आईएमएफ़ प्रमुख की चेतावनी

लगार्ड ने इसी साल जुलाई में आईएमएफ़ के प्रमुख का पद संभाला
इमेज कैप्शन, लगार्ड ने इसी साल जुलाई में आईएमएफ़ के प्रमुख का पद संभाला
प्रकाशित

अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष की प्रमुख क्रिस्टीन लगार्ड ने कहा है कि वैश्विक अर्थव्यवस्था अपेक्षित गति से विकास नहीं कर रही है और इसकी बहाली के रास्ते में कई चुनौतियां मौजूद हैं.

आईएमएफ़ प्रमुख ने चेतावनी देते हुए कहा कि वैश्विक आर्थिक मंदी के ख़तरे मौजूद हैं और इसका सामना करने के लिए समन्वयात्मक नीतिगत क़दम उठाने की ज़रूरत है.

उन्होंने कहा कि इन क़दमों के तहत यूरोपीय बैंकों की पूंजीगत स्थिति को सुधारने की भी ज़रूरत है.

क्रिस्टीन लगार्ड ने ये बातें अमरीकी फ़ेडरल रिज़र्व की बैठक में जैक्सन होल में हुई बैठक में कही.

उन्होंने कहा, "इन गर्मियों में जो आर्थिक गतिविधियां रही हैं उनसे संकेत मिलता है कि हम एक मुश्किल नए दौर में क़दम रख रहे हैं. अब कुछ न कुछ करना बेहद ज़रूरी हो गया है."

मंदी के ख़तरे

2008-2009 के वित्तीय संकट के बाद अमरीका और यूरोप में अपेक्षित आर्थिक विकास नहीं हुआ है.

दोनों अर्थव्यवस्थाओं के कर्ज़ संकट ने बाज़ार के आत्मविश्वास को हिला कर रख दिया है.

आईएमएफ़ प्रमुख ने कहा, ''वैश्विक अर्थव्यवस्था विकास कर रही है लेकिन उतनी तेज़ी से नहीं जितनी ज़रूरत है. 2008 की आर्थिक मंदी के कुछ कारणों का निदान किया गया है लेकिन सभी का नहीं. अर्थव्यवस्था की सेहत सुधारने के लिए अभी बहुत कुछ किए जाने की ज़रूरत है और हमारे पास वक़्त की कमी है.''

उन्होंने कहा कि मौजूदा आर्थिक संकट का सामना कर रही विकसित अर्थव्यवस्थाओं को अपने कर्ज़ को नियंत्रण में लाने के लिए दीर्घकालिक योजना बनानी होगी.

इसके साथ ही ख़र्च में कटौती की योजनाओं को लागू करने में जल्दबाज़ी नहीं दिखानी होगी जिससे कि आर्थिक सुधार की प्रक्रिया ही प्रभावित हो जाए.

जुलाई में अंतर्राष्ट्रीय मुद्रा कोष के प्रमुख का पद संभालने के बाद अपने पहले बड़े नीतिगत भाषण में क्रिस्टीन लगार्ड ने कहा,"आसान शब्दों में कहें तो दीर्घकालिक आर्थिक नीतियां विकास को बढ़ावा देने वाली होनी चाहिए.मंदी की चिंताएं मुद्रास्फीति पर भारी पड़ी हैं. इसलिए मौद्रिक नीति पर बहुत ध्यान देने की ज़रूरत है."