सीरिया के हाथ से निकला अहम सैन्य ठिकाना

प्रकाशित

सीरियाई सेना ने पूर्वोत्तर प्रांत इदलीब में अपने आख़िरी सैन्य ठिकाने का नियंत्रण भी खो दिया है.

अल-क़ायदा से जुड़े नुसरा फ्रंट के चरमपंथियों ने इस सैन्य हवाई अड्डे पर क़ब्ज़ा कर लिया है.

चरमपंथियों ने इलाक़े में धूल भरी आंधियों का फ़ायदा उठाते हुए अबु दुहुर सैन्य हवाई अड्डे पर नियंत्रण कर लिया.

सरकारी मीडिया का कहना है कि सीरियाई सेना इस सैन्य ठिकाने से हट गई है, जबकि विद्रोहियों ने ऐसे वीडियो जारी किए हैं जिनमें सैनिकों को ये कहते हुए दिखाया गया है कि उन्हें क़ैदी बना लिया गया है.

अब लगभग पूरे इदलीब प्रांत पर विद्रोहियों का क़ब्ज़ा हो गया है.

अब वहां शियाओं के सिर्फ़ दो गांव बचे हैं जिन पर विद्रोहियों का नियंत्रण नहीं है.

सैनिकों की कमी

मार्च से लेकर अब तक चरमपंथियों ने इदलीब और जिस्र अल-सुघुर समेत कई प्रांतों के शहरों पर क़ब्ज़ा किया है.

सीरिया में बीते चार साल से कई विद्रोही गुट राष्ट्रपति बशर अल-असद सेना की सरकार के ख़िलाफ़ लड़ रहे हैं.

इस संघर्ष में अब तक कम से कम दो लाख 40 हज़ार लोग मारे जा चुके हैं. इन्हीं हालात में हज़ारों लोग देश छोड़ कर यूरोप का रुख़ कर रहे हैं.

राष्ट्रपति असद ने माना है कि उनकी सेनाएं जवानों की कमी का सामना कर रही हैं और उन्हें कुछ क्षेत्रों को गंवाना पड़ेगा ताकि उनसे अधिक अहम क्षेत्रों की रक्षा की जा सके.

<bold>(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप <link type="page"><caption> यहां क्लिक</caption><url href="https://play.google.com/store/apps/details?id=uk.co.bbc.hindi%20" platform="highweb"/></link> कर सकते हैं. आप हमें <link type="page"><caption> फ़ेसबुक</caption><url href="https://www.facebook.com/bbchindi" platform="highweb"/></link> और <link type="page"><caption> ट्विटर</caption><url href="https://twitter.com/BBCHindi" platform="highweb"/></link> पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)</bold>