आईपीएल वाले जज बने चीफ़ जस्टिस

इमेज स्रोत, PTI
- Author, राकेश भटनागर
- पदनाम, बीबीसी हिंदी डॉट कॉम के लिए
- प्रकाशित
जम्मू-कश्मीर से ताल्लुक़ रखने वाले जस्टिस तीरथ सिंह ठाकुर ने भारत के 43वें मुख्य न्यायाधीश के रूप में शपथ लिया.
उन्होंने दो दिसंबर को रिटायर होने हुए मुख्य न्यायाधीश एचएल दत्तू की जगह ली.
तीरथ सिंह ठाकुर जम्मू-कश्मीर के पूर्व उपमुख्यमंत्री डीडी ठाकुर के बेटे हैं और सुप्रीम कोर्ट और हाईकोर्ट के जजों की नियुक्ति करने वाले पांच सदस्यीय कॉलेजियम के प्रमुख हैं.
जस्टिस ठाकुर 4 जनवरी 2017 तक सुप्रीम कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश पद पर रहेंगे.
जस्टिस ठाकुर की अहम ज़िम्मेदारियों में सबसे पहले सुप्रीम कोर्ट के चार जजों और हाईकोर्ट के 410 जजों को नियुक्ति की प्रक्रिया को तेज़ करना होगा.
16 अक्तूबर को सुप्रीम कोर्ट की पाँच सदस्यीय संवैधानिक पीठ ने इस प्रक्रिया को रोकते हुए मोदी सरकार को झटका दिया था.
मोदी सरकार ने संसद में 99वें संवैधानिक संशोधन के रूप में विवादित राष्ट्रीय न्यायिक नियुक्ति आयोग अधिनियम को सर्वसम्मति से पारित किया था.

इमेज स्रोत, AFP
14 अगस्त 2014 को जब संसद ने इस विवादास्पद विधेयक को पारित किया था तो जस्टिस ठाकुर ने अपनी तीखी प्रतिक्रिया दी थी. उन्होंने कहा था, “कुछ मामले जिन्हें तूल नहीं दिया जाना चाहिए, उनपर ज़ोर दिया जा रहा है.”
जस्टिस ठाकुर ने कई अहम फ़ैसले सुनाए हैं. इनमें आईपीएल में सट्टेबाज़ी, स्पॉट फ़िक्सिंग शामिल हैं.
उन्हें अलग-अलग तरह के क़रीब 61,000 मामले और 29 मसलों, जिन्हें संवैधानिक व्यवस्था की रोशनी में देखना होगा, पर तुरंत तवज्जो देनी होगी.
क्या वे अपनी अहम ज़िम्मेदारियां 13 महीने के अपने कार्यकाल में पूरा कर पाएंगे. ये लाख टके का सवाल है.
वैसे जजों के लिए जस्टिस ठाकुर का मुख्य न्यायाधीश बनना अच्छी ख़बर नहीं होगी जो ‘तू मेरी पीठ सहला, मैं तुम्हारी पीठ सहलाउंगा’ पर चल रहे हैं और जिन पर कथित तौर से अपने ‘प्रिय जज’ की बदौलत बहुत कुछ हासिल करने के आरोप हैं.

इसी तरह, पूर्व क़ानून मंत्री शांति भूषण और उनके बेटे प्रशांत भूषण की ओर से कुछ साल पहले दाख़िल की गई याचिका पर भी जल्द सुनवाई की जानी चाहिए. इस याचिका में सुप्रीम कोर्ट से भ्रष्टाचार निरोधक क़ानून के तहत सेवानिवृत्त और मौजूदा जजों के ख़िलाफ़ कार्रवाई करने की मांग की गई है.
इन याचिकाओं में गंभीर आरोपों के साथ हलफ़नामे दाख़िल किए गए हैं, लेकिन इन पर कोई ध्यान नहीं दिया गया.
शांति और प्रशांत भूषण के वकील राम जेठमलानी ने आग्रह किया था कि अदालत को उस न्यायपालिका की छवि को क़ायम रखने के लिए इस मुद्दे को टालना नहीं चाहिए, जिसपर लोग कार्यपालिका और विधायिका से ज़्यादा भरोसा करते हैं.
जस्टिस ठाकुर मिलकर चलने में यक़ीन रखते हैं और ‘मंदिर या मस्जिद’ पर सांप्रदायिक लड़ाई की तुलना ‘भाइयों के बीच झगड़े’ से करते हैं.
जस्टिस ठाकुर ने ख़ुद को ‘सहिष्णुता’ जैसे मुद्दों से भी अलग नहीं रखा.
हाल ही में उन्होंने कहा था कि सहिष्णुता को सुनिश्चित किया जाना चाहिए और भारत को अगला सुपरपावर बनने के लिए लोकतांत्रिक व्यवस्था को ‘स्थिर’ रखना ज़रूरी है.
जस्टिस ठाकुर ने ज़ोर देकर कहा कि इन तथ्यों का उचित अनुसरण भारत की लोकतांत्रिक परंपरा का हिस्सा रहा है और यह सबसे बड़ी सुरक्षा है, जिसका देश दावा कर सकता है.
उन्होंने कहा, “एक चीज़ जो हमेशा दिमाग़ में रखनी चाहिए कि सिस्टम को स्थिर रहना ज़रूरी है. मैंने पाया है कि जो भी हम करते हैं उसमें न केवल बुद्धि या समझदारी ज़रूरी है, बल्कि बेहिसाब सहिष्णुता का होना भी अनिवार्य है.”

इमेज स्रोत, AP
ठाकुर के व्यक्तित्व का एक मज़बूत पक्ष ये भी है कि वे इस सिद्धांत के एकदम ख़िलाफ़ हैं कि कश्मीर को पाकिस्तान का हिस्सा इसलिए होना चाहिए क्योंकि वह मुस्लिम बाहुल्य राज्य है.
जम्मू-कश्मीर के डोडा ज़िला में जन्में जस्टिस ठाकुर कहते हैं, “मैं संस्कृत या बहुत ज़्यादा हिंदी नहीं जानता, क्योंकि मेरी परवरिश कश्मीर में हुई है. वहाँ की आधिकारिक भाषा उर्दू है.”
लेकिन जब वे अपने पुश्तैनी गाँव से विस्थापित होकर जम्मू आए जहाँ बच्चे हिंदी पढ़ते थे, तब भी उनके पिता ने उन्हें उर्दू पढ़ते रहने के लिए प्रोत्साहित किया.
जस्टिस ठाकुर कहते हैं, “मैं अपनी कक्षा में इकलौता ग़ैर-मुस्लिम था जो उर्दू जानता था. जिसे देखकर लोग कहते, ‘तुम तो मुसलमान हो’.”
<bold>(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए <link type="page"><caption> यहां क्लिक</caption><url href="http://www.bbc.co.uk/hindi/multimedia/2013/03/130311_bbc_hindi_android_app_pn.shtml" platform="highweb"/></link> करें. आप हमें <link type="page"><caption> फ़ेसबुक</caption><url href="https://www.facebook.com/bbchindi" platform="highweb"/></link> और <link type="page"><caption> ट्विटर</caption><url href="https://twitter.com/BBCHindi" platform="highweb"/></link> पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)</bold>






























