लीबिया: गद्दाफ़ी विरोधी बग़ावत की पहली बरसी

प्रकाशित

लीबिया में लोग पूर्व राष्ट्रपति कर्नल मोअम्मर गद्दाफ़ी के ख़िलाफ़ बग़ावत की शुरूआत की पहली बरसी मना रहें हैं.

हज़ारों लोग राजधानी त्रिपोली की सड़कों पर जश्न मना रहें हैं. शहीद चौक पर लीबिया का राष्ट्र-ध्वज लिए हज़ारों लोग जमा हैं और आतिशबाज़ी कर रहें हैं.

पूर्वी शहर बेनगाज़ी में भी लोग ख़ुशियां मना रहें हैं जहां से दर असल गद्दाफ़ी विरोधी आंदोलन की शुरूआत हुई थी.

बहुत सारी महिलाएं अपने बच्चों की तस्वीर हाथों में लिए हैं जो उस आंदोलन के दौरान मारे गए थे.

कई जाने माने गायक और कवि भी भारी संख्या में इस जश्न में शामिल हैं.

अमरीका ने लीबिया निवासियों को मुबारकबाद संदेश भेजा है लेकिन साथ ही लीबिया की नई सरकार से कहा है कि वो लीबिया के सभी नागरिकों के अधिकार और आज़ादी की सुरक्षा करे.