इटली ने भारत से राजदूत को वापस बुलाया

इमेज स्रोत, Reuters
इटली ने भारत से अपने राजदूत को वापस बुला लिया है. ये कदम दो भारतीय मछुआरों की मौत के सिलसिले में हिरासत में लिए गए दो इतालवी नौसैनिकों के मामले के मद्देनजर उठाया गया है.
समाचार एजेंसी एएफपी ने इतालवी विदेश मंत्रालय के हवाले से कहा है, “नई दिल्ली में इतालवी राजदूत को नौसैनिकों के मुद्दे पर विचार-विमर्श करने के लिए वापस रोम बुलाया गया है.”
मासिमिलिआनो लातोरो और सल्वातोरे गिरोन इटली के एक मालवाहक जहाज पर तैनात थे. उनका कहना है कि उन्होंने हिंद सागर में दो भारतीय मछुआरों को समुद्री लुटेरे समझ कर उन पर गोलियां चला दीं थी.
इस घटना में दोनों मछुआरों 45 वर्षीय सेलेस्टियन वालेनटाइन और 24 वर्षीय अजेश पिंकी की मौत हो गई थी.
राजनयिक विवाद
दोनों इतालवी नौसैनिक फिलहाल केरल की एक जेल में बंद हैं. समाचार एजेंसी रॉयटर्स के मुताबिक केरल पुलिस ने शुक्रवार को दोनों नौसैनिकों पर औपचारिक पर तौर हत्या के आरोप तय कर दिए. उन पर निहत्थे मछुआरों पर गोली चलाने के आरोप लगे हैं.
इतालवी नौसैनिकों पर लगे आरोपों में उम्रकैद और मौत की सजा का भी प्रावधान है. हालांकि इसके लिए केंद्र सरकार की तरफ से मंजूरी हासिल करनी होगी.
वैसे केरल के उप अभियोजक केओ राजू ने रॉयटर्स को बताया कि भारत में कई वर्षों से मौत की सजा नहीं दी गई है.
मछुआरों के परिवारवालों से हुए एक समझौते के तहत इटली की सरकार ने मारे गए दोनों मछुआरों के परिवारों को एक-एक करोड़ रुपये का मुआवजा देने की घोषण की थी, लेकिन अब ये मामला दोनों देशों के बीच एक राजनयिक विवाद का रूप ले चुका है.
मार्च में इतालवी प्रधानमंत्री मारियो मोंटी ने भारतीय प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह से चेतावनी भरे लहजे में कहा था कि उनके नौसैनिकों पर मुकदमा न चलाया जाए.
इटली का तर्क है कि ये पूरी घटना अंतरराष्ट्रीय समुद्री सीमा में हुई और ये मामला भारतीय अदालतों के कार्यक्षेत्रों से बाहर है लेकिन भारत इससे सहमत नहीं है.































