आख़िरी दौर में उत्साही वोटरों की लंबी क़तारें

चुनाव, वाराणसी
प्रकाशित

आम चुनाव के आख़िरी चरण में सोमवार को तीन राज्यों की 41 सीटों पर मतदान हो रहा है. इनमें बिहार की छह, उत्तर प्रदेश की 18 और पश्चिम बंगाल की 17 सीटें शामिल हैं.

लेकिन इस चरण में सबकी दिलचस्पी वाराणसी सीट में है जहां भारतीय जनता पार्टी के प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार नरेंद्र मोदी चुनाव मैदान में है.

उनका मुक़ाबला आम आदमी पार्टी के अरविंद केजरीवाल और कांग्रेस के अजय राय से है. वहीं पश्चिम बंगाल में कई जगहों पर हिंसा की ख़बर है.

अहम सीटों पर कैसा चल रहा है मतदान इस बारे में हमने बात की संवाददाताओं से.

नितिन श्रीवास्तव, बनारस

लोकसभा चुनाव 2014 की सबसे हाई प्रोफ़ाइल सीट वाराणसी में मतदान को लेकर लोगों में भारी उत्साह है. मतदान केंद्रों के बाहर मतदाताओं की लंबी क़तारें लगी हैं. निर्विघ्न मतदान सुनिश्चित करने के लिए 1500 मतदान केंद्रों पर 40,000 से अधिक सुरक्षाकर्मियों को तैनात किया गया है.

समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक चुनाव आयोग के आदेश पर वाराणसी में कांग्रेस प्रत्याशी अजय राय के ख़िलाफ़ केस दर्ज किया गया है. अजय राय ने पोलिंग बूथ में कांग्रेस पार्टी का चिह्न पहना हुआ था. चुनाव आयोग के मुताबिक ये नियमों का उल्लंघन है.

नौजवानों के साथ-साथ बुज़ुर्गों में भी मतदान को लेकर ख़ासा उत्साह देखा जा रहा है. 93 साल की रमावती ने कहा, "आख़िरकार बनारस में कुछ बदलाव और विकास देखने को मिलेगा. मुझे ख़ुशी है कि मैं यह दिन देखने के लिए जीवित हूं."

नईम अहमद, मतदाता, वाराणसी
इमेज कैप्शन, नईम अहमद का कहना था कि उनका नाम मतदाता सूची में नहीं था.

पीली कोठी इलाके में गुस्साए लोगों ने प्रदर्शन किया क्योंकि उनके नाम मतदाता सूची में नहीं थे. जबकि वे लोग अपने-अपने पहचान पत्र साथ लेकर आए थे. इसके तुरंत बाद बनारस के पुलिस अधीक्षक और उनके साथ पहुंचे सुरक्षाबलों ने भीड़ पर काबू पाया और उन्हें मतदान केंद्र से बाहर निकाला.

नई सड़क में 65 साल के नईम अहमद तीन घंटे तक इंतज़ार करने के बावजूद वोट नहीं डाल पाए. उनका कहना था, "ये मेरे साथ पहली बार हुआ है. अधिकारी इस बारे में कुछ कर क्यों नहीं सकते."

वाराणसी शहर में यातायात पर पाबंदी है और दुकानें बंद हैं.

अतुल चंद्रा, आज़मगढ़ से

आज़मगढ़ में दोपहर 2 बजे तक 37 प्रतिशत मतदान हो चुका है. यहां भीषण गर्मी के कारण कुछ मतदान केंद्रों पर कम ही मतदाता हैं.

संभावना जताई जा रही है कि शाम चार बजे बाद मतदान में तेज़ी आ सकती है. हालांकि कुछ मतदान केंद्रों के बाहर मतदाताओं की लंबी क़तारें हैं.

आम चुनाव के नौवें चरण में कोलकाता में मतदान

सपा सुप्रीमो मुलायम सिंह यादव मैनपुरी के अलावा आज़मगढ़ से भी चुनाव लड़ रहे हैं. आज़मगढ़ में उनका मुक़ाबला अपने पुराने राजनीतिक साथी और भाजपा के मौजूदा सांसद रमाकांत यादव से है. रमाकांत यहां से चार बार सांसद रह चुके हैं.

