लाइव , बीजेपी में शामिल होते ही युजवेंद्र चहल को मिली ये ज़िम्मेदारी

बीजेपी में शामिल होने के बाद युजवेंद्र चहल ने एक्स पर पोस्ट कर आभार प्रकट किया.

लाइव कवरेज

तेजस्वी सिंह, अरशद मिसाल

  1. बीजेपी में शामिल होते ही युजवेंद्र चहल को मिली ये ज़िम्मेदारी

    क्रिकेटर युजवेंद्र चहल
    इमेज कैप्शन, क्रिकेटर युजवेंद्र चहल (फ़ाइल फ़ोटो)

    क्रिकेटर युजवेंद्र चहल ने बीजेपी की सदस्यता ग्रहण कर ली है.

    पार्टी में शामिल होने के तुरंत बाद उन्हें बीजेपी के नए राष्ट्रीय ओबीसी मोर्चा की कार्यकारिणी समिति में विशेष आमंत्रित सदस्य (स्पेशल इनवाइटी) बनाया गया है.

    उन्हें यह ज़िम्मेदारी बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने सौंपी है. इससे पहले युजवेंद्र चहल ने ओबीसी मोर्चा के अध्यक्ष अमरपाल मौर्य से मुलाक़ात की थी.

    बीजेपी में शामिल होने के बाद चहल ने एक्स पर पोस्ट कर आभार प्रकट किया.

    उन्होंने एक्स पर लिखा, "बीजेपी परिवार में मुझे स्थान और मान-सम्मान देने के लिए आदरणीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी, आदरणीय गृहमंत्री श्री अमित शाह जी, बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन जी और ओबीसी मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमरपाल मौर्य जी का हार्दिक आभार प्रकट करता हूं."

    अमरपाल मौर्य के हस्ताक्षर वाली सूची में राष्ट्रीय कार्यकारिणी के लिए दो और विशेष आमंत्रित सदस्यों के नाम भी शामिल हैं. इनमें ओडिशा के प्रोफ़ेसर अद्वैत चरण गड़नायक और उत्तर प्रदेश की अधिवक्ता सीमा समृद्धि कुशवाहा शामिल हैं.

    युजवेंद्र चहल ने 2 अक्तूबर 2026 को फर्स्ट-क्लास (रेड-बॉल) क्रिकेट से संन्यास का एलान किया था.

    फ़िलहाल वह आईपीएल में पंजाब किंग्स की टीम का हिस्सा हैं.

  2. अब इस लाइव पेज को विराम देने का वक़्त आ गया है. मुझे यानी बीबीसी संवाददाता अरशद मिसाल को दीजिए इजाज़त. कल सुबह एक नए लाइव पेज के साथ हम फिर हाज़िर होंगे.

    बीबीसी न्यूज़ हिन्दी की वेबसाइट पर मौजूद कुछ अहम ख़बरों को पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें.

  3. ईरान के एफ़-16 लड़ाकू विमान को निशाना बनाने के दावे पर अमेरिका ने क्या कहा

    सांकेतिक तस्वीर

    अमेरिकी सेना की सेंट्रल कमान (सेंटकॉम) ने ईरान के उस दावे को ख़ारिज किया है, जिसमें कहा गया था कि फ़ारस की खाड़ी के ऊपर एक अमेरिकी एफ-16 लड़ाकू विमान को मिसाइल से निशाना बनाया गया और उसे नुक़सान पहुंचा.

    सेंटकॉम ने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर लिखा कि शुक्रवार को ईरान ने किसी भी अमेरिकी एफ-16 लड़ाकू विमान पर हमला नहीं किया.

    सेंटकॉम ने कहा, "मध्य पूर्व में अमेरिका के सभी लड़ाकू विमान पूरी तरह सुरक्षित हैं."

    इससे पहले ईरानी सेना ने दावा किया था कि शुक्रवार शाम उसके एयर डिफ़ेंस सिस्टम ने एक अमेरिकी एफ-16 विमान की ओर मिसाइल दागी थी.

    ईरान के मुताबिक़, मिसाइल हमले में विमान को नुक़सान पहुंचा और उसे एक अमेरिकी एयरबेस पर इमरजेंसी लैंडिंग करनी पड़ी.

  4. राजस्थान: बीजेपी प्रत्याशी की हार के बाद गांवों से स्ट्रीट लाइटें हटाने पर विवाद, मोहर सिंह मीणा, जयपुर से बीबीसी न्यूज़ हिन्दी के लिए

    स्ट्रीट लाइट
    इमेज कैप्शन, इलेक्ट्रिक पोल से स्ट्रीट लाइटें हटाते कर्मचारी

    राजस्थान के टोंक ज़िले की पीपलू पंचायत समिति के वार्ड नंबर दो से सदस्य पद के लिए बीजेपी प्रत्याशी प्रियंका शर्मा ने चुनाव प्रचार के दौरान कुछ गांवों में स्ट्रीट लाइटें लगवाईं.

    लेकिन, बीते शुक्रवार को चुनाव नतीजों में उनकी हार के बाद लाइटें उतरवाने की प्रक्रिया भी शुरू हो गई.

    लाइटें उतरवाने के वीडियो सोशल मीडिया पर ख़ूब वायरल हो रहे हैं.

