
पहली परीक्षण उड़ान में वेवराइडर नाकाम रहा था
अमरीकी फ़ौज ने प्रशांत महासागर के ऊपर अपने हाइपरसोनिक जेट वेवराइडर विमान का परीक्षण किया है. इस परीक्षण का उद्देश्य ये देखना है कि ये विमान 6,900 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से उड़ान भर सकेगा या नहीं.
इस रफ्तार से लंदन से न्यूयॉर्क या फिर दिल्ली से लंदन की दूरी सिर्फ एक घंटे में तय की जा सकती है. वेवराइडर की इस परीक्षण उड़ान के नतीजे जल्द आने की उम्मीद है.
पेंटागन और नासा को उम्मीद है कि इस परियोजना का इस्तेमाल मौजूदा प्रक्षेपास्त्रों से ज्यादा तेज प्रक्षेपास्त्र विकसित करने में किया जा सकता है.
वेवराइडर ने अपनी पहली परीक्षण उड़ान जून 2011 में भरी थी. लेकिन तब ये अपने लक्ष्य के अनुरूप रफ्तार हासिल नहीं कर पाया था.
वेवराइडर परियोजना उन कई परियोजनाओं में से एक है जिनके तहत क्लिक करें हाइपरसोनिक विमान बनाने के प्रयास किए जा रहे हैं.
इस शोध की मदद से यात्री विमान भी बनाए जा सकेंगे जो मौजूदा जेट विमानों की तुलना में कहीं अधिक तेजी से उड़ेंगे.
पांच मिनट की उड़ान
वेवराइडर मानव-रहित विमान है. कैलिफोर्निया स्थित एडवर्ड्स वायुसैनिक अड्डे से अमरीकी फौज ने बी-52 बमवर्षक विमान की मदद से इसका परीक्षण किया.
50,000 फुट की ऊंचाई पर ले जाकर बी-52 ने वेवराइडर को बंद इंजन के साथ इस उम्मीद से छोड़ दिया कि इतनी ऊंचाई से गिरने के बाद उसका इंजन लगभग चार सेंकेंड में अपने आप चालू हो जाएगा.
वेवराइडर आठ मीटर लंबा विमान है और उम्मीद थी कि इसके बाद वह 70,000 फुट की ऊंचाई पर जाकर माक-6 की रफ्तार पकड़ लेगा.
अमरीकी फ़ौज के एक प्रवक्ता ने एक बयान में कहा है कि इस परीक्षण उड़ान के नतीजे जल्द मिल जाएंगे.
माक नंबर, किसी वस्तु की गति और ध्वनि की गति का अनुपात होता है. माक-1 ध्वनि की गति होती है यानी लगभग 768 मील प्रति घंटे के बराबर और ये जो तापमान और ऊंचाई जैसे कई घटकों पर निर्भर करती है.
इस तरह वेवराइडर की गति माक-6 ध्वनि की छह गुना गति होगी. वेवराइडर की परीक्षण उड़ान लगभग पाँच मिनट की होनी थी जिसके बाद वह प्रशांत महासागर में गिर जाता.








