चीन-वियतनाम में बढ़ा तनाव

चीन के साथ विवादित समुद्री सीमा को लेकर बढ़ते तनाव के बीच वियतनाम दक्षिणी चीन सागर में गोलीबारी के साथ नौसैनिक अभ्यास कर रहा है.
वियतनाम के एक नौसैनिक अधिकारी ने कहा कि नौसेना का नियमित अभ्यास मध्य वियतनाम के क्वांग नाम राज्य से 40 किलोमीटर दूर एक छोटे से द्वीप हॉन ओंग में किया गया है जो कि वियतनाम की समुद्री सीमा के भीतर है.
चीन की सरकारी मीडिया ग्लोबल टाइम्स ने इसकी निंदा करते हुए कहा है कि वियतनाम सैनिक कार्रवाई करके चीन को ललकारने की कोशिश कर रहा है.
वियतनाम के एक अधिकारी के मुताबिक़ नौसैनिक अभ्यास का दूसरा चरण रात्रि में किया जाएगा और इसके लिए जहाज़ों का आवागमन रोकने की चेतावनी जारी कर दी गई है.
विवाद गहराया
वियतनाम का नौसैनिक अभ्यास ऐसे समय हुआ है जब समुद्री सीमा को लेकर दोनों देशों के बीच लंबे समय से चला आ रहा विवाद कुछ दिन पहले अचानक गहरा गया है.

दक्षिणी चीनी सागर से होकर महत्वपूर्ण नौवहन मार्ग गुज़रते हैं और यहां तेल और गैस के भंडार होने की भी संभावना है.
वियतनाम ने पिछले महीने तेल का सर्वेक्षण करने वाले जहाज़ों का अन्वेषण केबल दो बार काटने का आरोप चीन पर लगाया था.
वियतनाम का कहना है कि पिछले हफ़्ते इसी तरह की एक अन्य कार्रवाई में चीन की मछली पकड़ने वाली नौकाओं ने जान-बूझकर उसकी नौकाओं के अन्वेषण केबल को नुक़सान पहुंचाया जबकि चीन का कहना है कि पिछले हफ़्ते वियतनाम के हथियारबंद जहाज़ों ने चीन की समुद्री सीमा में घुसकर मछली पकड़ने वाली उसकी नौकाओं का पीछा किया.
चीन के विदेश मंत्रालय का कहना है कि चीन की नौका में लगे जाल वियतनाम के तेल अन्वेषक जहाज़ के केबल में उलझ गई जो कि उस इलाक़े में ग़ैर क़ानूनी रूप से घूम रही थी और एक घंटे तक उसके साथ खिंचती चली गई बाद में उसे काट कर अलग किया गया.
चीन ने वियतनाम पर अपनी संप्रभुता के गंभीर हनन का आरोप लगाया है और ऐसी उकसाने वाली कार्रवाइयों को तुरंत बंद करने की चेतावनी दी है.
संवेदनशील स्थिति

बीबीसी के दक्षिण पूर्व एशिया संवाददाता रेचल हार्वी का कहना है कि सैन्य अभ्यास को आम तौर पर इतनी अहमियत नहीं दी जाती लेकिन इस वक़्त हालात बेहद संवेदनशील हैं. उधर, वियतनाम के एक नौसैनिक अधिकारी का कहना है कि ऐसे सालाना प्रशिक्षण अभ्यासों का चीन के साथ हुई हाल की घटनाओं से कोई संबंध नहीं है.
नौ घंटे तक चले नौसैनिक अभ्यास का पहला चरण वियतनाम की समुद्री सीमा में स्थित निर्जन हॉन ओंग द्वीप पर पूरा किया गया.
जबकि छह घंटे तक चलने वाली गोलीबारी का दूसरा चरण रात में पूरा किया जाएगा.
इस बीच लगातार दूसरे सप्ताहांत में हनोई में लोगों ने प्रदर्शन कर चीन से वियतनाम की समुद्री सीमा छोड़ने की मांग की.
बीबीसी संवाददाता का कहना है कि आम तौर पर कम्युनिस्ट शासन वाले वियतनाम में प्रदर्शनों को बर्दाश्त नहीं किया जाता लेकिन दक्षिणी चीन सागर को लेकर चल रहे विवाद को देखते हुए अधिकारियों ने प्रदर्शन की इजाज़त दे दी है.
समुद्री सीमा को लेकर चीन का कई देशों के साथ विवाद चल रहा है. फ़िलीपीन्स, मलेशिया, ब्रुनेई और ताइवान के भी चीन के साथ सीमा विवाद हैं.
अमरीका ने भी समुद्र में चीन की बढ़ती महत्वाकांक्षा को लेकर चिंता जताई है.






