    बीजेपी प्रत्याशी प्रियंका शर्मा ने बीबीसी से फ़ोन पर कहा, "ये लाइटें न मैंने लगवाई हैं और न ही मैंने हटवाई हैं. ये लाइटें मेरे साथ प्रचार कर रहे बीजेपी समर्थक भामाशाहों ने दी थीं. ग्रामीणों ने ख़ुद इन्हें लगवाया था. जानकारी मिल रही है कि बिजली विभाग लाइटें उतरवा रहा है."

    एक स्थानीय शख़्स ने नाम न छापने की शर्त पर बीबीसी से कहा, "प्रियंका शर्मा ने चुनाव प्रचार के दौरान ख़ुद ही ये लाइटें लगवाई थीं. नतीजों में उनकी हार के कुछ ही घंटे बाद बिजली विभाग की गाड़ी आई और लाइटें उतारकर ले गई. हमने विरोध भी किया, लेकिन उन्होंने हमारी कोई बात नहीं सुनी."

    प्रियंका शर्मा के पति आलोक मिश्रा राज्य सरकार के शिक्षा विभाग में शिक्षक हैं. हालांकि वह निवाई से बीजेपी विधायक रामसहाय वर्मा के पीए के तौर पर भी काम करते हैं.

    आलोक मिश्रा ने बीबीसी से फ़ोन पर कहा, "सरकारी सेवा में होने के कारण मैं उनके प्रचार में नहीं गया था. कुछ भामाशाहों ने ही ये लाइटें लगवाई थीं."

    उन्होंने यह भी बताया कि उनके पिता कई साल से बीजेपी संगठन से जुड़े हुए हैं, इसलिए वह कई बार स्थानीय विधायक के कार्यालय का काम देखते हैं.

    बीबीसी ने बीजेपी विधायक रामसहाय वर्मा से पूछा कि क्या उनके पीए आलोक मिश्रा की पत्नी प्रियंका शर्मा ने चुनाव प्रचार के दौरान लाइटें लगवाई थीं और हारने के बाद उन्हें उतरवा लिया?

    इस पर विधायक ने फ़ोन पर बताया, "बगड़ी, रानौली समेत चार से पांच गांवों में चुनाव लड़ने वाले प्रत्याशियों ने लाइटें लगवाई थीं. हमने उन्हें कहा भी था कि अगर आप अभी लाइटें लगवाएंगे तो बिजली का बिल भी आपको भरना होगा."

    विधायक ने आगे बताया, "मेरे पास बिजली विभाग के एग्जीक्यूटिव इंजीनियर का फ़ोन आया था कि इन लाइटों का बिजली बिल कौन भरेगा? इनका कनेक्शन किसी ने नहीं लिया है. इस पर मैंने उनसे कहा कि प्रत्याशियों से बात करो, लेकिन प्रत्याशियों ने मना कर दिया."

    रामसहाय वर्मा ने कहा, " एग्जीक्यूटिव इंजीनियर ने मुझे बताया कि प्रत्याशियों ने मना कर दिया है, तो मैंने कहा कि लाइटें हटा दो."

    इस मामले में पीपलू इलाके के एईएन गोवर्धन से फ़ोन पर संपर्क करने की कोशिश की गई, लेकिन ख़बर लिखे जाने तक उनसे संपर्क नहीं हो सका. उनका पक्ष मिलने पर ख़बर में जोड़ा जाएगा.

  5. कश्मीर में भर्ती परीक्षा में कथित धांधली के ख़िलाफ़ प्रदर्शन, पूर्व सांसद आगा रुहुल्लाह भी हुए शामिल, जहांगीर अली, श्रीनगर से बीबीसी संवाददाता

    धरने पर बैठे अभ्यर्थी
    इमेज कैप्शन, प्रदर्शनकारियों के समर्थन में पूर्व लोकसभा सांसद आगा सैयद रुहुल्लाह भी धरनास्थल पर पहुंच गए

    जम्मू-कश्मीर में सरकारी नौकरियों की भर्ती परीक्षाओं में कथित गड़बड़ियों के ख़िलाफ़ श्रीनगर में प्रदर्शन कर रहे अभ्यर्थियों को पूर्व लोकसभा सांसद आगा सैयद रुहुल्लाह का समर्थन मिला है.

    शनिवार को वह प्रदर्शन कर रहे अभ्यर्थियों के साथ धरने पर बैठे.

    शनिवार को कई युवा अभ्यर्थियों ने श्रीनगर के शेर-ए-कश्मीर पार्क में धरना दिया. यह प्रदर्शन जम्मू-कश्मीर पुलिस के उस दावे के बाद शुरू हुआ, जिसमें पुलिस ने रविवार को हुई फ़ाइनेंस अकाउंट्स असिस्टेंट भर्ती परीक्षा में बड़े घोटाले का पर्दाफ़ाश करने की बात कही थी.

    यह परीक्षा सरकारी भर्ती एजेंसी जम्मू-कश्मीर सर्विस सिलेक्शन बोर्ड ने आयोजित की थी.

    शनिवार शाम रुहुल्लाह के कार्यालय ने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर पोस्ट कर कहा कि पूर्व सांसद अभ्यर्थियों के साथ तब तक खड़े रहेंगे, जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं हो जातीं.

