कंगना को मिला जन्मदिन पर 'बेस्ट तोहफ़ा'

बॉलीवुड अभिनेत्री कंगना रनौत ने राष्ट्रीय फ़िल्म पुरस्कार को अपने लिए अब तक का सबसे अच्छा जन्मदिन उपहार बताया है.
सोमवार को 63वें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कारों का एलान हुआ. इस बार 'पीकू' के लिए सर्वश्रेष्ठ अभिनेता का पुरस्कार अमिताभ बच्चन को मिला है, वहीं 'तनु वेड्स मनु रिटर्न्स' के लिए सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री का पुरस्कार कंगना रनौत की झोली में आया है.

कंगना को बीते साल भी यह पुरस्कार मिला था. तब उनको यह फ़िल्म 'क़्वीन' के लिए मिला था. वैसे कंगना साल 2009 में भी 'बेस्ट सपोर्टिंग एक्ट्रेस' का राष्ट्रीय पुरस्कार अपने नाम कर चुकी हैं.

राष्ट्रीय पुरस्कारों के एलान के बाद सोमवार को कंगना ने कहा, ''यह मेरे जन्मदिन का अब तक का सबसे अच्छा उपहार है. मैं बहुत खुश हूं और ख़ुद को किस्मत वाली समझ रही हूं. ख़ासतौर पर जब मेरे साथ बेस्ट एक्टर अमिताभ बच्चन घोषित हुए हैं ''
वो आगे कहती हैं, "अब मैं सोच रही हूं कि पुरस्कार वितरण समारोह में क्या पहनूं." इन दिनों कंगना की नानी की तबियत ख़राब है और वो उनके पास मनाली में हैं.
अन्य पुरस्कारों में बेहतरीन स्क्रिप्ट राइटिंग के लिए जूही चतुर्वेदी और हिमांशु शर्मा ने संयुक्त रूप से राष्ट्रीय पुरस्कार प्राप्त किया है.

इमेज स्रोत, pr
फ़िल्म 'पीकू' की स्क्रिप्ट लिखने वाली जूही ने ख़ुशी ज़ाहिर करते हुए कहा, ''हम जब भी लिखते हैं, तो सोचते हैं कि समाज में उस बारे में बात हो.''
वो आगे कहती हैं, ''मैं बहुत ही ख़ुश हूं कि इस फ़िल्म के बाद लोग खुलकर पिता-पुत्री संबंधों पर खुलकर बात करने लगे हैं.''

इमेज स्रोत, loudspeaker media
वहीं फ़िल्म 'मसान' को बेस्ट डेब्यू डायरेक्टर का राष्ट्रीय पुरस्कार मिला है. इस फ़िल्म के डायरेक्टर नीरज घेवन ने कहा, "जब हम फ़िल्म बना रहे थे, तब इसकी उम्मीद नहीं थी."
नीरज कहते हैं, ''पहले 'कान्स' और अब 'राष्ट्रीय पुरस्कार' मिलना बहुत बड़ी बात हैं. यह मेरी नहीं बल्कि पूरी टीम की मेहनत का फल है.''
वहीं संजय लीला भंसाली को 'बाजीराव मस्तानी' के लिए सर्वश्रेष्ठ निर्देशक और एस एस राजामौली की 'बाहुबली' को सर्वश्रेष्ठ फिल्म के राष्ट्रीय पुरस्कार के लिए चुना गया है.
(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए <link type="page"><caption> यहां क्लिक</caption><url href="https://play.google.com/store/apps/details?id=uk.co.bbc.hindi" platform="highweb"/></link> करें.<link type="page"><caption> फ़ेसबुक</caption><url href="https://www.facebook.com/bbchindi" platform="highweb"/></link> और <link type="page"><caption> ट्विटर </caption><url href="https://twitter.com/BBCHindi" platform="highweb"/></link>पर भी फ़ॉलो कर सकते हैं.)




















