आज की 5 अहम ख़बरें: कैराना उपचुनाव का नतीजा आज

इमेज स्रोत, Getty Images
कुछ ही देर में कैराना समेत चार लोकसभा और अलग-अलग राज्यों की 10 विधानसभा सीटों पर हुए उपचुनावों के वोटों की गिनती शुरू होने जा रही है.
इन सीटों पर इसी हफ़्ते सोमवार को मतदान हुआ था. मतदान के दौरान कई बूथों पर वोटिंग मशीन में ख़राबी की बात सामने आई थी.

इमेज स्रोत, Getty Images
उत्तर कोरियाई नेता किम जोंग उन के बेहद ख़ास माने जाने वाले शख़्स जनरल किम योंग-चोल ने अमरीकी विदेश मंत्री माइक पॉम्पियो से न्यूयॉर्क में मुलाक़ात की है.
यह मुलाक़ात दोनों देशों के बीच प्रस्तावित सम्मेलन के मद्देनज़र हुई है. पिछले 20 सालों में ऐसा पहली बार हुआ है कि उत्तर कोरिया के किसी शीर्ष नेतृत्व ने अमरीका का दौरा किया है.
योंग-चोल चीन की राजधानी बीजिंग से एयर-चाइना फ़्लाइट के ज़रिए अमरीका पहुंचे हैं.

इमेज स्रोत, Getty Images
यूएन शांति मिशन में भारतीयों ने गंवाई सबसे अधिक जान
संयुक्त राष्ट्र शांति मिशन के दौरान पिछले 70 सालों में सबसे अधिक भारत के शांति सैनिकों ने अपनी जान गंवाई हैं.
1948 से अब तक 3,737 शांति सैनिकों की जानें गई हैं, जिसमें से 163 भारत के हैं, यह किसी भी देश की ओर से मारे गए शांति सैनिकों की सबसे बड़ी संख्या हैं.
163 शांति सैनिकों में भारत से सेना, पुलिस और आम नागरिक शामिल थे.

इमेज स्रोत, Getty Images
'दक्षिणी चीन सागर में चीन का विरोध जारी रहेगा'
अमरीकी रक्षा मंत्री जेम्स मेटिस ने मंगलवार को कहा कि अमरीका दक्षिणी चीन सागर में चीन के सैन्यीकरण का विरोध जारी रखेगा.
बीजिंग ने अपने वादे का पालन नहीं किया है कि वह इस द्वीप पर हथियार तैनात नहीं करेगा.
मेटिस ने कहा कि अमरीका विवादित द्वीपों के आसपास नौसेना का अभियान बनाए रखेगा.

इमेज स्रोत, Getty Images
'विश्व की सबसे लंबी विमान सेवा'
सिंगापुर एयरलाइंस विश्व की सबसे लंबी नॉन स्टॉप विमान सेवा शुरू करने जा रहा है.
11 अक्टूबर से शुरू हो रही यह विमान सेवा सिंगापुर से न्यूयॉर्क की होगी जो तकरीबन 20 घंटे तक उड़ान भरेगी. विमानन कंपनी इसके लिए एयरबस ए350-900 यूएलआर विमान का इस्तेमाल करेगी.
यह विमान सेवा सप्ताह में तीन दिन ही उपलब्ध होगी और इसके टिकटों की बिक्री 31 मई 2018 से शुरू होगी.

इमेज स्रोत, Getty Images
'मीडिया सेंसरशिप में हमारा भरोसा नहीं'
पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शाहिद ख़ाक़ान अब्बासी ने बुधवार को कहा कि उनकी सरकार मीडिया पर सेंसरशिप लगाने में भरोसा नहीं रखती है लेकिन उन्होंने मीडिया से आग्रह किया कि वह स्वयं आत्मनियमन की प्रक्रिया अपनाए.
इस्लामाबाद में ऑल पाकिस्तान न्यूज़ पेपर्स सोसाइटी के पुरस्कार समारोह में अब्बासी ने कहा कि आज के इंटरनेट और सोशल मीडिया के दौर में मीडिया सेंसरशिप संभव नहीं है. साथ ही उन्होंने कहा कि पहले भी मीडिया को सेंसर करने के सभी प्रयास कभी सफल नहीं हुए.
(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक और ट्विटर पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)