अमिताभ भट्टासाली, कोलकाता

पश्चिम बंगाल में हिंसा के बीच 17 सीटों पर मतदान हो रहा है. उत्तरी 24 परगना ज़िले के हरोआ इलाक़े में मतदान के लिए जा रहे लोगों पर कुछ लोगों ने गोलियां चलाईं जिससे 20 लोग घायल हो गए, इनमें से चार की हालत गंभीर है. पुलिस ने 12 लोगों को गिरफ़्तार किया है.

इसके अलावा कोलकाता, द. 24 परगना, नदिया में कई जगहों पर हिंसा की ख़बर है. दक्षिण 24 परगना में एक टीवी चैनल के पत्रकार की पिटाई की गई है.

ऐसी भी रिपोर्ट है कि कुछ स्थानों पर विपक्षी दलों के एजेंटों को मतदान केंद्रों में नहीं घुसने दिया गया.

माकपा, भाजपा और कांग्रेस के नेताओं का आरोप है कि शनिवार रात से ही तृणमूल कांग्रेस के कार्यकर्ता उन पर हमले कर रहे हैं. कोलकाता में ही माकपा के तीन नेता घायल हुए हैं और उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है.

पश्चिम बंगाल में मतदान

इनमें पार्टी की युवा शाखा के प्रमुख भी शामिल हैं. माकपा का आरोप है कि केंद्रीय सुरक्षा बलों को सही ढंग से तैनात नहीं किया गया है.

पश्चिम बंगाल में मतदान को लेकर महिलाओं में ग़ज़ब का उत्साह है. मतदान शुरू होने से पहले ही कई मतदान केंद्रों के बाहर मतदाता जमा हो गए थे. राज्य में जिन 17 सीटों पर आज मतदान हो रहा है उनमें से 15 तृणमूल कांग्रेस के खाते में हैं और वहां उसका मजबूत जनाधार है.

मनीष शांडिल्य, सीवान

बिहार में मतदान शांतिपूर्ण चल रहा है. सुबह 10 बजे तक सीवान में 17 प्रतिशत, वैशाली में 23 प्रतिशत और पूर्वी चंपारण में 15 प्रतिशत मतदान की ख़बर है.

इस चरण में 90 प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला होगा, जिनमें पांच महिला प्रत्याशी शामिल हैं. प्रमुख उम्मीदवारों में वैशाली सीट पर पूर्व केंद्रीय मंत्री और राजद प्रत्याशी रघुवंश प्रसाद सिंह, पश्चिम चंपारण से फ़िल्म निर्माता-निर्देशक और जदयू प्रत्याशी प्रकाश झा और सीवान से शहाबुद्दीन की पत्नी और राष्ट्रीय जनता दल की प्रत्याशी हेना शहाब शामिल हैं.

नौवें चरण का मतदान

सोमवार को जिन छह सीटों पर मतदान हो रहा है मौजूदा लोकसभा में उनमें से दो-दो सीटें भाजपा और जदयू के पास हैं जबकि एक सीट राजद के पास है और एक सीट निर्दलीय के खाते में है.

साल 2009 में सीवान से निर्दलीय उम्मीदवार के रुप में चुनाव जीतने वाले ओमप्रकाश यादव इस बार भाजपा के टिकट पर चुनाव मैदान में हैं.

<bold>(बीबीसी हिन्दी के <link type="page"><caption> एंड्रॉएड ऐप</caption><url href="http://www.bbc.co.uk/hindi/multimedia/2013/03/130311_bbc_hindi_android_app_pn.shtml" platform="highweb"/></link> के लिए आप <link type="page"><caption> यहां क्लिक</caption><url href="http://www.bbc.co.uk/hindi/multimedia/2013/03/130311_bbc_hindi_android_app_pn.shtml" platform="highweb"/></link> कर सकते हैं. आप हमें <link type="page"><caption> फ़ेसबुक</caption><url href="https://www.facebook.com/bbchindi" platform="highweb"/></link> और <link type="page"><caption> ट्विटर</caption><url href="https://twitter.com/BBCHindi" platform="highweb"/></link> पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)</bold>