इटारसी स्टेशन पर आग, कई ट्रेनें रद्द

इमेज स्रोत, S NIAZI
- Author, शुरैह नियाज़ी
- पदनाम, भोपाल से, बीबीसी हिंदी डॉटकॉम के लिए
- प्रकाशित
मध्यप्रदेश के इटारसी रेलवे स्टेशन पर आग लगने से रेल यातायात बुरी तरह प्रभावित हुआ है.
बुधवार को इटारसी रेलवे सिग्नल को कंट्रोल करने वाले रूट रिले इंटरलॉकिंग सिस्टम(आरआरआई) में आग लग गई थी.
आग की वजह से रेलवे का सिग्नल सिस्टम जल गया जिसकी वजह से ट्रेनें जहां थी उन्हें वहीं रोकना पड़ा.
इससे तकरीबन 160 यात्री गाड़ियां और 70 माल गाड़ियां प्रभावित हुई हैं. रूट रिले इंटरलाकिंग सिस्टम ट्रेनों की आवाजाही को नियंत्रित करता है.
भोपाल रेलवे डिवीज़न के प्रवक्ता आईए सिद्दीकी ने बताया, “इटारसी की आग की वजह से लगभग हर जगह ट्रैफिक पर असर पड़ा है. अभी ये बता पाना मुश्किल है कि कब तक ट्रैफिक सामान्य होगा. उसे ठीक करने के प्रयास किये जा रहे हैं.”
इटारसी की गिनती देश के बड़े जंक्शनों में होती है. उत्तर से दक्षिण और पूर्व से पश्चिम जाने वाली ज्यादातर ट्रेनें यहां से गुज़रती हैं.
ट्रेनें देरी से

इमेज स्रोत, S NIAZI
आग के कारण ट्रेनें पांच घंटे तक लेट चल रही थी. उन्हें बड़ी मुश्किल से मेनुअल सिस्टम के ज़रिए चलाया जा रहा था.
भोपाल से गुजरने वाली लगभग 80 ट्रेनों को दूसरे रास्तों से रवाना किया गया वही 6 ट्रेनों को रद्द कर दिया गया था.
गुरुवार को भी 13 ट्रेनों को रद्द किया जा रहा है. बताया जा रहा है कि ट्रैफिक को सामान्य होने में एक हफ्ता लग सकता है.
कई ट्रेनों को 24 जून तक रद्द कर दिया गया है.
<bold>(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए यहां <link type="page"><caption> क्लिक</caption><url href="https://play.google.com/store/apps/details?id=uk.co.bbc.hindi" platform="highweb"/></link> करें. आप हमें <link type="page"><caption> फ़ेसबुक</caption><url href="https://www.facebook.com/bbchindi" platform="highweb"/></link> और <link type="page"><caption> ट्विटर</caption><url href="https://twitter.com/BBCHindi" platform="highweb"/></link> पर भी फ़ॉलो कर सकते हैं.)</bold>




























