मैक्सिको: गुम छात्रों में से एक की पहचान

इमेज स्रोत, Other
मैक्सिको में अधिकारियों का कहना है कि दो महीने से 43 लापता छात्रों में से कम से कम एक के अवशेषों की पहचान कर ली गई है.
एलेक्जेंडर मोरा नाम के इस छात्र के एक रिश्तेदार ने अवशेषों की पुष्टि की है. रिश्तेदार ने बताया कि परिवार को फोरेंसिक विशेषज्ञों की एक टीम से यह जानकारी मिली है.
पुलिस पर आरोप है कि उसने 26 सितंबर को इगुआला शहर में छात्रों को पकड़कर एक आपराधिक गिरोह के हवाले कर दिया था.
छात्रों का यह समूह शिक्षकों की भर्ती में भेदभाव के ख़िलाफ़ प्रदर्शन में शामिल होने के लिए अयोतनिज़ापा के टीचर ट्रेनिंग स्कूल से इगुआला आया था.
अभियोजकों का कहना है कि गिरोह ने छात्रों को मारकर शवों को कोकुला शहर में एक कूड़ेदान में पास जलाया और फिर राख को एक नदी में बहा दिया.
प्रदर्शन

इमेज स्रोत, Other
छात्रों के लापता होने के बाद देश में भ्रष्टाचार और हिंसा के ख़िलाफ़ व्यापक प्रदर्शन हुए थे.
इससे राष्ट्रपति एनरिक पेना की लोकप्रियता दो साल के उनके कार्यकाल के दौरान सबसे निचले स्तर पर चली गई है.
इस मामले में गिरफ़्तार कुछ अधिकारियों ने जांचकर्ताओं को बताया कि उन्होंने छात्रों को ड्रग का कारोबार करने वाले गिरोह गुरेरोस यूनिडोस गिरोह के हवाले कर दिया था.
इगुआला के मेयर होए लुई अबारका और उनकी पत्नी मारिया डी लोस एंजेलिस पिनेडा को नवंबर की शुरुआत में मैक्सिको सिटी से गिरफ़्तार किया गया था.
अबारका पर आरोप है कि उन्होंने पुलिस को छात्रों को रोकने का आदेश दिया था ताकि वे उनकी पत्नी के भाषण में व्यवधान पैदा न कर सकें.
<bold>(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए यहां <link type="page"><caption> क्लिक करें</caption><url href="https://play.google.com/store/apps/details?id=uk.co.bbc.hindi" platform="highweb"/></link>. आप हमें <link type="page"><caption> फ़ेसबुक</caption><url href="https://www.facebook.com/bbchindi" platform="highweb"/></link> और <link type="page"><caption> ट्विटर</caption><url href="https://twitter.com/BBCHindi" platform="highweb"/></link> पर भी फ़ॉलो कर सकते हैं.)</bold>






























