नेटो के टैंकरों पर फिर हमला

- Author, हफ़ीज़ चाचड़
- पदनाम, बीबीसी हिंदी संवाददाता, इस्लामाबाद
- प्रकाशित
संदिग्ध चरमपंथियों ने अफग़ानिस्तान में मौजूद अंतरराष्ट्रीय सेना को तेल और दूसरे सामान की आपूर्ति करने वाले वाहनों को एक बार फिर निशाना बनाया है.
पुलिस का कहना है कि हमलावरों ने ख़ैबर पख़्तूनख़्वाह के शहर नौशहरा में नेटो के तेल टैंकरों पर को निशाना बनाया है जिस में 31 के करीब टैंकर तबाह हो गए हैं.
पुलिस के अनुसार कुछ हमलावरों ने ख़ैराबाद इलाक़े में खड़े तेल के टैकंरों पर फ़ायरिंग शुरु कर दी और बाद में टैंकरों को आग लगा दी.
इस से पहले बुधवार की सुबह बलूचिस्तान प्रांत की राजधानी क्वैटा में संदिग्ध चरमपंथियों के हमले में नेटो सेना को तेल की आपूर्ति करने वाले 10 टैंकर तबाह हो गए. इस हमले में एक व्यक्ति की मौत भी हो गई थी.
पुलिस के अनुसार दो वाहनों में सवार हमलावरों ने शहर के अख़्तराबाद इलाक़े में नेटो सेना को तेल की आपूर्ति करने वाले टैंकरों पर फायरिंग शुरु कर दी.
बलूचिस्तान पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी आमिर शकील ने बताया कि हमलावरों की फ़ायरिगं से तेल के टैंकरों को आग लग गई और 10 टैंकर बुरी तरह तबाह हो गए.
लेकिन टैंकर मालिकों का कहना है कि जब हमला हुआ उस समय 61 टैंकर मौजूद थे जिन में से केवल 18 टैंकर को बचाया जा सका.


























