चालीस साल बाद मेक्सिको से अमरीका जाने वालों में कमी

मैक्सिको से अमरीका
इमेज कैप्शन, मैक्सिको से अमरीका जाने वालों की सीमा पर लगी कतार की फाइल फोटो
प्रकाशित

एक विश्लेषण में सामने आया है कि मेक्सिको से अमरीका जा कर बसने की लहर थम गई है. पिछले 40 सालों से लोगों में मेक्सिको से अमरीका जाकर बसने का चलन रहा है.

अमरीका के प्यू हिस्पैनिक सेंटर ने अपने अध्ययन में पाया है कि ये प्रवासन में गिरावट पांच साल से नजर आ रही है.

आर्थिक कारण, सीमा पर बढ़ रहा नियंत्रण और मेक्सिको में धीमी जन्म दर को इसका कारण बताया गया है.

रिपोर्ट के मुताबिक साल 1970 के बाद से 1.2 करोड़ लोग मेक्सिको से अमरीका गए जिनमें से आधे से अधिक कानूनी तरीके से गए.

रिपोर्ट में कहा गया है, ''अगर अमरीका के सारे इतिहास पर नजर डालें तो पता चलता है कि किसी भी देश के इतने सारे लोग वहां नहीं गए जितने कि मेक्सिको से पिछले चार दश्कों से गए.''

हालांकि आंकड़े साफ तौर पर साल 2005-2010 के दौरान इस चलन में बदलाव को दर्शाते हैं.

एक दशक पहले यानी 1995-2000 में करीब 29 लाख मेक्सिको वासी अमरीका गए जबकि छह लाख 70 हजार लोग ही वापस मेक्सिको गए यानी लगभग 22 लाख लोग अमरीका में ही रहे.

अमरीका में सख्ती

साल 2005 से 2010 तक जहां 13.7 लाख लोग ही मेक्सिको से अमरीका गए, 13.9 लाख लोग वापिस गए.

रिपोर्ट के अनुसार गैर-कानूनी तरीकों से वहां से अमरीका जाने वाले लोगों में भी कमी आई है.

अमरीका की जनगणना के आकड़ों के मुताबिक, साल 2007 में जहां 70 लाख मेक्सिको से आए लोग गैर-कानूनी तरीके से अमरीका में रह रहे थे, साल 2011 में यह संख्या गिर कर 61 लाख रह गई.

प्यू की रिपोर्ट के अनुसार अमरीका से मेक्सिको वापिस जाने वाले 13 लाख लोगों में से पांच से 35 प्रतिशत लोग अपनी मर्जी से देश छोड़ कर नहीं गए.

राष्ट्रपति चुनाव में अप्रवासियों का मुद्दा अहम बना हुआ है.

नए नियमों के अनुसार अमरीका के कई राज्यों में गैर-कानूनी अप्रवासियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई के प्रयास किए जा रहे हैं और लोगों को वैध दस्तावेज पेश करने के लिए कहा जा रहा है.