विमान अपहरणकर्ताओं ने शुरू की यात्रा
05:45:00
पोर्टलैंड इंटरनेशनल जेटपोर्ट, मेएन. 19 अपहरणकर्ताओं में से दो ने यात्रा शुरू की. ये लम्हा सिक्यूरिटी कैमरे में क़ैद हुआ. अब्दुल अज़ीज़ अल-ओमारी (बीच में) और गुट का सरगना मोहम्मद अता (दाईं ओर) बॉस्टन जाने से पहले एयरपोर्ट के चैकप्वाइंट से निकलते हुए. बॉस्टन में वे अमेरिकन एयरलाइन्स की फ़्लाइट 11 पर सवार होंगे, जिसके अपहरण की उन्होंने योजना बनाई है.

अमेरिकन 77 पर सवार होते हुए
07:18:00
डल्लेस इंटरनेशनल एयरपोर्ट, वॉशिंगटन का उपनगर. अपहरणकर्ताओं की दूसरी टीम अमेरिकन एयरलाइन्स की फ़्लाइट 77 से लॉस एंजिलस जाने से पहले सिक्यूरिटी कैमरे के सामने से गुज़रते हुए. इस वीडियो में ख़ालिद अल-मिधार और नवाफ़ अल-हाज़मी देखे जा सकते हैं. पिछले कुछ दिनों में इन दोनों को 'वॉच लिस्ट' में रखा गया है लेकिन एयरपोर्ट सिक्यूरिटी को इसकी जानकारी नहीं है.

अमेरिकन 11' का अपहरण
08:14:00
उड़ान भरने के 15 मिनट बाद अपहरणकर्ताओं ने कम से कम दो क्रू सदस्यों और एक यात्री को छुरा घोंपा. फ़्लाइट अटेंडेंड बेटी ऑन्ग ने पांच मिनट बाद एयरफ़ोन का इस्तेमाल करते हुए अमेरिकन एयरलाइंस को बताया: " कॉकपिट से जवाब नहीं आ रहा. बिज़नेस क्लास में किसी को छुरा मारा गया है - और मुझे लगता है सोंटा है."

सेना को सूचित किया गया
08:37:52
अमेरिकन 11 से ये संदेश मिलने के बाद एयर ट्रेफ़िक कंट्रोल सैन्य अधिकारियों से संपर्क करता है: "अगर आप कोई हरकत करते हैं, तो आपकी जान और हवाई जहाज़ को ख़तरा होगा. चुपचाप रहिए. " ज़ाहिर है ये अपहरण है. नौ मिनट बाद एफ़-15 विमान तैयार थे. (लाइब्रेरी पिक्चर, 6 नवंबर)"

यूनाइटेड 175 अपह्रत
08:46:00
पायलट मार दिए गए और विमान को कब्ज़े में लेने के लिए बम की धमकी. 8 बजकर 58 मिनट पर विमान ने न्यूयॉर्क की तरफ़ उड़ना शुरू किया. एक यात्री ने अपने पिता को फ़ोन किया: "मुझे नहीं लगता पायलट इस विमान को उड़ा रहा है. मुझे लगता है ये लोग शिकागो या किसी अन्य जगह पर जाने चाहते हैं और किसी इमारत से टकराना चाहते हैं. पिताजी चिंता मत कीजिए, अगर ऐसा होता है, तो सब बहुत जल्दी होगा. "

वर्लड ट्रेड सेंटर के नॉर्थ टॉवर से विमान टकराया
08:46:40
अमेरिकन 11' विमान 440 मील प्रति घंटे (700 किलोमीटर) की रफ़्तार से वर्ल्ड ट्रेड सेंटर के नॉर्थ टॉवर से टकराया. बोइंग 767 विमान में सवार सभी 92 यात्री और नौ क्रू सदस्य मारे गए. और साथ ही मारे गए दफ़्तरों में काम करने वाले कई लोग. इमारत की 92वीं मंज़िल के ऊपर काम करने वाले लोग फंस गए. विमान की ईंधन ने आग के बड़े गोले का रूप लिया और इमारत की निचली ओर रूख़ करते हुए लॉबी तक पहुंचा.

दमकल टुकड़ियां घटनास्थल पर
08:52:00
दमकल टुकड़ियां घटना स्थल पर पहुंच कर उत्तरी टावर में अंदर गईं. चारों तरफ़ टूटी खिड़कियां और उसके परखच्चे बिखरे हैं. कई लोग जल गए हैं. वे राहत कार्य शुरू करते हैं और सीढ़ीयों से उपर निकलने लगते हैं. 9 बजते बजते दमकल विभाग प्रमुख घटना स्थल पर पहुंते हैं. 235 दमकल कर्मी भेजे गए.

