गज़ा से संघर्षविराम पर इसराइली रक्षा मंत्री का इस्तीफ़ा

इमेज स्रोत, Reuters
इसराइली कैबिनेट के गज़ा के साथ संघर्षविराम का फ़ैसला करने के विरोध में रक्षा मंत्री एविगडोर लीबरमैन ने इस्तीफ़ा दे दिया है.
इसराइली सरकार ने इसराइली सेना और फ़लस्तीनी लड़ाकों के बीच दो दिनों से चल रहे संघर्ष को रोकने का फ़ैसला लिया है.
रक्षा मंत्री ने हमास समूह के साथ दीर्घकालिक शांति समझौता करने के प्रयासों की भी आलोचना की है.
दो दिनों की लड़ाई में आठ लोग मारे जा चुके हैं. हमास लड़ाकों ने इसराइल पर 460 रॉकेट दागे हैं जबकि इसराइली वायुसेना ने हमास के 160 ठिकानों पर हमले किए हैं.
मिस्र की मध्यसत्ता के बाद हमास ने कहा था कि वो संघर्षविराम चाहता है और अगर इसराइल इसे स्वीकार करता है तो वो इसका पालन करेगा.
इसराइली की सुरक्षा कैबिनेट ने शुरुआत में कहा था कि उसने सेना को अपने अभियान जारी रखने के आदेश दिए हैं. लेकिन बाद में रक्षामंत्री लीबरमैन और एक अन्य मंत्री ने कहा कि कैबिनेट संघर्षविराम के लिए राज़ी हो गई है.

इमेज स्रोत, AFP
बुधवार को संघर्षविराम लागू रहा. बीती रात के बाद से हमास की ओर से कोई रॉकेट हमला न होने के बाद दक्षिणी इसराइल में बुधवार को बाज़ार और स्कूल खुले रहे.
वहीं इसराइली सेना का कहना है कि उसने इसराइल में घुसने की कोशिश करने वाले एक फ़लस्तीनी व्यक्ति को गोली मारी है. दावा किया गया है कि ये व्यक्ति इसराइल की ओर हैंड ग्रेनेड फेंक रहा था.
इसी बीच सीमा के पास रहने वाले इसराइली समुदायों ने रॉकेट हमलों का ठोस जबाव न दिए जाने के विरोध में कई जगह प्रदर्शन भी किए हैं.
वहीं गज़ा में लोगों ने संघर्षविराम के ऐलान के बाद जश्न मानाया है. हमास ने इसे अपनी जीत की तरह पेश किया है.
हमास के नेता इस्माइल हानिया ने कहा, "हमने इसराइली हमलों से अपने लोगों की सुरक्षा की है."
रविवार को गज़ा में इसराइल के एक गुप्त सैन्य अभियान का पता चलने के बाद ताज़ा हिंसा शुरू हुई थी. इस हिंसा में सात हमास लड़ाके और एक इसराइली सैनिक मारा गया.
(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए यहां क्लिक कर सकते हैं. हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम और यूट्यूबपर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)



























