वज़ीरिस्तान में एक दिन में दो ड्रोन हमले

दक्षिणी वज़ीरिस्तान
इमेज कैप्शन, दक्षिणी वज़ीरिस्तान में पिछले सप्ताह हुए ड्रोन हमले मे 16 संदिग्ध चरमपंथी मारे गए थे
प्रकाशित

पाकिस्तान में अधिकारियों के अनुसार पश्चिमोत्तर क़बायली इलाक़े में 24 घंटों के भीतर हुए दो अमरीकी ड्रोन हमलों में कम-से-कम नौ संदिग्ध चरमपंथी मारे गए हैं.

पहला हमला दक्षिणी वज़ीरिस्तान में हुआ जबकि दूसरा उत्तरी वज़ीरिस्तान में.

ख़ुफ़िया अधिकारियों के अनुसार दक्षिणी वज़ीरिस्तान में हुए हमले में पाँच संदिग्ध चरमपंथी मारे गए जबकि उत्तरी वज़ीरिस्तान में चार लोगों के मारे जाने का समाचार है.

अमरीका के चालकरहित विमान से किए गए पहले हमले का निशाना उत्तरी वज़ीरिस्तान से लगा शक्तोइ गाँव का एक परिसर था.

इस इलाक़े को पहले महसूद परिवार का एक गढ़ माना जाता था जिसने पाकिस्तान में तालिबान को फ़ैलाने में अहम भूमिका निभाई थी.

सुरक्षा अधिकारियों के अनुसार दूसरा हमला उत्तरी वज़ीरिस्तान के मुख्य शहर मीरान शाह के बाहरी इलाक़े में स्थित गाँव दरगाह मंडी में हुआ.

पाकिस्तान के सुरक्षाबलों ने पिछले साल दक्षिणी वज़ीरिस्तान में चरमपंथियों को बाहर करने के लिए एक बड़ा सैन्य अभियान चलाने के बाद इलाक़े को अपने नियंत्रण में लेने की घोषणा की थी.

लेकिन हाल ही में तालिबान के लोगों ने दावा किया कि वे दक्षिणी वज़ीरिस्तान में फिर से पकड़ बना रहे हैं.

मगर पाकिस्तानी सेना ने इसका खंडन करते हुए कहा कि दक्षिणी वज़ीरिस्तान पर सुरक्षाबलों का पूरा नियंत्रण है.