अमेरिकन 77 विमान का अपहरण किया गया
08:54:00
अपहरणकर्ताओं के क़ब्ज़े में आते ही अमरीकन 77 विमान ने 8:54 बजे अपनी दिशा बदली. दो मिनट बाद बोइंग 757 का ट्रांसपोंडर बंद कर दिया गया. यात्रियों ने अपने प्रियजनों को फ़ोन करके इमरजेंसी के बारे में बताना शुरू किया. उन्होंने कहा अपहरणकर्ताओं ने हमले के दौरान चाकुओं का इस्तेमाल किया.

पुलिस की लामबंदी
08:58:00
न्यूयॉर्क पुलिस विभाग ने लगभग 1000 अधिकारियों को आने वाली आपदा से निपटने के लिए तैयार किया. दो हेलीकॉप्टर पहले ही भेजे जा चुके हैं. वर्ल्ड ट्रेड सेंटर पर मौजूद दो पुलिस अधिकारी लोगों से घटनास्थल छोड़ने की गुज़ारिश कर रहे हैं. पोर्ट ऑथरिटी पुलिस विभाग के अधिकारी भी मौजूद हैं. नौ बजे तक उन्होंने वर्ल्ड ट्रेड सेंटर से सभी गैर-सैनिक नागरिकों को बाहर निकालने के आदेश दिए.

वर्ल्ड ट्रेड सेंटर के दक्षिणी टॉवर पर हमला
09:03:11
"इमारत ख़ाली की जा रही है लेकिन इसी बीच यूनाइटेड 175 विमान 540 मील प्रति घंटा (870 किलोमीटर) की रफ़्तार से वर्ल्ड ट्रेड सेंटर के दक्षिणी टॉवर से टकराता है. बोइंग 767 विमान 77वीं और 85वीं मंज़िलों के बीच घुस जाता है. इस पर सवार सभी 65 यात्री और क्रू सदस्य मारे जाते हैं. ऊपरी मंज़िलों की ओर जाने वाली एक सीढ़ी अब भी मौजूद है. इस उम्मीद में कि उन्हें कोई बचा लेगा लोग छत की ओर चढ़ रहे हैं."
ध्यान रहे: इस वीडियो के कुछ हिस्से आपको परेशान कर सकते हैं.

राष्ट्रपति को सूचित किया गया
09:05:00
व्हाइट हाउस के चीफ़ ऑफ़ स्टाफ़ एंड्रयू कार्ड ने राष्ट्रपति को बताया: " दूसरे टॉवर से एक ओर विमान टकराया है. अमरीका पर हमला हुआ है. " अगले पांच से दस मिनट तक जॉर्ज डब्ल्यू बुश फ़्लोरिडा स्थित सैरासोटा के एम्मा ई बूकर प्राथमिक स्कूल के क्लासरूम में ही रहते हैं.

यूए 93 अपह्रत
09:28:00
अधिकारियों को तीन अपहृत विमानों के बारे में पता चल चुका था. युनाइटेड एयरलाइन्स के डिस्पैचर ने फ़्लाइट 93 के क्रू को कॉकपिट की सुरक्षा के बारे में चेतावनी भेजी, लेकिन तब तक देर हो चुकी थी. 9:28 बजे अपहरणकर्ताओं ने अपनी कार्रवाई शुरू कर दी. विमान से संदेश आते रहे. कॉकपिट से ये सुना जा सकता था: “ यहां से बाहर निकलो - बाहर जाओ - बाहर निकलो”

बुश का पहला बयान
09:30:00
अमरीका पर हुए कई हमलों पर पहली और संक्षिप्त प्रतिक्रिया देते हुए राष्ट्रपति ने वादा किया: " हम पूरी जांच करेंगे और जिन लोगों ने ये काम किया है उन्हें ढूंढ निकालेंगे. हमारे देश के ख़िलाफ़ आतंकवाद सफल नहीं हो सकता. " वे तुरंत वॉशिंगटन लौटने की सोचते हैं.

उप राष्ट्रपति बंकर में
09:37:00
इस बात की आशंका से कि अमेरिकन 77 विमान व्हाइट हाउस का रुख़ कर रहा है, उप राष्ट्रपति डिक चेनी को बंकर में ले जाया जाता है. बाद में उप राष्ट्रपति राष्ट्रपति को तुरंत वॉशिंगटन ना लौटने की सलाह देते हैं. उप राष्ट्रपति (दाईं ओर) यहां 9/11 के दिन व्हाइट हाउस के ऑपरेशन सेंटर में हैं.

