अरब लीग का सीरिया मिशन निलंबित

अरब देशों के नेता
इमेज कैप्शन, अरब लीग के मिशन की विपक्षी दलों ने बहुत निंदा की थी
प्रकाशित

अरब लीग का कहना है कि वो सीरिया का अपना मिशन निलंबित कर रहा है.

अरब लीग ने इसका कारण हिंसा बताया है. हालांकि इसको लेकर बहुत से विवाद पैदा हो गए थे.

अरब लीग ने एक वक्तव्य में कहा है उसके प्रेक्षक सीरिया में ही रहेंगे, लेकिन थोड़े समय के लिए अपना काम नहीं करेंगे.

इस मिशन की स्थापना दिसंबर में की गई थी ताकि सीरिया पर निगरानी रखी जा सके कि वो अपने यहाँ हिंसा रोकने के लिए क्या कर रहा है. लेकिन पिछले कुछ दिनों में कई देशों ने अपने प्रेक्षकों को इस मिशन से वापस बुला लिया.

सीरिया के विपक्षी दलों ने इस मिशन की तीखी आलोचना की है.

अरब लीग के महासचिव नबील अल-अरबी ने एक वक्तव्य में कहा, “ये फ़ैसला किया गया है कि सीरिया में अरब लीग के मिशन को उस वक्त तक रोक दिया जाए जब तक वहाँ हो रही हिंसा के मामले को लीग की बैठक के सामने नहीं रखा जाता.”

कार्यकर्ताओं के मुताबिक पिछले दो दिनो की हिंसा में सीरिया में 135 लोग मारे जा चुके हैं.

संयुक्त राष्ट्र के अनुसार पिछले मार्च से राष्ट्रपति बशर अल-असद के विरोध में किए जा रहे प्रदर्शनों में अब तक 5,000 से ज़्यादा लोग मारे जा चुके हैं.

उधर सीरियाई अधिकारियों का कहना है कि इस माहौल में अब तक 2,000 सुरक्षाकर्मी भी मारे जा चुके हैं.

ऐसी रिपोर्टें आई हैं कि पिछले कुछ दिनों में कई सैनिक विपक्षी गुटों में शामिल हो गए हैं.