राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के छोटे भाई रॉबर्ट ट्रंप का निधन

इमेज स्रोत, Getty Images
अमरीकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने जानकारी दी है कि उनके छोटे भाई रॉबर्ट ट्रंप का न्यू यॉर्क के एक अस्पताल में निधन हो गया है.
राष्ट्रपति ट्रंप शनिवार को ही अपने भाई को देखने अस्पताल पहुंचे थे.
एक बयान में ट्रंप ने कहा, ''बहुत भारी दिल के साथ मैं आपको ये बता रहा हूं कि मेरे बेहतरीन भाई रॉबर्ट ट्रंप ने बीती रात आख़िरी सांस ली. वो सिर्फ़ मेरे भाई नहीं थे बल्कि मेरे सबसे अच्छे दोस्त भी थे. हम उनकी कमी महसूस करेंगे. लेकिन हम दोबारा मिलेंगे. उनकी याद हमेशा मेरे दिल में रहेगी. रॉबर्ट मैं तुम्हें प्यार करता हूं. रेस्ट इन पीस.'
72 साल के रॉबर्ट राष्ट्रपति ट्रंप से दो साल छोटे थे और रीयल स्टेट के कारोबार में लगे थे.
राष्ट्रपति ट्रंप शुक्रवार को न्यू यॉर्क के कोर्नेल मेडिकल सेंटर में भर्ती अपने भाई से मिलने पहुंचे थे. इसके बाद वो सप्ताहांत के लिए बेडमिंस्टर, न्यू जर्सी स्थित अपने गोल्फ़ क्लब चले गए थे.
राष्ट्रपति ट्रंप के एक सहयोगी ने कहा है कि वो अपने भाई के अंतिम संस्कार में शामिल हो सकते हैं.
(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम और यूट्यूब पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)



















