वैश्विक आर्थिक बहाली अब भी खतरे में: आईएमएफ

इमेज स्रोत, Reuters
अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष यानि आईएमएफ ने कहा है कि वैश्विक आर्थिक बहाली अभी भी खतरे में है और यूरोज़ोन की अर्थव्यवस्थाएं खासतौर पर अनिश्चितता के भंवर में फंसी हैं.
संस्था का कहना है कि अगर यूरोपीय शीर्ष नेताओं ने सही फैसले लेने में ज़रा भी देरी की, तो ये आर्थिक संकट गहरा सकता है.
अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष ने गत अप्रैल में अनुमान लगाया था कि 2013 में वैश्विक आर्थिक बढ़त की औसत 4.1 होगी, लेकिन अब इस अनुमान को कम कर संस्था ने ये आंकड़ा 3.9 प्रतिशत कर दिया है.
ब्रिटेन की आर्थिक बढ़त के अनुमान को भी 0.8 प्रतिशत से घटा कर 0.2 प्रतिशत कर दिया गया है.
वैश्विक अर्थव्यवस्था पर अपने आकलन में आईएमएफ ने कहा, “गिरावट का खतरा बना हुआ है, जिससे ज़ाहिर होता है कि नीतिगत फैसले लेने में या तो देरी हो रही है या फिर वे अपर्याप्त साबित हो रहे हैं. इस वक्त सबसे बड़ी प्राथमिकता यूरोज़ोन संकट का समाधान निकालना है.”
17 सदस्य देशों वाली यूरोज़ोन की अर्थव्यवस्था में इस साल 0.3 प्रतिशत की गिरावट आने की आशंका जताई गई है.
आईएमएफ, यूरोपीय संघ और यूरोपीय सेंट्रल बैंक ने ग्रीस, स्पेन और पुर्तगाल जैसी अर्थव्यवस्थाओं से मांग की है कि वे सहायता पैकेज के बदले सरकारी खर्च में कटौती करें.
गिरावट
यूरोज़ोन में आए आर्थिक संकट की वजह से लाखों लोगों को अपनी नौकरियां गंवानी पड़ी हैं.
आईएमएफ का कहना है कि यूरोप को बैंकिंग और राजस्व संबंधी खर्च को जोड़ कर एक समग्र मौद्रिक नीति बनानी चाहिए.
हाल ही में यूरोज़ोन के शीर्ष नेताओं ने स्पेन के बैंकों को सहायता पैकेज देने पर सहमति जताई थी और बैंकिंग के साथ साथ राजस्व कोष को जोड़ने की कोशिश की थी.
लेकिन ये नहीं कहा जा सकता कि इस प्रस्ताव को लागू होने में अभी कितना समय लगेगा.
आईएमएफ ने अमरीकी सांसदों से भी ये कहा है कि वो साल के अंत तक ये साफ कर दे कि अमीर अमरिकियों को टैक्स में छूट दी जाए या नहीं.
अमरीका की अर्थव्यवस्था में इस साल 2 प्रतिशत बढ़ोतरी की संभावना है जबकि 2013 में 2.3 प्रतिशत की बढ़त होने की संभावना जताई गई है.
उभरती हुई अर्थव्यवस्थाओं की आर्थिक बढ़त के अनुमान को अब कम आंका जा रहा है.
आईएमएफ की रिपोर्ट में लिखा है कि 2012 में इन अर्थव्यवस्थाओं की बढ़त 5.6 प्रतिशत ही होगी.
बढ़त की गति ख़ासतौर पर ब्राज़ील, चीन और भारत में धीमी आंकी गई हैं, जबकि इन अर्थव्यवस्थाओं को इस समय वैश्विक आर्थिक बहाली का चालक माना जाता है.






























