'गटर ऑयल' मामले में गिरफ़्तारी

इमेज स्रोत, AFP
चीन में पुलिस ने कुकिंग तेल की अवैध बिक्री के मामले में 32 लोगों को गिरफ्तार किया गया है.
चीन के 14 प्रांतों में मारे गए छापों में कम से कम 100 टन तेल बरामद किया गया है. कई स्थानों पर रेस्टोरेंटों के पीछे बनी नालियों से तेल जुटा कर उसे बेचा जा रहा था.
तेल की रिप्रोसेसिंग करने वाले छह कारखानों पर भी छापे मारे गए हैं. वैज्ञानिकों के अनुसार इस तेल से लोगों को कैंसर हो सकता है.
बीबीसी के बीजिंग संवाददाता माइकल ब्रिस्टो का कहना है कि लोग इसे गटर तेल के नाम से जानते हैं.
गटर तेल से सीधा अभिप्राय गटरों से जुटाया जाने वाला तेल है लेकिन अब चीन में अवैध कुकिंग तेल के लिए यही नाम इस्तेमाल किया जा रहा है.
चार महीने की पुलिस जांच के बाद ये छापे मारे गए थे.
जन सुरक्षा मंत्रालय के एक अधिकारी का कहना था, ‘‘ यह मामला बड़ा पेचीदा रहा है. कड़ी जांच हुई है. इसमें न केवल हमने गटर तेल बनाने वालों को गिरफ्तार किया है बल्कि इसके डीलरों आदि को भी गिरफ्तार किया है.’’
उल्लेखनीय है कि चीन की सरकारी मीडिया ने पिछले साल ही कहा था कि कुकिंग तेल कई मामलों में रिसाइकल किए गए खराब तेल से भी तैयार हो रहा है.
चीन में यह व्यापार काफी पुराना और समस्याओं से ग्रस्त रहा है. इसमें फायदा बहुत है क्योंकि इस्तेमाल के बाद फेंके जाने वाले तेल को रिप्रोसेस करने की प्रक्रिया आसान है.
चीन में कुछ समय पहले दूध उत्पादों में केमिकल मिले होने की बात भी सामने आई थी जिसके कारण तीन लाख बच्चे बीमार पड़े थे.






























