लुप्त हो रही है सिन्धी भाषा

सिंधी महिलाएं
इमेज कैप्शन, सिंधी भाषा का अस्तित्व धीरे-धीरे ख़त्म होता जा रहा है.
    • Author, नारायण बारेठ
    • पदनाम, बीबीसी संवाददाता, जयपुर
  • प्रकाशित

भारतीय उप महाद्वीप की प्राचीन और समृद्ध भाषा रही सिन्धी अपनों में ही बेगानी होती जा रही है जिसे लेकर भारत और पाकिस्तान में सिन्धी साहित्यकार, शिक्षक और सामाजिक कार्यकर्ता चिंतित है.

दरिया-ऐ-सिंध के साहिल पर जब कोई सिन्धी ज़बान में सूफ़ी संतो की वाणी को आवाज़ देता है, तो ऐसा लगता है जैसे इंसानियत एकाकार होकर अपने ख़ुदा की बन्दगी कर रही हो.

सिन्धी भाषा दरिया-ऐ-सिंध के संग संग चली है. ये भाषा युगों युगों तक लाखों धड़कनों और सांसो की सहचर और सहभागी बनी. इस भाषा ने लाखों लोगों के भावों को अभिव्यक्ति दी, लेकिन जब सियासत ने धरती को बांटा तो भूगोल के साथ ये भाषा भी आहत हुई.

जयपुर के राजेश असनानी पेशे से पत्रकार हैं और तीन पीढियों में बीच की कड़ी है. उनके पुरखे विभाजन के समय सिंध से भारत चले आए थे. असनानी कहते हैं कि नई पीढ़ी पुरखों की इस ज़बान से दूर होती जा रही है और ये उनके लिए चिंता की बात है.

मातिर भाषा

असनानी बताते हैं कि वो अपने पिता से हिंदी में बात करते हैं लेकिन अपनी मां से सिन्धी भाषा में वार्तालाप करते हैं. उनका कहना है कि शायद ये ही कारण है कि सिन्धी भाषा को मातिर भाषा कहते है.

असनानी कहतें हैं, “हमने अपनी भाषा को घर में सहेज कर रखा है. मेरी दो छोटी बेटियां हैं और हम ये सुनिश्चित करेंगे कि वे सिन्धी भाषा सीख सकें."

लेकिन नई पीढ़ी की बदलती प्राथमिकताओं पर असनानी ने चिंता जताई.

सिंधी महिला
इमेज कैप्शन, युवा पीढ़ी की सिंधी भाषा में रुचि कम होती जा रही है.

उन्होंने कहा, "दुख इस बात का है कि नई पीढ़ी को इस ज़बान से कोई लगाव नहीं है. सिन्धी विभाजन के बाद एक ग्लोबल बिरादरी बन गई. इस बिरादरी ने बाज़ार के गुर सीखे और व्यापार में बहुत प्रगति की, मगर भाषा उनके हाथ से जैसे फिसल गई है. एक पहलू ये भी है कि हिंदी ने इस समुदाय को अपने में इतना समाहित कर लिया कि वो हिंदी ही बोलने लगे. मगर हमें अपनी भाषा भी सलामत रखने की कोशिश करनी चाहिए.”

भाषा के जानकार कहते हैं कि संस्कृत और प्राकृत सिन्धी ज़बान की बुनियाद रही हैं और इन भाषाओं में एक लय और माधुरता है. लेकिन उनका कहना है कि जब ये भाषा व्यवहार से ही हट जाएगी, तब इसे कौन पूछेगा.

भारत में सिन्धी भाषा को प्रोत्साहन देने वाली राष्ट्रीय परिषद के उपाध्यक्ष श्रीकांत भाटिया ने बीबीसी से बातचीत में स्वीकार किया कि सिन्धी की हालत ठीक नहीं है.

उन्होंने कहा, “हमारी युवा पीढ़ी को सिन्धी गीत संगीत और खान पान तो अच्छा लगता है, मगर वे इस भाषा से परे हो गये है. हम उन्हें वापस लाने और इस चलन को मोड़ने का प्रयास कर रहे हैं. हमारी संस्था ने इसके लिए एक अभियान भी शुरू किया है.”

इतिहास में रुचि नहीं

बंटवारे ने जब इंसानी बस्तियों को अपनी जड़ों से बेदखल किया, तो इसमें नदी, नाले, इमारतें और दरख़्त तो वहीं रह गए, मगर ज़बान इंसान के साथ साथ चली आई.

विमी सदारंगानी गुजरात के आदिपुर में सिन्धी भाषा की शिक्षक हैं.

वे नई पीढ़ी के भाव पढ़कर कहती हैं, “देखिए मेरी बात कुछ और है. मुझे ऐसे लोगों से मिलने का मौका मिला जो सिन्धी भाषा से जुड़े़ थे. मेरी परवरिश भी ऐसे ही माहौल में हुई थी. जब मैं कक्षा में सिन्धी पढ़ाती हूँ, तो कहानी किस्सों में बच्चों की रूचि दिखती है, मगर जब सिंध और उसकी संस्कृति की बात आती है, तो बच्चो की आंखों में वो भाव नहीं आते जो हमारे बुजुर्गों की आँखों में तैरते हुए दिखते है. ”

पाकिस्तान के सूबे सिंध में शौकत सोरो सिन्धी अदब की दुनिया में अच्छा दखल रखते हैं.

वे कहते है, “दूसरी और तीसरी पीढ़ी इस ज़बान से दूर होती जा रही है. स्कूल में सिन्धी पढ़ने की बात तो छोड़ो, ये पीढ़ी तो घर में भी अपनी भाषा बोलने से ग़ुरेज़ करती है. भारत की तुलना में जो सिन्धी फार-इस्ट और इंग्लैंड जैसे देशों में रहते है, वो अपने घरों में धडल्ले से सिन्धी बोलते है. लेकिन भारत में तस्वीर निराशाजनक है.”

इटली के फ्लोरैंस में कारोबार करने वाले कुंदन वसधानी इसकी तायद करते हैं. वो कहते हैं, “इटली में हम घर में पूरी तरह सिन्धी में बात करते है. मगर भारत में मैं देखता हूं कि मेरे रिश्तेदार हिंदी या अंग्रेज़ी में ज़्यादा बात करते है.”

उधर पौलैंड में रहने वाले चेतन असनानी कहते हैं कि विदेश में अपनी ज़बान और उसकी मिठास दिल को बहुत सकून देती है.

इतिहास ने वो लम्हे देखे हैं जब इंसानियत दरबदर हुई, जब नई बस्तियां बनीं और इंसान को बसेरा दिया. लेकिन एक भाषा के लिए तो इंसान की धड़कन ,सांस और अहसास ही ठिकाना होते हैं. पर क्या सिन्धी समाज की नई पीढ़ी पुरखो की इस ज़बान को अपनी सांसो में जगह देगी?