अफ़ग़ानिस्तान : बम धमाकों के बीच राष्ट्रपति पद के लिए वोटिंग

अफ़ग़ानिस्तान की वोटर
प्रकाशित

अफ़ग़ानिस्तान में शनिवार को नया राष्ट्रपति चुनने के लिए वोट डाले गए. वोटिंग के दौरान मतदान केंद्रों पर बम और मोर्टार से हुए हमले में कम से कम चार लोगों की मौत हो गई और 80 लोग घायल हो गए.

तालिबान ने चुनाव के दौरान मतदान केंद्रों को निशाना बनाने की धमकी दी थी. इसे देखते हुए सुरक्षा के कड़े इंतज़ाम किए गए थे और सुरक्षा बलों के 70 हज़ार से ज्यादा जवानों को तैनात किया गया था.

एक महिला मतदाता ने कहा कि अफ़ग़ानिस्तान में 'वोटिंग से बहादुरी परिभाषित होती है.'

रिपोर्टों के मुताबिक पांच साल पहले हुए चुनाव की तुलना में इस बार मतदान प्रतिशत कम रहा. सुरक्षा कारणों से कई लोगों ने वोट डालने के बजाए घरों में रहना बेहतर समझा.

राष्ट्रपति अशरफ ग़नी ने मतदान के बाद तालिबान से अपील की है कि वो लोगों की पंसद का सम्मान करें और जंग ख़त्म करें.

राष्ट्रपति पद के उम्मीदवार ग़नी ने तालिबान से कहा, "आपके लिए शांति के दरवाज़े खुले हुए हैं."

अफ़ग़ानिस्तान में शनिवार को कड़ी सुरक्षा के बीच राष्ट्रपति पद के लिए वोट डाले गए.
इमेज कैप्शन, अफ़ग़ानिस्तान में शनिवार को कड़ी सुरक्षा के बीच राष्ट्रपति पद के लिए वोट डाले गए.

बढ़ाया गया मतदान का समय

हालांकि, कुछ हिस्सों में मतदान के लिए लंबी कतारें लगीं. वोट देने निकले सभी लोग मतदान कर सकें, इसके लिए अफ़ग़ानिस्तान के चुनाव आयोग ने वोटिंग के समय को दो घंटे बढ़ा दिया था.

चुनाव मैदान में कुल 16 उम्मीदवार हैं लेकिन मुख्य मुक़ाबला मौजूदा राष्ट्रपति अशरफ ग़नी और चीफ़ एक्ज़ीक्यूटिव अब्दुल्लाह अब्दुल्लाह के बीच माना जा रहा है.

साल 2014 में हुए एक समझौते के तहत ये दोनों नेता सत्ता में साझेदार रहे हैं.

उम्मीद की जा रही है कि अफ़ग़ानिस्तान का चुनाव आयोग तीन हफ़्ते में चुनाव नतीजों का एलान कर सकता है.

अफ़ग़ानिस्तान में वोट डालने पहुंची एक महिला

वोट देने निकली महिलाएं

अफ़ग़ानिस्तान के दक्षिणी शहर कंधार के एक मतदान केंद्र पर बम से हमला किया गया. लेकिन हमले के बाद भी इस शहर के मतदान केंद्रों में महिलाएं वोट देने के लिए कतार में खड़ी दिखाई दीं.

अफ़गानिस्तान में क़रीब 96 लाख पंजीकृत मतदाता हैं. इनमें महिलाओं की संख्या क़रीब 35 फ़ीसदी है.

तालिबान की धमकी और मतदान केंद्रों पर हुई हिंसा के बाद भी देश के कुछ हिस्सों में महिला मतदाता उत्साह में दिखीं.

वीडियो कैप्शन, क्या अफ़ग़ानिस्तान की बर्बादी दुनिया को नहीं दिख रही?

अफ़ग़ानिस्तान की राजधानी काबुल की डॉक्टर रोया जहांगीर ने समाचार एजेंसी रॉयटर्स से कहा, "अफ़ग़ानिस्तान में जब कोई अपना वोट डालने का साहस दिखाता है तो बहादुरी उसी से परिभाषित होती है. हम उम्मीद करते हैं कि इस बार कोई फ्रॉड नहीं होगा. नहीं तो मतदाता एक बार फिर ख़ुद को ठगा महसूस करेंगे."

अफ़ग़ानिस्तान में वोट डालता एक व्यक्ति

कतार में लगे लोग वोट डाल पाएं ये तय करने के लिए प्रशासन ने मतदान की अवधि को बढ़ाने का फ़ैसला किया.

अफ़ग़ानिस्तान के नए राष्ट्रपति को कई चुनौतियों का सामना करना पड़ेगा. बीते क़रीब चार दशक से जंग जैसे हालात से जूझ रहा अफ़ग़ानिस्तान लगभग तबाह हो चुका है.

संघर्ष की वजह से अब भी हर साल हज़ारों लोग मारे जा रहे हैं. अमरीका संघर्ष को ख़त्म करने के लिए तालिबान के साथ बातचीत में जुटा है.

(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम और यूट्यूब पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)