'बोतलें तो पाकिस्तान में भी पड़ सकती हैं'

- Author, मधु पाल
- पदनाम, मुंबई से, बीबीसी हिंदी डॉट कॉम के लिए
- प्रकाशित
बॉलीवुड में 'ख़ूबसूरत' फ़िल्म से अपनी पहचान बना चुके पाकिस्तानी अभिनेता और निर्माता फ़वाद ख़ान भारत में अपने साथ हो रहे व्यवहार से बेहद खुश हैं.
बीते साल भारत आए कई पाकिस्तानी कलाकारों को विरोध का सामना करना पड़ा था. इनमें ग़ज़ल गायक ग़ुलाम अली भी थे जिनके मुंबई कार्यक्रमों को रद्द कर दिया गया था.

ऐसे में फ़वाद अपने साथ किसी अप्रिय घटना नहीं होने को अपनी किस्मत और लोगों की सहनशीलता मानते हैं.
वो कहते हैं, "मुझे मालूम है कि यहां हमारा विरोध होता है लेकिन अपने अभी तक के अनुभव से मैं यहां ख़ुद को सुरक्षित मानता हूं."
इस साल की बड़ी फ़िल्म 'कपूर एंड संस' में आलिया भट्ट और सिद्धार्थ मल्होत्रा के साथ नज़र आने वाले फ़वाद ने बीबीसी से कहा, "मैं कई दिनों से भारत में ही हूँ और अभी तक खुशनसीबी से किसी बदतमीज़ी का शिकार नहीं हुआ हूं."

इमेज स्रोत, AFP
वो आगे कहते हैं,"लेकिन अगर आगे चलकर मेरे साथ किसी प्रकार की कोई अनहोनी हो भी जाती है तो उसके लिए मैं कोई नाराज़गी नहीं दिखाऊंगा क्योंकि दुनिया के हर कोने में ऐसे लोग होंगे जो शायद मुझे पसंद ना करते हों, फिर वो चाहे मेरे ही मुल्क पाकिस्तान में भी क्यों ना हो."
फ़वाद ने कहा कि ऐसा नहीं है कि सिर्फ़ भारत में ही उन्हें विरोध झेलना पड़े, उन्हें नापसंद करने वाले तो पाकिस्तान में भी उन पर बोतलें फ़ेंक सकते हैं.

फ़वाद अपने चाहने वालों से अपील करते हुए कहते हैं,"कलाकारों के साथ होने वाली इन बातों के लिए दो देश आपस में लड़ना शुरू कर दें, ये बहुत ही बचकानी हरकत होगी. दुनिया बहुत आगे निकल चुकी है और अब हमें विश्व स्तर पर सोचना चाहिए."
वैसे फ़वाद को निर्देशक राजकुमार हीरानी और अभिनेता आमिर की फ़िल्म 'पीके' का हिस्सा नहीं बन पाने का भी मलाल है.

वो बताते हैं,"हीरानी साहब ने मुझे पाकिस्तानी लड़के सरफ़राज़ का क़िरदार ऑफ़र किया था लेकिन 'कपूर एंड संस' के कॉन्ट्रेक्ट के चलते मैं इस फ़िल्म को हां नहीं कह पाया था. मुझे आज भी पीके का पोस्टर देखकर मलाल होता है."
फ़िल्म 'कपूर एंड संस' 18 मार्च को रिलीज के लिए तैयार है. इसके निर्माता करण जौहर हैं.
(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉयड ऐप के लिए <link type="page"><caption> यहां क्लिक करें</caption><url href="https://play.google.com/store/apps/details?id=uk.co.bbc.hindi" platform="highweb"/></link>. आप हमें <link type="page"><caption> फ़ेसबुक</caption><url href="https://www.facebook.com/bbchindi" platform="highweb"/></link> और <link type="page"><caption> ट्विटर</caption><url href="https://twitter.com/BBCHindi" platform="highweb"/></link> पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)




























