'अच्छे तालेबान से हाथ मिलाओ'

ब्रिटेन ने अफ़ग़ानिस्तान में लड़ाई समाप्त करने के लिए एक व्यापक राजनीतिक रणनीति बनाए जाने का आहवान किया है.
विदेश मंत्री डेविड मिलिबैंड ने स्कॉटलैंड की राजधानी एडिनबरा में नैटो की एक बैठक में कहा है कि अफ़ग़ानिस्तान में नैटो के नेतृत्व में चल रहा युद्ध बिना किसी नतीजे के समाप्त नहीं हो सकता लेकिन उसके लिए एक नए राजनीतिक और सैनिक संकल्प की ज़रूरत है.
एक दिन पहले ही ब्रिटिश प्रधानमंत्री गॉर्डन ब्राउन ने संकेत दिया था कि अफ़ग़ानिस्तान से ब्रितानी सेनाओं की वापसी का कार्यक्रम अगले वर्ष तक तय किया जा सकता है.
डेविड मिलिबैंड ने कहा कि जो तालेबान वैश्विक जेहाद के लिए कटिबद्ध नहीं हैं, उन्हें समाज में फिर से शामिल करने के प्रयास किए जाने चाहिए लेकिन इसका मतलब ये भी नहीं है कि तालेबान कमांडरों को सरकार में जगह दे दी जाए.
नैटो की इसी बैठक में संगठन के महासचिव एंडर्स फॉ रसमूसेन ने ज़ोर देकर कहा कि अफ़ग़ानिस्तान मिशन में नैटो की भी प्रमुख भूमिका है.
बीबीसी संवाददाता निक चाइल्ड्स का कहना है कि डेविड मिलिबैंड एक तरह से प्रधानमंत्री गॉर्डन ब्राउन का ही संदेश आगे बढ़ा रहे थे कि अफ़ग़ानिस्तान में ब्रिटिश सेनाओं के लिए एक कार्यक्रम पर विचार किया जा रहा है.
डेविड मिलिबैंड का कहना है कि अफ़ग़ानिस्तान में किसी भी सैन्य रणनीति के साथ-साथ व्यापक राजनीतिक रणनीति का भी होना ज़रूरी है और ऐसी रणनीति का लक्ष्य आम अफ़ग़ान नागरिकों को शांति और सुरक्षा का भरोसा दिलाना और चरमपंथियों को हाशिये पर धकेलना होना चाहिए.
उनकी रणनीति!
मिलिबैंड ने कहा, “चरमपंथियों के अलग-अलग गुट अलग-अलग क्षेत्रों में सक्रिय हैं. कभी – कभी ये गुट पेशावर या क्वेटा स्थित तालेबान के केंद्रीय कमान से आदेश लेते हैं. कभी-कभी ये सहयोग सिर्फ़ अवसरवादी या तात्कालिक होता है.”

“नपी-तुली सैन्य रणनीति के साथ-साथ ठोस राजनीतिक रियायतों को भी मिलाना होगा जिनके ज़रिए तालेबान के तमाम अनुमानों को ग़लत साबित करते हुए उनकी रणनीति को नाकाम किया जा सके.”
डेविड मिलिबैंड ने यह भी कहा कि अंतरराष्ट्रीय समुदाय को अफ़ग़ान सरकार और पड़ोसी देश पाकिस्तान के साथ अब नए संबंध क़ायम करने होंगे.
अफ़ग़ानिस्तान में तैनात अंतरराष्ट्रीय सैनिकों की संख्या के बारे में नैटो महासचिव एंडर्स फ़ॉ रैसम्यूसैन का कहना था कि उन्हें भरोसा है कि सहयोगी देश संख्या बढ़ाने के लिए राज़ी हो जाएंगे.
उन्होंने कहा, “हम जानते हैं कि इस अभियान पर भारी-भरकम राशि ख़र्च हो रही है लेकिन इसे यूँ ही मझधार में छोड़ देने की क़ीमत कहीं और ज़्यादा होगी.”
अफ़ग़ान मिशन पर ख़ासतौर से ब्रिटेन सरकार दबाव में हैं लेकिन यह भी सच है कि नैटो के सभी सदस्य देशों में सरकारों को विभाजित जनमत का सामना करना पड़ रहा है.
ये देश इस तरह का आश्वासन चाहते हैं कि अफ़ग़ानिस्तान मिशन के मामले में अंधेरी सुरंग समाप्त होने के कुछ आसार हैं और कोई प्रकाश नज़र आए यानी कामयाबी का कोई संकेत नज़र आए.
अफ़ग़ान स्थिति के बारे में एक ठोस योजना और उस योजना पर चरणबद्ध तरीके से अमल होता दिखना चाहिए और फिर जब अंतरराष्ट्रीय सेनाओं की वापसी का समय आए तो उससे पहले अफ़ग़ान सरकार को तमाम ज़िम्मेदारियाँ सौंपने की प्रक्रिया भी पूरी हो जाए.
लेकिन अफ़ग़ानिस्तान से सेना वापसी के कार्यक्रम के बारे में बात करने से कुछ अहम मुद्दे भी खड़े हो जाते हैं, मसलन, एक आम अफ़ग़ान नागरिक को इससे क्या संदेश जाएगा और क्या इस तरह के कार्यक्रम पर अपेक्षित समय के भीतर अमल भी किया जा सकेगा.































