कोहली के शतक ने चमकाई भारत की पारी

इमेज स्रोत, Getty
भारत और वेस्ट इंडीज़ के बीच खेले जा रहे पहले टेस्ट मैच के पहले दिन भारतीय टीम के कप्तान विराट कोहली के नाबाद शतक ने भारत को शुरुआती बढ़त दे दी है.
पहले दिन का खेल ख़त्म होने तक भारत की टीम ने चार विकेट के नुकसान पर 302 रन बना लिए थे.
एंटीगुआ में खेले जा रहे मैच के पहले दिन विराट कोहली ने अपना 12वां शतक जड़ा. टेस्ट मैचों में ये उनका दूसरा सबसे तेज़ शतक था. इसके साथ ही विराट 3000 रन बनानेवाले 19वें भारतीय खिलाड़ी बन गए हैं.
विराट कोहली ने 16 चौकों की मदद से 143 रन बनाए, वहीं आर अश्विन भी 22 रन बनाकर नाबाद टिके रहे.
इससे पहले शिखर धवन ने 84 रन बनाए लेकिन डी बिशू की गेंद पर वो एलबीडबल्यू आउट हो गए.

इमेज स्रोत, Getty
वहीं चेतेश्वर पुजारा ज़्यादा कमाल नहीं दिखा सके, वो 16 रन बनाकर आउट हो गए.
दूसरे दिन सबकी नज़रें विराट कोहली की तरफ़ रहेंगी जिनके 143 रन की पारी से उनके तेवर यही दिख रहे हैं कि वो एक बड़े स्कोर का करिश्मा दिखाना चाहते हैं.
भारत और वेस्टइंडीज़ के बीच सर विवियन रिचर्ड्स स्टेडियम एंटीगा में चार टेस्ट मैचों की सिरीज़ का पहला टेस्ट मैच गुरुवार को शुरू हुआ.
इसके साथ ही भारत के नए कोच, पूर्व कप्तान अनिल कुम्बले और मौजूदा कप्तान विराट कोहली की जुगलबंदी पर सबकी नज़रें टिकीं हैं.
इससे पहले भारत ने वेस्टइंडीज़ में दो अभ्यास मैच खेले जो ड्रॉ रहे.
(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए <link type="page"><caption> यहां क्लिक करें</caption><url href="https://play.google.com/store/apps/details?id=uk.co.bbc.hindi" platform="highweb"/></link>. आप हमें <link type="page"><caption> फ़ेसबुक</caption><url href="https://www.facebook.com/bbchindi" platform="highweb"/></link> और <link type="page"><caption> ट्विटर</caption><url href="https://twitter.com/BBCHindi" platform="highweb"/></link> पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)































