श्रीलंका: मस्जिद की जगह बदलने के विरोध में आम हड़ताल
प्रकाशित
श्रीलंका के दाम्बुला शहर में एक मस्जिद की जगह बदलने की योजना के विरोध में देश के पूर्वी इलाकों में मुसलमानों ने आम हड़ताल करवाई है.
हड़ताल की वजह से कई कस्बों में सरकारी कार्यालयों के साथ ही बाजार भी बंद रहे और बसें नहीं चलीं.
श्रीलंका के प्रधानमंत्री डी एम जयारत्ने ने दाम्बुला में उस जगह से एक मस्जिद को हटाने का आदेश दिया है जिसे बौद्ध समुदाय पावन मानता है.
श्रीलंका में मुसलमान अल्पसंख्यक हैं. बीबीसी के एक संवाददाता का कहना है कि बौद्ध समुदाय के कुछ लोगों ने मुसलमानों के खिलाफ अभियान तेज कर दिया है.
बौद्ध समुदाय के लोगों का आरोप है कि मुसलमान यहां अपनी गतिविधियां बढ़ाने की कोशिश कर रहे हैं.


























