अफ़ग़ानिस्तान में पुलिस मुख्यालय पर हमला

अफ़गान पुलिस
इमेज कैप्शन, पुलिस और हमलावरों के बीच संघर्ष जारी है.
प्रकाशित

पूर्वी अफ़ग़ानिस्तान के खोस्त शहर के पुलिस मुख्यालय पर चार आत्मघाती हमलावरों ने रविवार की सुबह हमला बोल दिया जिसमें चार सुरक्षाकर्मी मारे गए हैं.

अधिकारियों का कहना है कि उन्होंने चार में से दो चरमपंथियों को मार गिराया है, लेकिन बाकी दो अभी भी ज़िंदा हैं. कहा जा रहा है कि कई घंटों चली पुलिस और चरमपंथियों के बीच गोलाबारी अब ख़त्म हो गई है.

पुलिस का कहना है कि आत्मघाती बम से बनी जैकेट पहने और हाथ में मशीनगन लिए हुए कम से कम चार हमलावर खोस्त शहर स्थित पुलिस मुख्यालय में घुसे और गोलीबारी शुरू कर दी.

उसके बाद सुरक्षा अधिकारियों ने परिसर की घेराबंदी कर दी और पुलिस और हमलावरों के बीच संघर्ष शुरु हुआ.

ग़ौरतलब है कि ये हमला काबुल में के एक अस्पताल पर शनिवार को हुए आत्मघाती हमले के ठीक एक दिन बाद किया गया है. उस आत्मघाती धमाके में कम से कम छह लोग मारे गए थे.

संघर्ष जारी

खोस्त प्रांत के सेना कमांडर जनरल राज़ मोहम्मद और्याख़ैल ने बताया कि पुलिस परिसर में सुबह हुए हमले में वहां मौजूद सुरक्षाकर्मी को सबसे पहला निशाना बनाया गया, जिसकी बाद में मौत हो गई.

जनरल राज़ मोहम्मद और्याख़ैल ने बताया कि चरमपंथी मुख्यालय की दूसरी मंज़िल पर चढ़ गए और वहां से पुलिस पर गोलाबारी करनी शुरु कर दी. ये संघर्ष कई घंटे चला.

एक दूसरे अधिकारी ने बताया कि पुलिस और सेना को जवाबी कार्रवाई में काफ़ी सावधानी बरतनी पड़ी क्योंकि वे नहीं चाहते थे कि हमलावर आत्मघाती बम धमाका कर पूरे परिसर को उड़ा दें.

शनिवार को काबुल में हुए हमले में एक आत्मघाती हमलावर ने एक अस्पताल के भीतर एक तंबू के पास खुद को बम से उड़ा लिया था. उस तंबू में मेडिकल छात्र भोजन कर रहे थे.

हांलाकि इस अस्पताल में सेनाकर्मियों का इलाज होता है, लेकिन मारे जाने वाले सभी लोग नागरिक और छात्र थे.

तालिबान ने इस हमले की ज़िम्मेदारी ली थी.