सोनिया ने मनमोहन का समर्थन किया

कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के पाकिस्तान पर बयान का खुलकर समर्थन किया है.
गुरुवार को कांग्रेस संसदीय दल की बैठक में सोनिया गांधी ने स्पष्ट किया कि पाकिस्तान के साथ बातचीत आतंकवाद के ख़िलाफ़ कार्रवाई पर निर्भर करती है.
कांग्रेस प्रवक्ता मनीष तिवारी ने पत्रकारों से बातचीत में बताया कि कांग्रेस अध्यक्ष और संसदीय दल ने पाकिस्तान पर प्रधानमंत्री के रुख़ का समर्थन किया.
उल्लेखनीय है कि मीडिया में ऐसी ख़बरें आ रही थीं कि पाकिस्तान पर प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के बयान से कांग्रेस पार्टी सहमत नहीं है.
बुधवार को प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने कहा था कि पाकिस्तान के साथ भारत को ''परखने और विश्वास करने के'' सिद्धांत पर आगे बढ़ना होगा क्योंकि आज की परिस्थितियों में दोनों देशों के बीच बातचीत ही एकमात्र रास्ता है.
'विश्वास करने की ज़रूरत'
भारत और पाकिस्तान के प्रधानमंत्रियों की ओर से शर्म अल शेख में जारी साझा बयान पर विवाद खड़ा होने के बाद बुधवार को संसद में इस पर बहस हो रही थी.
पाकिस्तान के साथ संबंधों पर भारत सरकार के पक्ष को रखते हुए उन्होंने कहा, ''पाकिस्तान के साथ सहयोग बढ़ता है तो कई क्षेत्रों में दोनों देशों को इसका लाभ मिलेगा लेकिन पाकिस्तान की धरती से चरमपंथ को बढ़ावा मिलता रहा और भारत उससे प्रभावित होता है तो इन तमाम बातों के बावजूद हम आगे नहीं बढ़ सकते हैं. हमारी सरकार का यही पक्ष है और हम इस पर क़ायम हैं.''
बलूचिस्तान के मुद्दे पर सरकार को घेरे जाने की बातों को सिरे से खारिज करते हुए उन्होंने कहा कि साझा बयान के बारे में जो प्रचारित किया जा रहा है और इस संदर्भ में संयुक्त बयान का जो मतलब निकाला जा रहा है, वो सरासर ग़लत है.
उन्होंने कहा, "भारत के काउंसलेट पिछले 50 साल से जलालाबाद और अन्य क्षेत्रों में हैं. भारत का पक्ष हमेशा पारदर्शी रहा है. हम पाकिस्तान से भी पारदर्शिता की ही उम्मीद रखते हैं. हमने पाकिस्तानी प्रधानमंत्री से कहा कि अगर आपके पास कोई सबूत हो तो सामने लाएं. उन्होंने अभी तक कोई सबूत पेश नहीं किया है."
मनमोहन सिंह ने कहा कि साझा बयान में न तो हमने भारत के लोगों के विश्वास को तोड़ा है और न ही भारत के पक्ष को किसी भी स्तर पर कमज़ोर होने दिया है.


























