बिहार: तीसरे चरण में 54 फ़ीसदी मतदान

बिहार चुनाव
इमेज कैप्शन, छपरा में तीसरे चरण के मतदान के दौरान मतदाताओं की कतार.
    • Author, मणिकांत ठाकुर
    • पदनाम, बीबीसी संवाददाता, छपरा
  • प्रकाशित

बिहार विधानसभा चुनाव के तीसरे चरण में 53.65 फ़ीसदी मतदान हुआ है.

सुबह से ही सभी इलाक़ों में मतदाताओं की लंबी कतारें देखी जा रही थीं.

एक ख़ास बात ये थी कि लगभग हरेक मतदान केंद्र पर मत विभाजन है और कहीं भी किसी एक दल या पक्ष के साथ लोग नज़र नहीं आए.

जहां तक छपरा विधान सभा सीट की बात है तो यहां तीनों प्रमुख दल भाजपा, राजद और कांग्रेस के उम्मीदवार एक ही जाति के हैं.

छपरा ज़िले में राजद के लालू प्रसाद यादव के साथ पहले जदयू में रहे प्रभुनाथ सिंह का आ जाना यहां चुनाव पर बहुत ज़्यादा नहीं तो कुछ असर डाल ही रहा है.

उधर राघोपुर और सोनपुर में भी बड़ी संख्या में वोटर घर से निकले हैं. इन दोनों क्षेत्रों में पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी राजद की उम्मीदवार हैं.

इधर पुलिस ने बेगूसराय में छापा मार कर युवक कांग्रेस के एक नेता के पास से लगभग छह लाख रुपए बरामद किए. बाद में उन्हें थाने ले जाया गया और रिहा कर दिया गया.

उन पर आरोप है कि ये रुपए चुनाव को प्रभावित करने के लिए थे लेकिन कांग्रेस ने इस आरोप का खंडन किया है.

तीसरा चरण

मतदाताओं की कतार
इमेज कैप्शन, मतदान को लेकर लोगों में भारी उत्साह था

तीसरे दौर में एक करोड़ 76 लाख मतदाता 785 उम्मीदवारों में से 48 को बतौर विधायक चुन सकेंगे. इनमें 65 महिला और 720 पुरुष उम्मीदवार हैं.

याद रहे कि छह चरणों में कराए जा रहे चुनाव के दो चरणों में 92 विधानसभा सीटों के लिए गत 21 और 24 अक्टूबर को वोट डाले जा चुके हैं. राज्य विधानसभा में कुल 243 सीटें हैं.

मतदान के इस दौर में पश्चिम चंपारण की नौ, पूर्वी चंपारण की सात, गोपालगंज की छह, सिवान की आठ, सारण की 10 और वैशाली की आठ सीटें शामिल हैं.

इनमें लोगों का सबसे अधिक ध्यान राघोपुर और सोनपुर विधानसभा क्षेत्रों पर है, क्योंकि पूर्व मुख्यमंत्री और लालू प्रसाद यादव की पत्नी राबड़ी देवी इन दोनों क्षेत्रों से चुनाव लड़ रही हैं.

पिछले नतीजे

राज्य के सत्ताधारी जदयू-भाजपा गठबंधन को पिछले विधानसभा चुनाव में 48 सीटों में से 30 सीटें ( 15 जदयू और 15 भाजपा) और राजद यानी राष्ट्रीय जनता दल को 12 सीटें हासिल हुई थीं.

मतदाता
इमेज कैप्शन, दूसरे चरण के चुनाव में छह ज़िलों की 45 सीटों के लिए मतदान हुआ था

इस बार इन क्षेत्रों में भाजपा ने 24, जदयू ने भी 24, राजद ने 35 और लोक जनशक्ति पार्टी ने 13 उम्मीदवार उतारे हैं.

कांग्रेस और बहुजन समाज पार्टी ने सभी 48 सीटों पर उम्मीदवार दिए हैं.

इनमें मतदाताओं की संख्या के हिसाब से सबसे बड़ा क्षेत्र है राघोपुर और सबसे छोटा कल्याणपुर.

सबसे ज़्यादा 29 -29 प्रत्याशी मढौरा और जीरादेई में हैं, जबकि सबसे कम सात उम्मीदवार रक्सौल में हैं.