यूरो की अनिश्चितता पर यूरोप-एशिया के शेयर बाजारों में गिरावट जारी

प्रकाशित

यूरो मुद्रा में गिरावट और उसके भविष्य पर अनिश्चितता के बीच यूरोप और एशिया के शेयर बाजारों में और गिरावट दर्ज की गई है.

टोक्यो स्टॉक मार्केट लगभग तीन प्रतिशत की गिरावट के साथ बंद हुआ है.

वहीं लंदन, पेरिस और फ्रेंकफर्ट में भी शेयरों की कीमतें कारोबार शुरू होने के साथ ही गिरी हैं.

मेड्रिड में शेयरों की कीमतें दो प्रतिशत से भी ज्यादा गिरी हैं.

रेटिंग एजेंसी मूडीज ने स्पेन के 16 बैंकों की रेटिंग कम कर दी है. इस खबर के आने के बाद ही शेयरों में गिरावट आना शुरू हो गई थी.

इससे पहले स्पेन के चौथे सबसे बड़े बैंक बांकिया के शेयरों में बड़ी गिरावट आई.

ये गिरावट इन खबरों के बाद देखी गई कि लोग बैंक में जमा अपनी रकम को फटाफट निकालने में जुटे हैं.