    पोस्ट में कहा गया, "जब तक जवाब नहीं मिलते, हम घर नहीं जाएंगे. धरना तभी ख़त्म होगा, जब उनकी मांगें पूरी होंगी."

    पुलिस के मुताबिक़, कथित धांधली के मामले में कम से कम 14 लोगों को गिरफ़्तार किया गया है. आरोप है कि जम्मू क्षेत्र के अलग-अलग परीक्षा केंद्रों पर कुछ अभ्यर्थियों ने मोबाइल फ़ोन और छोटे वायरलेस चिप के ज़रिए नकल करने की कोशिश की थी.

    हालांकि, परीक्षा अब तक रद्द नहीं की गई है. कुछ अभ्यर्थियों की मांग है कि परीक्षा दोबारा कराई जाए. प्रदर्शनकारी स्टूडेंट्स ने मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला की भी आलोचना की और आरोप लगाया कि उनकी सरकार परीक्षा में ऐसी गड़बड़ियां रोकने में नाकाम रही है.

    इससे पहले, पूर्व मुख्यमंत्री और पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी की अध्यक्ष महबूबा मुफ़्ती ने भी अभ्यर्थियों का समर्थन किया था. उन्होंने सरकार से परीक्षा व्यवस्था को दुरुस्त करने की मांग की.

    ग़ौरतलब है कि 2019 में अनुच्छेद 370 के प्रावधानों को निष्प्रभावी किए जाने के बाद से 2024 तक जम्मू-कश्मीर का प्रशासन सीधे केंद्र सरकार के अधीन था.

    इस दौरान सरकारी विभागों में ख़ाली पदों को भरने के लिए हुई कई भर्ती परीक्षाओं में गड़बड़ी के आरोप लगे हैं.

  6. ईरान का दावा- अमेरेिकी एफ़-16 लड़ाकू विमान को मिसाइल से निशाना बनाया

    सांकेतक तस्वीर
    इमेज कैप्शन, सांकेतक तस्वीर

    ईरान की सरकारी समाचार एजेंसी आईआरएनए के मुताबिक़, ईरानी सेना ने दावा किया है कि उसके एयर डिफ़ेंस सिस्टम ने फ़ारस की खाड़ी में एक अमेरिकी एफ़-16 लड़ाकू विमान को मिसाइल से निशाना बनाया और उसे नुक़सान पहुंचाया.

    इसके बाद विमान ने क्षेत्र में मौजूद एक अमेरिकी एयरबेस पर इमरजेंसी लैंडिंग की.

    ईरानी सेना के मुताबिक़, यह घटना शुक्रवार शाम ईरान के दक्षिणी तट के पास हुई. सेना का कहना है कि उसके एयर डिफ़ेंस सिस्टम ने अमेरिकी विमान की पहचान करने के बाद उसे रोकने के लिए मिसाइल दागी.

    आईआरएनए के मुताबिक़, ईरानी सेना ने दावा किया है कि अमेरिका और इसराइल की ओर से युद्ध शुरू किए जाने के बाद से ईरान की सेना कई अमेरिकी लड़ाकू विमानों को तबाह कर चुकी है. इनमें एफ़-35, एफ़-16 और एफ़-15 विमान शामिल हैं.

    ईरानी सेना ने यह भी दावा किया कि उसके एयर डिफ़ेंस सिस्टम ने दुश्मन के कई जासूसी और लड़ाकू ड्रोन को निशाना बनाकर मार गिराया है. इनमें से कुछ ड्रोन को सही-सलामत अपने क़ब्ज़े में लेने की बात भी कही गई है.

  7. दिल्ली पुलिस ने किस मामले में नेहा बोरा की ज़मानत रद्द करने की अर्जी दी, आइसा ने क्या कहा

    नेहा बोरा
    इमेज कैप्शन, आइसा की राष्ट्रीय अध्यक्ष नेहा बोरा (फ़ाइल फ़ोटो)

    ऑल इंडिया स्टूडेंट्स एसोसिएशन (आइसा) ने कहा है कि दिल्ली पुलिस ने आइसा की अध्यक्ष नेहा बोरा की ज़मानत रद्द करने के लिए पटियाला हाउस कोर्ट में अर्जी दाख़िल की है.

    आइसा के मुताबिक़, यह मामला जेएनयू में यूजीसी की इक्विटी गाइडलाइंस लागू करने की मांग को लेकर हुए आंदोलन से जुड़ा है.

    आइसा ने प्रेस रिलीज़ में बताया कि 20 नवंबर की शाम नेहा को अदालत में पेश होने का नोटिस दिया गया था. हालांकि, पुलिस ने उन्हें ज़मानत रद्द करने की अर्जी की कॉपी नहीं दी.

    आइसा ने बताया, ''शनिवार को नेहा अपनी कानूनी टीम के साथ अदालत में पेश हुईं, जहां उन्हें अर्जी की कॉपी दी गई. अब इस मामले में जवाब दाख़िल करने के लिए दिसंबर 2026 की तारीख़ तय की गई है.''

    आइसा के मुताबिक़, ''नेहा और जेएनयू के 13 अन्य स्टूडेंट्स, एक्टिविस्ट और छात्र संघ के पदाधिकारियों को इस साल फ़रवरी में गिरफ़्तार किया गया था.''

    बाद में सभी 14 लोगों को ज़मानत पर रिहा कर दिया गया था.

