आत्मघाती हमले में 10 मारे गए

फ़ाइल फ़ोटो
इमेज कैप्शन, अफ़ग़ानिस्तान में लगातार हिंसा जारी है
प्रकाशित

अफ़ग़ानिस्तान के कुनार प्रांत में हुए एक आत्मघाती हमले में कम से कम दस लोग मारे गए हैं.

अफ़ग़ानिस्तान के गृह मंत्रालय के एक प्रवक्ता ने बताया है कि ये हमला कबायली इलाक़े में बुज़ुर्गों की एक बैठक के बीच हुआ.

जब इस बैठक को छोड़कर एक बुज़ुर्ग जा रहे थे, तब हमलावर उनके पास गया और विस्फोटकों में धमाका कर दिया.

आसपास खड़े अनेक लोग इस हमले में घायल भी हुए.

गृह मंत्रालय के प्रवक्ता जेमाराई बाशारी का कहना था, "पूर्वी प्रांत कुनार के अस्मार ज़िले में बुज़ुर्गों को निशाना बनाया गया जिसके कारण दस लोग मारे गए और सात मारे गए. मृतकों में इलाक़े के एक अहम बुज़ुर्ग शामिल हैं जो सरकार समर्थक थे."

'तालिबान से बातचीत करें'

उधर पूर्व ब्रितानी विदेश मंत्री डेविड मिलिबैंड ने कहा है कि अफ़ग़ानिस्तान की जंग को लोग भूल रहे हैं.

उन्होंने अमरीकी में एक भाषण में कहा, "पश्चिमी देशों ने वहाँ से बाहर जाने की 2014 तक की तिथि चाहे दे दी हो लेकिन वहाँ जंग का अंत नज़र नहीं आ रहा है. जैसे जैसे ये तिथि नज़दीक आती है वैसे वैसे कबायली नेता, विद्रोही और लड़ाके ताकतवर होते जाएँगे. हल ये है कि तालिबान से जल्द से जल्द बातचीत की जाए, इससे पहले की बहुत देर हो जाए."

उन्होंने ये भी कहा कि यदि क़ैदियों को छोड़ना पड़ता है और रात के छापे बंद करने पड़ते हैं तो उन्हें वार्ता के लिए तैयार करने के लिए ऐसा करना चाहिए. उन्होंने कहा कि यदि तालिबान गारंटी दें कि वे दोबारा अल क़ायदा को वहाँ अड्डा नहीं जमाने देंगे, तो ये सब संभव हो सकता है.