पेंटागन पर हमला
09:37:46
अमेरिकन एयरलाइन्स का विमान 77 पेंटागन से 530 मील प्रति घंटा ( 850 किलोमीटर प्रति घंटे ) की रफ़्तार से टकराता है. विमान में सवार सभी 64 यात्री और क्रू सदस्य मारे जाते हैं. इसके अलावा पेंटागन की इमारत में मौजूद 125 सैनिक और गैर-सैनिक भी मारे जाते हैं. वॉशिंगटन डीसी के निकट स्थित पेंटागन अमरीकी सेना का प्रमुख केंद्र है और ये दुनिया में सबसे बड़े दफ़्तरों में से एक भी है.
ध्यान रहे: इस वीडियो के कुछ हिस्से आपको परेशान कर सकते हैं.

वर्ल्ड ट्रेड सेंटर का दक्षिणी टॉवर गिरा
09:58:59
विमान टकराने के एक घंटे के भीतर ही 110 मंज़िली इमारत 10 सेंकड में धराशायी हो गई. जो भी अंदर रह गया था वो बच नहीं पाया. मैनहट्टन में धूल और मलबे का गुबार छा गया. इमारत के भीतर और उसके आस-पास मौजूद 600 लोग मारे गए. मरने वाले अधिकतर प्रभाव क्षेत्र पर या उसके ऊपर काम कर रहे थे.
ध्यान रहे: इस वीडियो के कुछ हिस्से आपको परेशान कर सकते हैं.

यूनाइटेड 93 धव्स्त हो जाता है
10:03:11
यूनाइटेड 93 पेनसिलवेनिया के शैंक्सविले में गिरा जहां पेड़ आग से धधक रहे हैं. अपहरणकर्ता जब विमान पर नियंत्रण रख पाने में विफल हो रहे थे तो उन्होंने जहाज़ को क्रैश कर दिया. क्रैश से पहले यात्रियों और क्रू के सदस्यों ने अपने परिजनों से फ़ोन पर बात की. उनके परिवार वालों ने उन्हें न्यूयॉर्क हमलों के बारे में बताया. इस जानकारी के बाद यात्रियों ने अपहरणकर्ताओं से संघर्ष भी किया.

नॉर्थ टॉवर गिरा
10:28:25
नॉर्थ टॉवर भी साउथ टॉवर जैसी ही चौंकाने वाली गति से धराशायी हो गया. इमारत के अंदर और आस-पास मौजूद 1400 लोग मारे गए. और साउथ टॉवर की ही तरह यहां मरने वाले भी प्रभाव क्षेत्र पर या उसके ऊपर काम कर रहे थे. इमारत के गिरने से स्टेयरवेल बी में 16 लोग जीवित बच गए.
ध्यान रहे: इस वीडियो के कुछ हिस्से आपको परेशान कर सकते हैं.

अमरीकी हवाई क्षेत्र बंद किया गया
12:30:00 बजे
12.30 तक अमरीका का हवाई क्षेत्र देश के इतिहास में पहली बार बंद कर दिया गया. सभी गैर आपातकाल नागरिक विमानों को उड़ने से रोक दिया गया. हज़ारों लोग देश भर के हवाई अड्डों पर फंस गए.

राष्ट्रपति वॉशिंगटन डीसी पहुंचे
18:54:00
राष्ट्रपति वॉशिंगटन पहुंचे. दिन भर उन्होंने अपना अधिकतर वक़्त एयर फ़ोर्स वन पर विभिन्न सुरक्षित जगहों पर बिताया. यहां उन्हें उप राष्ट्रपति से फ़ोन पर बात करते दिखाया गया है.

बुश का संबोधन
20:30:00
व्हाइट हाउस से राष्ट्र के नाम संदेश देते हुए राष्ट्रपति बुश ने अमरीकी इतिहास के सबसे काले दिन पर टिप्पणी की. उन्होंने राष्ट्र को बताया: "ये सामुहिक संहार हमारे राष्ट्र को डराने के लिए था ताकि यहां अव्यवस्था फैले लेकिन वे विफल रहे हैं. "

बुश राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद के साथ बैठक करते हैं
21:00:00
राष्ट्र के नाम शोकमग्न संदेश के बाद राष्ट्रपति बुश ने राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद की बैठक बुलाई. राष्ट्रपति ने साफ़ किया कि वो जिस किसी गुट ने भी इन हमलों की योजना बनाई है और इन्हें अंजाम दिया है, उन्हें सज़ा देना चाहते हैं - साथ ही उन देशों को भी जो इन्हें पनाह दे रहे हैं.
























