चला सचिन के बल्ले का जादू

आईपीएल में गुरुवार को मैदान पर एक बार फिर सचिन तेंदुलकर का जादू देखने को मिला. सचिन के 72 रनों की बदौलत मुंबई इंडियंस ने चेन्नई सुपर किंग्स को पांच विकेट से हरा दिया है.
मुंबई इंडियंस अंक तालिका में अब सबसे ऊपर पहुँच गया हैं. मैन ऑफ़ द मैच एक बार फिर सचिन के नाम रहा.
मुंबई में हुए मैच में चेन्नई सुपर किंग्स ने 180 रनों का अच्छा स्कोर खड़ा किया. टीम की शुरुआत धीमी रही.
पार्थिव पटेल और मैथ्यू हे़डन के विकेट जल्दी-जल्दी गिर गए. हेडन को हरभजन ने आउट किया. फिर सुरेश रैना और बद्रीनाथ ने आकर कमान संभाली और मैदान पर चारों तरफ़ शॉट लगाए.
दोनों अंत तक डटे रहे. रैना ने सात चौकों और तीन छक्कों की मदद से 83 रन बनाए तो बद्रीनाथ ने छह चौकों की मदद से 55 रन. 20 ओवरों में चेन्नई ने दो विकेट खोकर 180 का स्कोर खड़ा कर दिया. कप्तान धोनी इस मैच के लिए फ़िट घोषित किए गए थे.
सचिन का जलवा
मुंबई इंडियंस की टीम भी पूरी तैयारी के साथ मैदान पर उतरी. शिखर धवन ने आते से ही पैर जमा लिए जबकि सचिन ने थोड़ा वक़्त लिया. दोनों सलामी बल्लेबाज़ों के बीच 92 रनों की साझेदारी हुई.
शिखर धवन ने ख़ूब शॉट लगाए. केवल 34 गेंदों में पाँच चौकों और तीन छक्कों की मदद से उन्होंने 56 रन जड़े. वे शदाब की गेंद पर आउट हुए. इसके बाद सौरभ तिवारी और राजागोपाल सतिश ने निराश किया और सस्ते में आउट हो गए.
लेकिन मास्टर ब्लास्टर सचिन तेंदुलकर दूसरे छोर पर जमे हुए थे और रनों की बरसात कर रहे थे. इस बीच 16वें ओवर में आए पोलार्ड ने नौ गेंदों में 20 रनों का योगदान दिया.
जब 172 के कुल स्कोर पर मुंबई इंडियंस जीत की ओर बढ़ती दिख रही थी तो सचिन 18.2वें ओवर में बालाजी के गेंद पर आउट हो गए. उन्होंने शानदार 72 रन जोड़े (8X4, 1X6).
लेकिन तेंदुलकर का साथ दे रहे ब्रावो ने बचा-कुछा काम पूरा कर दिया और अपनी टीम को 181 के विजयी स्कोर के पार पहुँचाया. ब्रावो ने सात गेंदों में 14 रन बनाए. मुंबई इंडियंस ने एक ओवर रहते ही पांच विकेट गंवार जीत हासिर कर ली.