    आइसा ने पुलिस की कार्रवाई को एसआईआर के ख़िलाफ़ आवाज़ उठाने वालों को डराने की कोशिश बताया है.

    संगठन ने कहा, "एसआईआर और मज़बूत यूजीसी इक्विटी गाइडलाइंस लागू करने की मांग को लेकर उसका आंदोलन जारी रहेगा.''

  8. सऊदी गठबंधन ने यमन में कई इलाक़ों पर किए हमले, एक नागरिक की मौत दावा

    हूती विद्रोही
    इमेज कैप्शन, सांकेतिक तस्वीर

    यमन के हूती विद्रोहियों का कहना है कि सऊदी अरब के नेतृत्व वाले सैन्य गठबंधन ने उनके नियंत्रण वाले कई इलाक़ों पर हमले किए हैं.

    बीबीसी न्यूज़ फ़ारसी के मुताबिक़, हूती विद्रोहियों से जुड़े मीडिया ने बताया कि सऊदी नेतृत्व वाले गठबंधन ने सादा प्रांत के हैदान इलाक़े और ताइज़ प्रांत के अल-शमायतिन और अल-मुवासित ज़िलों के कई इलाक़ों को निशाना बनाया.

    हूती विद्रोहियों ने यह भी दावा किया कि हज्जा प्रांत के मुस्तबा इलाक़े में हुए हमले में एक आम नागरिक की मौत हो गई और दो अन्य लोग घायल हो गए.

    सऊदी नेतृत्व वाले गठबंधन की ओर से इन हमलों पर अभी कोई बयान नहीं आया है. हालांकि, ये हमले ऐसे समय में हुए हैं जब यमन में तनाव बना हुआ है. हूती विद्रोही हाल के हफ़्तों में सऊदी अरब और लाल सागर में कई ठिकानों पर हमले करने की धमकी दे चुके हैं.

  9. पाकिस्तान: अदियाला जेल में इमरान ख़ान और उनकी पत्नी बुशरा बीबी की मुलाक़ात

    इमरान ख़ान और बुशरा बीबी
    इमेज कैप्शन, पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान ख़ान और उनकी पत्नी बुशरा बीबी (फ़ाइल फ़ोटो)

    इमरान ख़ान और उनकी पत्नी की अलग-अलग मेडिकल जांच कराए जाने के बाद उनकी जेल में मुलाक़ात कराए जाने का दावा किया गया है.

    बीबीसी न्यूज़ उर्दू के संवाददाता शहज़ाद मलिक के मुताबिक़, रावलपिंडी की अदियाला जेल प्रशासन ने बयान में कहा कि शनिवार को पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान ख़ान और उनकी पत्नी बुशरा बीबी के बीच मुलाक़ात कराई गई.

    जेल अधिकारियों के मुताबिक़, यह मुलाक़ात जेल के कॉन्फ्रेंस रूम में हुई. करीब 30 मिनट की मुलाक़ात के बाद दोनों को उनके अलग-अलग सेल में भेज दिया गया.

    इमरान ख़ान की मेडिकल जांच होने के बाद दोनों के बीच यह पहली मुलाक़ात है.

    इससे पहले इमरान ख़ान और बुशरा बीबी के लिए बनाई गई विशेष मेडिकल टीम के प्रमुख डॉक्टर आरिफ़ अदियाला जेल पहुंचे थे.

    जेल अधिकारियों के मुताबिक़, डॉक्टर ने इमरान ख़ान और बुशरा बीबी के ब्लड प्रेशर और आंखों की जांच की. डॉक्टर आरिफ़ को जेल अस्पताल के मेडिकल स्टाफ़ ने जांच में मदद दी.

  10. अग्निवीर योजना को लेकर अखिलेश यादव ने दिया ये बयान

    अखिलेश यादव
    इमेज कैप्शन, पत्रकारों को संबोधित करते सपा प्रमुख अखिलेश यादव

    समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा है कि उनकी पार्टी को जब भी मौका मिलेगा, वह अग्निवीर जैसी योजनाओं को हमेशा के लिए ख़त्म कर देगी.

    अखिलेश यादव ने यह भी कहा कि उनकी पार्टी उत्तर प्रदेश के उन प्रशासनिक अधिकारियों के ख़िलाफ़ चुनाव आयोग को पत्र लिखेगी, जो उनके आरोप के मुताबिक़ लगातार सत्ताधारी पार्टी के लिए काम कर रहे हैं.

    उन्होंने बताया कि इस पत्र पर पार्टी के विधायकों और सांसदों के हस्ताक्षर भी होंगे.

    पत्रकारों से बात करते हुए अखिलेश यादव ने कहा, "मैं कहना चाहता हूं कि समाजवादियों को जब भी मौका मिलेगा, वे अग्निवीर जैसी व्यवस्था को हमेशा के लिए ख़त्म कर देंगे."

    ग़ौरतलब है कि इस महीने की शुरुआत में केंद्रीय मंत्रिमंडल ने अग्निपथ योजना में बदलाव किया था.

    इसके तहत चार साल की शुरुआती सेवा पूरी करने के बाद 25 फ़ीसदी अग्निवीरों को मेरिट के आधार पर नियमित सशस्त्र बलों में शामिल किया जाएगा.

    वहीं, बाकी 75 फ़ीसदी अग्निवीरों को अपनी इच्छा से दो साल और सेवा करने का विकल्प दिया गया है.

