संसद में होगी सहिष्णुता पर चर्चा

इमेज स्रोत, AP
सोमवार को हमारी जिन ख़बरों पर हमारी नज़र रहेगी, उनमें प्रमुख है संसद का शीतकालीन सत्र, पेरिस में शुरू हुआ जलवायु सम्मेलन और बिहार विधानसभा का सत्र.
संसद के शीतकालीन सत्र का सोमवार को तीसरा दिन है. पहले दो दिन संविधान के प्रति प्रतिबद्धता जताने पर हुई चर्चा के बाद लोकसभा में सोमवार को सहिष्णुता का मुद्दा उठने की उम्मीद है. विपक्ष ने इस विषय पर चर्चा के लिए नोटिस दिया है. विपक्ष मोदी सरकार को इस विषय पर घेरने की कोशिश करेगा.

बिहार विधानसभा का सत्र सोमवार से शुरू हो रहा है. यह सत्र आठ दिसंबर तक चलेगा. इस दौरान विधानसभा के सदस्यों को पद और गोपनियता की शपथ दिलाई जाएगी और विधानसभा अध्यक्ष का चुनाव किया जाएगा.
कैबिनेट समन्वय विभाग के प्रधान सचिव आमिर सुभानी ने यह जानकारी दी.उनके मुताबिक़ विधान परिषद का सत्र तीन दिसंबर से शुरू होगा और आठ दिसंबर तक चलेगा.
पिछले दिनों हुए चुनाव में जद (यू), राजद और कांग्रेस के महागठबंधन से भारी जीत दर्ज की थी. महागठबंधन ने 243 सदस्सीय विधानसभा में 178 सीटें जीती हैं.

इमेज स्रोत, PIB
राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी की गुजरात और दिउ की यात्रा सोमवार से शुरू हो रही है. दो दिसंबर तक चलने वाली इस यात्रा के दौरान वो अहमदाबाद में वो प्रतिभाशील बच्चों को डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम इगनाइट अवार्ड्स देंगे.
राष्ट्रपति का अहमदाबाद के भारतीय प्रबंधन संस्थान (आईआईएम) के अध्यापकों और छात्रों से मुलाक़ात का भी कार्यक्रम है.
वो एक दिसंबर को साबरमती आश्रम जाएंगे और गुजरात विद्यापीठ के 62वें दीक्षांत समारोह को संबोधित करेंगे. दो दिसंबर को राष्ट्रपति द्वारकाधीश मंदिर देखने जाएंगे.

इमेज स्रोत, AFP
रिज़र्व बैंक आॅफ इंडिया (आरबीआई) सोमवार से गोल्ड बॉन्ड जारी करेगा. हालांकि इन्हें जारी करने की तारीख 26 नवंबर थी. लेकिन बड़ी संख्या में आवेदन आने के चलते आरबीआई को इस तारीख आगे बढ़ाना पड़ा था.

इमेज स्रोत, PIB
जलवायु परिवर्तन पर होने वाला सम्मेलन फ्रांस की राजधानी पेरिस में शुरू हो चुका है. 13 नवंबर को पेरिस में हुए चरमपंथी हमले के बाद हो रहे इस सम्मेलन में दुनियाभर के नेता भाग लेंगे.
सम्मलेन में भाग लेने के लिए भारतीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमरीकी राष्ट्रपति बराक ओबामा पेरिस पहुंच चुके हैं.
इस दौरान प्रधानमंत्री का अमरीकी राष्ट्रपति बराक ओबामा और चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग से मुलाकात का कार्यक्रम है.
इस मुलाकात में तीनों नेता वैश्विक स्तर पर जलवायु की स्थिति को और बेहतर बनाने पर चर्चा करेंगे.
<bold>(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए <link type="page"><caption> यहां क्लिक</caption><url href="https://play.google.com/store/apps/details?id=uk.co.bbc.hindi" platform="highweb"/></link> करें. आप हमें <link type="page"><caption> फ़ेसबुक</caption><url href="https://www.facebook.com/bbchindi" platform="highweb"/></link> और <link type="page"><caption> ट्विटर</caption><url href="https://twitter.com/BBCHindi" platform="highweb"/></link> पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)</bold>




























