आपराधिक गैंग ने की '43 छात्रों की हत्या'

मेक्सिको लापता छात्र
प्रकाशित

मैक्सिको के अटॉर्नी जनरल के अनुसार संदिग्ध आपराधिक समूह के सदस्यों ने पिछले छह हफ़्तों से लापता 40 से अधिक छात्रों की हत्या की ज़िम्मेदारी ली है.

अटॉर्नी जनरल जेसस मुरिल्लो ने बताया कि कथित समूह के तीन सदस्यों ने दावा किया है कि पुलिस इन छात्रों को उनके पास लेकर आई थी.

मैक्सिको के इगुआला शहर में 26 सितंबर को पुलिस के साथ हुई मुठभेड़ के बाद 43 छात्र लापता हो गए थे.

छात्रों का ये समूह गरेरो प्रांत में शिक्षकों के साथ होने वाले भेदभाव के ख़िलाफ़ प्रदर्शन में शामिल होने आया था.

इस सिलसिले में ड्रग का कारोबार करने वाले गुएरेरोस यूनिडोस गिरोह के सदस्यों को हाल ही में गिरफ्तार किया गया था.

लापता छात्रों के परिजनों का कहना है कि उन्हें बताया गया था कि अज्ञात लोगों के मानव अवशेषों से भरी छह बोरियां उस नदी के पास से बरामद हुई हैं जहां से छात्र लापता हुए थे.

डीएनए टेस्ट

जेसस मुरिल्लो ने संदिग्धों की ओर से पेश किए गए वीडियो टेप दिखाए जिसमें बताया गया है कि छात्रों को ट्रक पर लादकर इगुआला के नजदीक कोकूला के पास कूड़ों के ढेर पर ले जाया गया था.

मेक्सिको में कोकूला कूड़ा स्थल
इमेज कैप्शन, छात्रों को कोकूला के बाहर इसी कूड़े के ढेर पर लाया गया था.

संदिग्धों के अनुसार वहां छात्रों को गोली मारने के बाद उनके शव को पेट्रोल, टायर, लकड़ियों और प्लास्टिक के साथ जला दिया गया.

अटॉर्नी जनरल के मुताबिक आग में गंभीर रूप से जलने के कारण इन अवशेषों की डीएनए जांच मुश्किल है जिससे शवों की पहचान करना कठिन होगा.

<bold>(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए यहां <link type="page"><caption> क्लिक</caption><url href="http://www.bbc.co.uk/hindi/multimedia/2013/03/130311_bbc_hindi_android_app_pn.shtml" platform="highweb"/></link> करें. आप हमें <link type="page"><caption> फ़ेसबुक</caption><url href="https://www.facebook.com/bbchindi" platform="highweb"/></link> और <link type="page"><caption> ट्विटर</caption><url href="https://twitter.com/BBCHindi" platform="highweb"/></link> पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)</bold>