    चुनाव आयोग को अफ़सरों की शिकायत भेजेंगे

    बीजेपी पर निशाना साधते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि जनता चुनाव की तारीख़ों के एलान का इंतज़ार कर रही है.

    उन्होंने कहा, "बीजेपी के लोग सरकार में बैठे हैं और तैयारी कर रहे हैं. उन्हें पता है कि इस बार जनता उन्हें हरा देगी. सच यह है कि जिस दिन चुनाव की तारीख़ का एलान होगा, उसी दिन बीजेपी हार जाएगी. जनता बस उस तारीख़ का इंतज़ार कर रही है."

    अखिलेश यादव ने बताया कि उनकी पार्टी ने चुनाव आयोग को शिकायत भेजने के लिए विधायकों और सांसदों के हस्ताक्षर जुटा लिए हैं.

    उन्होंने कहा, "हमारे सभी विधायकों, विधान परिषद सदस्यों, राज्यसभा और लोकसभा सांसदों के हस्ताक्षर हमारे पास हैं. इन सभी जनप्रतिनिधियों के हस्ताक्षर के साथ, एक उदाहरण देते हुए हम चुनाव आयोग को उन अधिकारियों के बारे में पत्र लिखेंगे, जो पिछले दस साल से लगातार भारतीय जनता पार्टी के लिए काम कर रहे हैं."

  11. यूपी में वोटर लिस्ट से 1.27 करोड़ नाम हटाने के दावे की जांच करेगा आयोग, सीएम योगी से मांगे सबूत, इमरान क़ुरैशी, बीबीसी न्यूज़ हिन्दी के लिए

    यूपी की महिला वोटर्स

    विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) पर गठित स्वतंत्र आयोग ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से उनके उस दावे के समर्थन में सबूत मांगे हैं, जिसमें उन्होंने कहा था कि राज्य में मतदाता सूची से 1.27 करोड़ वोटरों के नाम हटा दिए गए हैं.

    जस्टिस मदन बी लोकुर की अध्यक्षता वाले इस आयोग में सुप्रीम कोर्ट और हाई कोर्ट के कई पूर्व जज शामिल हैं.

    आयोग ने कहा है, "हम अपने अंतिम निष्कर्ष पर पहुंचने के लिए मिले सबूतों की पूरी स्वतंत्रता और निष्पक्षता के साथ जांच करेंगे."

    मुख्यमंत्री को भेजे गए पत्र में आयोग ने कहा, "आयोग आपसे अनुरोध करता है कि ऐसे दस्तावेज़, ठोस आंकड़े या कोई भी ऐसी जानकारी उपलब्ध कराएं, जिससे पता चल सके कि एसआईआर की प्रक्रिया में क्या कमियां थीं और क्या उन्हीं के कारण कथित तौर पर इतने वोटरों के नाम हटाए गए."

    आयोग ने कहा कि आने वाले चुनावों और लाखों मतदाताओं के वोट देने के अधिकार से जुड़े इस मामले में जल्द कार्रवाई ज़रूरी है.

    इसलिए आयोग सीमित समय में काम कर रहा है और उसे उम्मीद है कि मुख्यमंत्री जल्द से जल्द ज़रूरी दस्तावेज़ और जानकारी उपलब्ध कराएंगे.

    इस आयोग के अन्य सदस्यों में सुप्रीम कोर्ट के पूर्व जज जस्टिस एके पटनायक, जम्मू-कश्मीर हाई कोर्ट के पूर्व जज जस्टिस बदर दुर्रेज़ अहमद, दिल्ली हाई कोर्ट की पूर्व जज जस्टिस रेखा शर्मा और पटना हाई कोर्ट की पूर्व जज जस्टिस अंजना प्रकाश शामिल हैं.

    इस आयोग का गठन सिविल सोसाइटी की पहल के तहत किया गया है. इसकी शुरुआत लॉयर्स एसोसिएशन फॉर कॉन्स्टिट्यूशन (एलएएफ़सी) ने की है.

    इसका मक़सद चुनाव आयोग की ओर से कराए जा रहे मतदाता सूची के एसआईआर की रूपरेखा, इसे लागू करने के तरीक़े और इसके असर को लेकर लोगों की चिंताओं की जांच करना है.

    आयोग ने कहा कि उसकी ख़ास दिलचस्पी यह जांचने में है कि एसआईआर के बाद तैयार की गई मतदाता सूची की विश्वसनीयता बनी हुई है या नहीं.

    इसके लिए वह यह देखना चाहता है कि कहीं योग्य मतदाताओं के नाम ग़लत तरीक़े से तो नहीं हटाए गए.

    आयोग के मुताबिक़, वह इस मामले की जांच के लिए सार्वजनिक सुनवाई, ज़मीनी और आंकड़ों पर आधारित रिसर्च के साथ-साथ दूसरे ऐसे सबूतों का सहारा लेगा, जिनकी पुष्टि की जा सकती है.

  12. सोनम वांगचुक ने अपनी नज़रबंदी ख़त्म होने का दावा किया, प्रशासन के बयान पर उठाए सवाल

    सोनम वांगचुक
    इमेज कैप्शन, सोनम वांगचुक ने शनिवार को एक्स पर लिखा कि उन्हें लगता है कि आज दिवाली है(फ़ाइल फ़ोटो)

    जलवायु कार्यकर्ता सोनम वांगचुक ने शनिवार को दावा किया कि लद्दाख प्रशासन ने उनके घर के बाहर तैनात सुरक्षा बलों को हटा लिया है.

