 25 रन बनाए.
मैथ्यू वेड को अपनी इस पारी के लिए मैन ऑफ़ दे मैच का ख़िताब मिला.
भारतीय पारी शुरूआत ही काफ़ी ख़राब रही. विरेंदर सहवाग पहले ही ओवर में तीन रन बनाकर ब्रेट ली की गेंद पर आउट हो गए.
गौतम गंभीर थोड़ी देर क्रीज़ पर टिके लेकिन वो भी 20 रन बनाकर डेविड हस्सी की गेंद पर शॉन मार्श को कैच थमा बैठे.
भारत की तरफ़ कप्तान महेंद्र सिंह धोनी ही टिक कर खेल पाए. उन्होंने तीन छक्कों की मदद से 48 रन बनाए और वे अंत तक नाबाद रहे.
ऑस्ट्रेलिया के ब्रैड हॉग ने बढ़िया गेंदबाज़ी का प्रदर्शन करते हुए चार ओवरों में महज़ 21 रन दिए.
डेविड हस्सी ने दो ओवरों में दो रन देकर दो विकेट झटके.




























