पाकिस्तानी गेंदबाज़ों को शीर्ष रैंकिंग

प्रकाशित

अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट काउंसिल (आईसीसी) की ताज़ा एकदिवसीय रैंकिंग में पाकिस्तानी गेंदबाज़ शीर्ष के दो स्थानों पर काबिज़ हैं.

बांग्लादेश के साथ मंगलवार को ख़त्म हुई तीन मैच श्रृंखला में छह विकेट लेने वाले मोहम्मद हफ़ीज़ छह पायदान की छलांग लगाकर दूसरे स्थान पर पहुंच गए हैं.

पाकिस्तान के सईद अजमल 737 अंकों के साथ अब भी नंबर एक गेंदबाज़ बने हुए हैं. इसी श्रृंखला में उन्होंने 52 रन देकर चार विकेट लिए.

इतना ही नहीं, बांग्लादेश के ख़िलाफ़ सिरीज़ में बढ़िया बल्लेबाज़ी का भी फ़ायदा मोहम्मद हफ़ीज़ को मिला.

वे एकदिवसीय ऑलराउंडरों की सूची में एक पायदान ऊपर, दूसरे स्थान पर पहुंच गए हैं. इससे पहले ऑस्ट्रेलिया के शेन वॉटसन इस सूची में दूसरे स्थान पर मौजूद थे.

पाकिस्तान से 3-0 से हारने के बावजूद अपने बेहतरीन प्रर्दशन की बदौलत बांग्लादेश के शाक़िब अल हसन अब भी ऑलराउंडरों की सूची में पहले स्थान पर बरक़रार हैं. साथ ही वो गेंदबाज़ी रैंकिंग में तीन स्थान ऊपर चढ़कर सातवें नंबर पर पहुंच गए हैं.

भारत की बात करें तो आर अश्विन ने अपने करियर में पहली बार चोटी के बीस गेंदबाज़ों में जगह बनाई है.

वेस्टइंडीज़ के साथ मौजूदा श्रृंखला में अभी दो वनडे मैच बाकी हैं लेकिन पहले तीन मैचों में अपने प्रर्दशन के आधार पर अश्विन 18वीं पायदान पर पहुंच गए हैं.

बल्लेबाज़ों की ताज़ा आईसीसी वनडे रैंकिंग में पहले तीन स्थानों में कोई बदलाव नहीं है.

दक्षिण अफ़्रीका के हाशिम अमला पहले, उन्हीं की टीम के एबी डीविलियर्स दूसरे और इंग्लैंड के जॉनाथन ट्रॉट तीसरे पायदान पर मौजूद हैं.

रैंकिंग में चौथे स्थान पर दो भारतीय-महेंद्र सिंह धोनी और विराट कोहली- हैं. जहां धोनी की रैंकिंग एक स्थान कम हुई है, वहीं कोहली की रैंकिंग में एक पायदान का सुधार हुआ है.

भारत के रोहित शर्मा 21 पायदानों की छलांग लगाकर 35वें स्थान पर पहुंच गए हैं लेकिन गौतम गंभीर सात पायदान गिरकर दक्षिण अफ़्रीका के जेपी डुमिनी के साथ 19वें स्थान पर पहुंच गए हैं.