इंडोनेशिया में नाव डूबी, सैकड़ों लोग लापता

इमेज स्रोत, AFP
इंडोनेशिया में जावा द्वीप के पास एक नाव डूब जाने के बाद उसमें सवार सैकड़ों लोगों की तलाश की जा रही है. कहा जा रहा है कि 76 लोगों को बचाया गया है.
माना जा रहा है कि लकड़ी की ये नाव ऑस्ट्रेलिया जा रही थी और इसमें अफ़ग़ानिस्तान, तुर्की और ईरान के लोग थे जो शरण पाने के लिए ऑस्ट्रेलिया जा रहे थे.एक स्थानीय अधिकारी ने यात्रियों की संख्या 380 बताई है.
अधिकारियों ने बताया है कि समुद्री तट से 90 किलोमीटर दूर तेज़ लहरें नाव से टकराईं जिससे नाव डूब गई.
राहत कार्य में लगी टीम के सदस्य ब्रायन गाउथियर ने सरकारी एजेंसी अंतरा को बताया है कि मौसम ख़राब होने के कारण काम में बाधा आ रही है.
सरकारी एजेंसी ने पुलिस के हवाले से लिखा है कि नाव में शायद क्षमता की तुलना में दोगुने लोग सवार थे.
अफ़गानिस्तान के 24 साल के इस्मत इस हादसे में ज़िंदा बच निकले.उन्होंने एजेंसी को बताया, “नाव ज़ोर-ज़ोर से एक ओर से दूसरी ओर हिलने लगी जिससे लोगों में अफ़रातफ़री मच गई. इस वजह से नाव और भी असंतुलित हो गई और डूब गई. मैं और कुछ और लोग नाव के टूटे हुए हिस्सों को पकड़कर तैरते रहे. बाद में स्थानीय मछुआरों ने हमें बचाया. नाव में करीब 40 बच्चे भी थे.”
नीति पर विवाद
हर साल शरण लेने के मकसद से हज़ारों लोग समुद्र के रास्ते ऑस्ट्रेलिया आते हैं.
इनमें से कई इंडोनेशिया में मानव-तस्करी से जुड़े लोगों को पैसा देते हैं ताकि वे उन्हें ऑस्ट्रेलिया पहुँचा दें.
वर्तमान नीति के तहत इस तरह ऑस्ट्रेलिया में शरण माँगने वाले लोगों को सरकार हिरासत में ले लेती है. इन्हें क्रिसमस द्वीप समेत कई जगहों पर रखा जाता है.
अवैध प्रवासियों को लेकर ऑस्ट्रेलियाई नीति पर वहाँ बरसों से तीखी राजनीतिक बहस होती रही है.
प्रधानमंत्री जूलिया गिलार्ड के विरोधियों का कहना है कि उन्होंने कोई ठोस क़दम नहीं उठाए हैं जिससे तस्करी करने वालों के हौसले बढ़ गए हैं.
प्रधानमंत्री ने प्रस्ताव रखा था कि सैकड़ों शरणार्थियों को मलेशिया में ही रखा जाएगा.
योजना के तहत नावों के ज़रिए ऑस्ट्रेलिया आने वाले 800 शरणार्थियों को मलेशिया भेजा जाना था और इसके बदले में ऑस्ट्रेलिया चार वर्षों में चार हज़ार शरणार्थी अपने पास लेगा.
लेकिन मलेशिया के साथ शरणार्थियों की अदला-बदली की योजना पर अदालत की रोक के बाद से ऑस्ट्रेलियाई नीति विवादों में रही है.पिछले साल 6535 लोग शरण लेने के लिए नावों के ज़रिए ऑस्ट्रेलिया आए थे.