    12 नवंबर को सोशल मीडिया पर पोस्ट कर जानकारी दी थी कि उन्हें हाउस अरेस्ट में रखा गया था.

    वांगचुक ने शनिवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा कि उन्हें लगता है कि आज दिवाली है.

    उनके मुताबिक़, यह झूठ पर सच और प्रशासन की मनमानी पर न्याय की जीत है.

    वांगचुक ने लिखा, "मेरे घर में नज़रबंदी के मामले को लेह स्थित हाई कोर्ट की बेंच में चुनौती दी गई थी. इसके बाद प्रशासन ने एक बार फिर सोमवार तक का समय मांगा. शुक्रवार रात लद्दाख प्रशासन ने चुपचाप हमारे घर के बाहर तैनात सभी सुरक्षाकर्मियों को हटा लिया."

    हालांकि, वांगचुक ने प्रशासन के उस बयान पर हैरानी जताई जिसमें कहा गया है कि उन्हें घर में नज़रबंद नहीं किया गया था. उन्होंने इसे अपने बुनियादी अधिकारों का खुलेआम हनन बताया.

    वांगचुक ने अपने पोस्ट में यह भी कहा कि यह उनके साथ पहले हुई घटना की तरह है, जब राष्ट्रीय सुरक्षा कानून (एनएसए) के तहत उन्हें जोधपुर जेल भेजा गया था.

    उनके मुताबिक़, उस समय भी पहले आदेश जारी किए गए और अदालत में चुनौती मिलने के बाद उन्हें वापस ले लिया गया.

  13. होर्मुज़ स्ट्रेट से बाहर निकलते वक़्त दो तेल टैंकरों पर प्रोजेक्टाइल से हमला

    स्ट्रेट ऑफ़ होर्मुज़
    इमेज कैप्शन, सांकेतिक तस्वीर

    ब्रिटिश एजेंसी यूके मैरिटाइम ट्रेड ऑपरेशंस (यूकेएमटीओ) ने बताया है कि होर्मुज़ स्ट्रेट से बाहर निकलते समय दो तेल टैंकर पर 'अज्ञात प्रोजेक्टाइल' से हमला हुआ.

    बीबीसी फ़ारसी ने इस एजेंसी के हवाले से बताया है कि पहली घटना ओमान के ख़सब इलाक़े से 20 किलोमीटर उत्तर में हुई.

    वहीं दूसरी घटना ख़सब से करीब 31 किलोमीटर पूरब में हुई.

    ब्रिटेन की इस समुद्री एजेंसी ने कहा कि इस घटना में किसी के घायल होने की ख़बर नहीं है, लेकिन पर्यावरण पर इसके असर का अभी पता नहीं चल पाया है.

  14. अमित शाह ने सियांग डैम परियोजना को लेकर अरुणाचल के लोगों से क्या कहा?

    अमित शाह
    इमेज कैप्शन, अमित शाह ने कहा कि वह अरुणाचल प्रदेश की स्थानीय संस्कृति का बहुत सम्मान करते हैं

    केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने शनिवार को अरुणाचल प्रदेश की राजधानी ईटानगर में सियांग डैम परियोजना पर प्रतिक्रिया दी.

    उन्होंने कहा कि मीडिया के जरिये सियांग के भाई-बहनों की भावनाओं और चिंताओं के बारे में पता चला है.

    उन्होंने कहा, "सियांग परियोजना अरुणाचल प्रदेश के विकास, देश की ऊर्जा सुरक्षा, राज्य के बजट और आय, साथ ही सामरिक हितों के लिहाज़ से बेहद अहम राष्ट्रीय परियोजना है."

    "इस मामले में मैं सियांग के अपने भाई-बहनों को विश्वास दिलाना चाहता हूं कि हम आपके साथ सकारात्मक और रचनात्मक बातचीत करेंगे. हम आपको भरोसे में लेंगे और बातचीत के ज़रिए ही आगे का रास्ता निकाला जाएगा."

    अमित शाह ने कहा कि वह अरुणाचल प्रदेश की स्थानीय संस्कृति का बहुत सम्मान करते हैं. उन्होंने भरोसा दिलाया कि संस्कृति को बिना कोई नुक़सान पहुंचाए आगे का रास्ता निकाला जाएगा.

    दरअसल, सियांग नदी पर प्रस्तावित 11,200 मेगावाट के "सियांग अपर मल्टीपर्पज़ प्रोजेक्ट" का स्थानीय जनजातियां विरोध कर रही हैं.

    उन्हें डर है कि इस परियोजना के जलाशय में उनके गांव डूब सकते हैं और नदी के साथ उनके गहरे रिश्ते टूट सकते हैं.

  15. राजस्थानः पंचायती राज चुनाव में बीजेपी के दिग्गज नेताओं के क्षेत्रों में कांग्रेस ने दर्ज की जीत, मोहर सिंह मीणा, जयपुर से बीबीसी न्यूज़ हिन्दी के लिए

    कांग्रेस
    इमेज कैप्शन, राज्य में भाजपा सरकार के मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा के गृह ज़िले भरतपुर में कांग्रेस ने जीत दर्ज की है (सांकेतिक तस्वीर)

    राजस्थान में हुए ज़िला परिषद और पंचायत समिति के चुनावों के परिणाम शुक्रवार को जारी हुए हैं.

