सेक्स वीडियो मामले में संजीव भट्ट को नोटिस

इमेज स्रोत, BBC World Service
- Author, अंकुर जैन
- पदनाम, अहमदाबाद से, बीबीसी हिंदी डॉट कॉम के लिए
- प्रकाशित
गुजरात सरकार ने आईपीएस अफ़सर संजीव भट्ट को उनके कथित सेक्स वीडियो के मुद्दे पर कारण बताओ नोटिस जारी किया है. उनसे कहा गया है कि वे अपनी पत्नी के अलावा किसी अन्य महिला के साथ रिश्ते पर सफ़ाई दें.
संजीव भट्ट वही शख़्स हैं, जिन्होंने 2002 में गुजरात दंगों में तत्कालीन मुख्यमंत्री नरेंद्र मोदी की भूमिका पर सवाल खड़े किए थे. उसके बाद उन्हें कई आरोपों में बर्खास्त कर दिया गया था.
संजीव भट्ट ने कथित सेक्स वीडियो में ख़ुद के होने से इंकार किया है. उन्होंने कहा है कि वीडियो में मौजूद आदमी उनकी तरह दिखता है, पर वे स्वयं उसमें नहीं हैं.
गुजरात सरकार ने भट्ट को नोटिस के साथ उस वीडियो की सीडी भी भेजी है. नोटिस में दावा किया गया है कि फ़ोरेंसिक साइंस लैबोरेटरी ने वीडियो क्लिप की जांच में पाया है कि सीडी असली है और उसके साथ किसी तरह की छेड़छाड़ नहीं की गई है.
राजनीतिक द्वेष?

इमेज स्रोत, BBC World Service
संजीव भट्ट ने गुजरात सरकार पर राजनीतिक द्वेष का आरोप लगाया है.
उन्होंने कहा है, ''यह वीडियो सबसे पहले बीते साल मई महीने में सामने आया था. इसे तेजिंदर पाल बग्गा के ट्विटर अकाउंट से अपलोड किया गया था. बग्गा 'नमो' पत्रिका के संपादक हैं और दक्षिणपंथी संगठन भगत सिंह क्रांति सेना से जुड़े हुए हैं.''
संजीव भट्ट के मुताबिक़, उन्हें नोटिस इसलिए दिया गया है क्योंकि सुप्रीम कोर्ट में इशरत जहां मुठभेड़ मामले की सुनवाई 18 अगस्त को है.
उन्होेंने नोटिस का जवाब दे दिया है. जवाब में उन्होंने कहा है, ''ठीक से देखने पर पता चलता है कि चेहरे की बनावट में फ़र्क है, नाक, ललाट और कानों के आकार में अंतर है. शरीर की बनावट, बाल के रंग और अंगुलियों की बनावट में भी अंतर साफ़ दिखता है.''
<bold>(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप <link type="page"><caption> यहां क्लिक</caption><url href="https://play.google.com/store/apps/details?id=uk.co.bbc.hindi" platform="highweb"/></link> कर सकते हैं. आप हमें <link type="page"><caption> फ़ेसबुक</caption><url href="https://www.facebook.com/bbchindi" platform="highweb"/></link> और <link type="page"><caption> ट्विटर</caption><url href="https://twitter.com/BBCHindi" platform="highweb"/></link> पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)</bold>






























