युवराज लौटे मैदान में, बनाए 47 रन

इमेज स्रोत, AFP
युवराज सिंह ने प्रतिस्पर्धी क्रिकेट की ओर लौटने की दिशा में पहली बार एक वड़ा कदम बढ़ाया है.
युवराज ने गंभीर बीमारी से उबरने के बाद बृहस्पतिवार को एक अभ्यास मैच में 47 रन बनाए हैं.
अपने प्रदर्शन के बारे में युवराज ने ट्वीट भी किया और लिखा, ''आखिर मैने आठ महीनों बाद पहला मैच खेला. 70 गेंदों में 47 रन बनाए, पांच ओवर गेंदबाज़ी की और 30 ओवर तक फील्डिंग की. यह शुरुआत के लिए बुरा प्रदर्शन नहीं है.''
वह भारत की अंडर-19 के खिलाफ कर्नाटक राज्य क्रिकेट संघ (केएससीए) एकादश की ओर से खेल रहे थे.
युवराज ने अपनी पारी में दो चौकों के अलावा एक छक्का भी जमाया.
पिछले काफी दिनों से युवराज सिंह बंगलूरू में स्थित राष्ट्रीय क्रिकेट अकादमी में खुद को तैयार कर रहे हैं.
अमरीका में कैंसर के इलाज के बाद भारत लौटे युवराज सिंह का नाम टी20 विश्व कप खेलने वाले 30 संभावित खिलाड़ियों की सूची में शामिल किया गया है.
टी20 विश्व कप प्रतियोगिता इसी साल सितंबर में श्रीलंका में खेली जानी है.
युवराज सिंह ने हाल ही में कहा है कि वह कदम-दर-कदम अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में लौटने की कोशिश करेंगे. बेशक उनकी जिस्मानी हालत में काफी सुधार दिखाई दे रहा है लेकिन वह इंटरनेशनल क्रिकेट खेलने के लिए जरुरी फिटनेस कितने और समय में हासिल कर पाएंगे, यह अभी देखना बाकी है.