    41 ज़िला परिषदों में से 37 के नतीजों में कांग्रेस ने बीजेपी को शिकस्त दी है.

    चार ज़िला परिषदों के चुनावों की मतगणना 17 दिसंबर को होगी.

    चुनावी परिणाम के बाद कांग्रेस इसे 2028 में होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले जनता की पसंद बता रही है.

    वहीं, बीजेपी ने अपनी हार स्वीकार करते हुए हार के कारणों पर मंथन करने की बात कही है.

    ख़ास बात यह है कि बीजेपी के दिग्गज नेताओं के क्षेत्रों में पार्टी को हार का सामना करना पड़ा है.

    राज्य में तीन साल से बीजेपी की सरकार होने के बाद इन नतीजों ने पार्टी को मंथन करने पर मजबूर ज़रूर कर दिया है.

    राज्य में के मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा के गृह ज़िले भरतपुर में कांग्रेस ने जीत दर्ज की है.

    वहीं, सीएम के विधानसभा क्षेत्र सांगानेर में राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी (आरएलपी) ने जीत दर्ज कर राजनीतिक हलकों में नई चर्चा छेड़ दी है.

    बीजेपी के कैबिनेट मंत्री झाबर सिंह खर्रा की पत्नी, बेटों समेत परिवार के चार सदस्यों को हार का सामना करना पड़ा है.

    चिकित्सा मंत्री गजेंद्र सिंह खींवसर के विधानसभा क्षेत्र की लोहावट पंचायत समिति में बीजेपी का एक भी प्रत्याशी नहीं जीता है.

    कैबिनेट मंत्री डॉ. किरोड़ी लाल मीणा के विधानसभा क्षेत्र सवाई माधोपुर में 23 वार्डों में से बीजेपी सिर्फ़ छह पर जीत दर्ज कर सकी है.

    मंत्री बाबू लाल खराड़ी के क्षेत्र में 15 में से बीजेपी पांच वार्ड जीत सकी है. कैबिनेट मंत्री राज्यवर्धन सिंह राठौड़ के विधानसभा क्षेत्र में 15 में से बीजेपी को सिर्फ़ एक वार्ड में जीत मिली है.

    परिणामों पर राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर धन्यवाद देते हुए कहा है कि पंचायत चुनाव में आपने कांग्रेस पर जो भरोसा जताया है, वो अब हमारी ज़िम्मेदारी है.

    उन्होंने बीजेपी को घेरते हुए कहा, "ये जवाब बीजेपी की अपनी सरकार वाले राज्य से आया है, सीधे डबल इंजन को."

    उन्होंने कहा कि ये सिर्फ़ राजस्थान का जनादेश नहीं है, देश के हर गांव की आवाज़ है.

  16. अभी तक बीबीसी संवाददाता तेजस्वी सिंह आप तक ख़बरें पहुंचा रहे थे. अब बीबीसी संवाददाता अरशद मिसाल रात दस बजे तक आपतक ख़बरें पहुंचाएंगे.

    बीबीसी हिन्दी पर मौजूद कुछ अहम ख़बरों को आप उनके साथ दिए गए लिंक पर क्लिक कर पढ़ सकते हैं.

  17. इराक़ के पावर प्लांट में धमाका, चार लोगों की मौत, अब तक क्या-क्या पता?

    इराक़
    इमेज कैप्शन, यह घटना इराक़ में बसरा के उत्तर में स्थित हरिथा पावर प्लांट में हुई (फ़ाइल फ़ोटो)

    इराक़ के दक्षिणी शहर बसरा में एक पावर प्लांट में धमाके के बाद आग लग गई. इस हादसे में कम से कम चार लोगों की मौत हो गई और 30 लोग घायल हुए हैं.

    बीबीसी फ़ारसी के मुताबिक़, अधिकारियों ने हादसे में मारे जाने वालों की संख्या बढ़ने की आशंका जताई है.

    इराक़ी सुरक्षा अधिकारियों के मुताबिक़, यह घटना बसरा के उत्तर में स्थित हरिथा पावर प्लांट में हुई.

    इराक़ की सरकारी समाचार एजेंसी आईएनए के अनुसार, सिविल डिफ़ेंस के कर्मचारियों ने मौक़े पर पहुंचकर आग पर काबू पा लिया.

    अधिकारियों का कहना है कि धमाके और आग लगने की वजह का अभी पता नहीं चला है. उनका कहना है कि नुक़सान का पूरा आकलन भी नहीं किया गया है.

    सुरक्षा सूत्रों के मुताबिक़, आग पावर प्लांट से लगे रिहायशी इलाक़ों तक फैल गई थी. इसके बाद प्लांट का कामकाज रोक दिया गया.

    अधिकारियों के अनुसार, हरिथा पावर प्लांट की बिजली उत्पादन क्षमता 800 मेगावाट है. हालांकि, घटना से पहले यह क़रीब 400 मेगावाट बिजली पैदा कर रहा था.

