बंग्लादेश टैक्स मेले की अभूतपूर्व सफलता

बंग्लादेश में इस हफ़्ते आयोजित हुए दो मेले काफ़ी लोकप्रिय साबित हुए, लेकिन ये मौज-मस्ती करने वाले लोगों के लिए नहीं थे.
इन मेलों में आयकर अदा करने की इच्छा रखनेवालों की लंबी कतार देखकर ख़ुद आयकर विभाग के अधिकारी भी आश्चर्य-चकित थे.
वो इन मेलों की सफलता से स्तब्ध थे.
बंग्लादेश में दो प्रतिशत से भी कम लोग आयकर देते हैं और ऐसे में बंग्लादेश के आयकर विभाग यानि नेशनल बोर्ड ऑफ़ रेवेन्यू (एनबीआर) के लिए आयकर अदा करने की इच्छा रखनेवालों की भीड़ एक सुखद आश्चर्य थी.
इस मेले का आयोजन लोगों को स्वेच्छा से आयकर देने के लिए प्रोत्साहित करने के लिए किया गया था.
ढाका और चिट्टगॉंग में हुए ये मेले देश में पहली बार आयोजित किए गए थे.
पाँच दिनों के इस मेले में लोगों की अप्रत्याशित भीड़ से निपटने के लिए अधिकारियों को पाँच नए काउंटर खोलने पड़े.
पहली बार अदा किया आयकर
आयकर विभाग के कमिश्नर और इन मेलों के मुख्य आयोजनकर्त्ता एमए क़ादिर सरकार का कहना है कि "जिन लोगों ने आयकर दिया उनमें से लगभग 70 प्रतिशत लोगों ने आयकर पहली बार ही अदा किया था.ये हमारी उम्मीदों से परे था."
आयकर विभाग के अधिकारियों और करदाताओं, दोनों का ही मानना है कि आयकर मेले के आयोजन से और कर अदायगी के सहज बना दिए गए तरीके से कर अदा करने का उनका काम आसान हो गया जिसकी वजह से आयकर अदा करने के लिए लोग प्रोत्साहित भी हुए.
आयकर अदा करनेवालों की कतार में तीन घंटे लगे रहने के बाग पहली बार आयकर देने वाले तारिक़ इस्लाम ने कहा, "अगर आप एक अच्छे नागरिक हैं तो आपको आयकर देना चाहिए. तभी हमारी सरकार आधारभूत ढ़ाचों में निवेश कर पाएगी."
आयकर व्यवस्था

बंग्लादेश की 15 करोड़ की आबादी में अबतक महज़ 13 लाख लोग ही आयकर देते रहे है. सरकार वर्षों से अपना राजस्व बढ़ाने के लिए आयकर की जाल फैलाना चाह रही थी लेकिन उसे कोई ख़ास सफलता नहीं मिली.
सरकार ने टैक्स आइडेंटिफ़िकेशन नंबर (टिन) के बिना कार और मकान ख़रीदने और बैंक अकाउंट खोलने पर रोक लगाई हुई है.
अधिकारियों का कहना है कि टिन अनिवार्य कर दिए जाने के बाद से सरकार उम्मीद कर रही है कि अगले पाँच सालों में आयकर से आए राजस्व में तीन गुना इज़ाफ़ा होगा.



















