ऑस्ट्रिया में नक़ाब पर लगेगी पाबंदी

इमेज स्रोत, Getty Images
ऑस्ट्रिया का सत्ताधारी गठबंधन कोर्ट और स्कूल जैसी सार्वजनिक जगहों पर पूरे चेहरे को ढकने वाले नक़ाब पर पाबंदी लगाने के लिए सहमत हो गया है.
सत्ताधारी गठबंधन सरकारी अधिकारियों के सिर ढकने वाला स्कार्फ पहनने और दूसरे धार्मिक प्रतीकों के इस्तेमाल पर पाबंदी लगाने पर भी विचार कर रहा है.
इन उपायों को दक्षिणपंथी फ्रीडम पार्टी के उभार को रोकने के प्रयास के तौर पर देखा जा रहा है. पिछले महीने हुए राष्ट्रपति चुनाव में फ्रीडम पार्टी के उम्मीदवार को मामूली अंतर से हार झेलनी पड़ी थी.
नकाब और बुर्के पर प्रस्तावित पाबंदी की सिर्फ दो लाइनों में जानकारी देते हुए गठबंधन ने बताया, " हम खुले समाज के लिए प्रतिबद्ध हैं. सार्वजनिक स्थानों पर पूरे चेहरे को ढकने वाला नक़ाब इसका रास्ता रोकता है. इसलिए इस पर पाबंदी लगाई जाएगी."

इमेज स्रोत, istock
अनुमान है कि ऑस्ट्रिया में 150 महिलाएं पूरे चेहरे को ढकने वाला नक़ाब पहनती हैं.
पर्यटन से जुड़े अधिकारियों ने आशंका जताई है कि इस उपाय से पर्यटक छिटक सकते हैं.
कई यूरोपीय देशों ने इसी तरह के प्रतिबंध लागू किए हैं लेकिन वाइस चाइंसलर के मुताबिक ये ऑस्ट्रिया का 'प्रतीकात्मक' कदम है.
ऑस्ट्रिया के सत्ताधारी गठबंधन में जिन अन्य उपायों पर सहमति बनी है उनमें पूर्व जिहादियों की इलेक्ट्रानिक टैगिंग और विदेशी कामकाजियों पर प्रस्तावित प्रतिबंध शामिल हैं.
बीबीसी विएना संवाददाता बेथेनी बेल के मुताबिक इनके अमल में आने के लिए संसद की मंजूरी जरुरी है.
(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए यहां क्लिक करें. आप हमें फ़ेसबुक और ट्विटर पर भी फ़ॉलो कर सकते हैं.)