    इराक़ का पावर सेक्टर कई दशकों से कम निवेश, ख़राब रखरखाव और बुनियादी ढांचे से जुड़ी समस्याओं का सामना कर रहा है.

    ख़ासकर गर्मियों में बिजली की मांग बढ़ने पर देश को लंबे समय तक बिजली कटौती और बिजली व्यवस्था में ख़राबी का सामना करना पड़ता है.

  18. ईरान का दावा- अब तक अमेरिका के 58 एमक्यू-9 ड्रोन को निशाना बनाया

    अमेरिकी ड्रोन
    इमेज कैप्शन, आईआरजीसी ने दावा किया कि उसने होर्मुज़ स्ट्रेट के ऊपर अमेरिकी ड्रोन को निशाना बनाया (फ़ाइल फ़ोटो)

    ईरान के इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड (आईआरजीसी) ने दावा किया है कि उसने होर्मुज़ स्ट्रेट के ऊपर अमेरिकी सेना के एक एडवांस एमक्यू-9 ड्रोन को निशाना बनाया है.

    बीबीसी फ़ारसी के मुताबिक़, आईआरजीसी के जनसंपर्क विभाग ने एक बयान में कहा कि कुछ घंटे पहले उसके एयरोस्पेस डिफ़ेंस सिस्टम ने इस ड्रोन की पहचान की, उसका पीछा किया और उसे निशाना बनाया.

    बयान में दावा किया गया है कि यह अमेरिका का 58वां एमक्यू-9 ड्रोन है जिस निशाना बनाया गया है.

    इस दावे पर अब तक अमेरिकी अधिकारियों की कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है. ड्रोन गिराए जाने की स्वतंत्र रूप से पुष्टि भी नहीं हुई है.

  19. ट्रंप के पुतिन को 'दोस्त' कहने पर ज़ेलेंस्की बोले- 'वह हत्यारे हैं'

    वोलोदिमीर ज़ेलेंस्की
    इमेज कैप्शन, ज़ेलेंस्की ने कहा कि ट्रंप पुतिन को क्या कहते हैं यह उनका अपना फ़ैसला है

    यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर ज़ेलेंस्की ने रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन को 'दुश्मन' और 'हत्यारा' कहा है.

    उनकी यह टिप्पणी अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के उस बयान के जवाब में आई है, जिसमें उन्होंने पुतिन को अपना 'दोस्त' बताया था.

    सीएनएन से बात करते हुए ज़ेलेंस्की ने कहा कि ट्रंप पुतिन को क्या कहते हैं यह उनका अपना फ़ैसला है. लेकिन यूक्रेन के लिए पुतिन दुश्मन हैं और हत्यारे हैं.

    गुरुवार को चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग और पुतिन के साथ ऐतिहासिक त्रिपक्षीय बैठक के दौरान ट्रंप ने रूसी राष्ट्रपति को अपना 'दोस्त' बताया था.

    उन्होंने कहा था कि दोनों नेताओं के बीच कई सालों से अच्छे संबंध रहे हैं.

    शुक्रवार को रूस ने यूक्रेन में पुलों और रेलवे स्टेशनों को निशाना बनाकर हमले किए. इन हमलों में कम से कम नौ लोगों की मौत हुई.

    ये हमले यूक्रेन की ओर से क्रीमिया पुल को भारी नुक़सान पहुंचाए जाने के कुछ दिनों बाद हुए.

    ज़ेलेंस्की ने इन हमलों को इस साल का 'सबसे बड़ा हमला' बताया. उन्होंने कहा कि यूक्रेन पर 110 मिसाइलें दागी गईं, जिनमें 27 बैलिस्टिक मिसाइलें थीं.

    इसके अलावा 400 से ज़्यादा ड्रोन से भी हमला किया गया. इन हमलों में आम नागरिकों की मौत हुई और कई लोग घायल हुए.

    हमलों के कुछ घंटे बाद ट्रंप ने व्हाइट हाउस में पत्रकारों से कहा था कि पुतिन युद्ध ख़त्म करना चाहेंगे.

    उन्होंने कहा, "वे (ज़ेलेंस्की और पुतिन) दोनों इसे ख़त्म करना चाहते हैं. यह अच्छी बात है कि मेरे दोनों के साथ संबंध हैं."

  20. अमृतपाल सिंह अपनी दादी के अंतिम संस्कार में शामिल हुए

    अमृतपाल सिंह
    इमेज कैप्शन, अमृतपाल सिंह के गांव जल्लूपुर में लोगों को भारी भीड़ को देखते हुए सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं

    खडूर साहिब से सांसद अमृतपाल सिंह शनिवार को अपने घर पहुंचे हैं. वह पिछले साढ़े तीन साल से असम की डिब्रूगढ़ जेल में बंद हैं.

    अमृतसर की अदालत ने अमृतपाल सिंह को उनकी दादी के अंतिम संस्कार की रस्मों में शामिल होने के लिए तीन घंटे की अनुमति दी है.

    उन्हें पहले डिब्रूगढ़ जेल से दिल्ली लाया गया. इसके बाद शनिवार सुबह दिल्ली से अमृतसर एयरपोर्ट ले जाया गया.

    अमृतपाल सिंह के पैतृक गांव जल्लूपुर से लाइव तस्वीरें बीबीसी के सरबजीत धालीवाल और गुलशन के साथ देखने के लिए लिंक पर क्लिक करें.