'रूस के सैकड़ों एथलीट डोपिंग में सालों तक शामिल'

इमेज स्रोत, European Photopress Agency
रूस के हज़ार से ज़्यादा एथलीट डोपिंग और उसको छुपाने के काम में सालों तक शामिल रहे थे.
अंतरराष्ट्रीय एंटी डोपिंग एजेंसी के रिचर्ड्स मैकलारेन ने कहा है कि रूसी टीम ने 2012 लंदन ओलंपिक को पूरी तरह भ्रष्ट कर दिया था.
मैकलारेन का कहना था कि इस बात के पुख़्ता सबूत हैं कि रूसी हुकूमत ने ने ऐसी व्यवस्था तैयार कर रखी थी जिसमें एक ख़ास मात्रा तक ड्रग या स्ट्रोएड लेनेवाले एथलीट को पकड़ा न जा सके.
रूस ने इन आरोपों को ख़ारिज किया है.

इमेज स्रोत, AP
रिपोर्ट के अनुसार वर्ष 2011 से लेकर अगले चार वर्ष तक रूस ने बाक़ायदा अपने एथलीटों के लिए डोपिंग कार्यक्रम प्रायोजित किया था.
हाल में जारी किए गए इस रिपार्ट के अंतिम हिस्से में वर्ष 2014 के सोची से चार और वर्ष 2012 के लंदन ओलंपिक से पांच रूसी एथलीटों को डोपिंग का दोषी पाया गया है.
प्रो. रिचर्ड मैकलारेन को वर्ल्ड एंटी डोपिंग एजेंसी (वाडा) ने इस जांच के लिए नियुक्त किया था. इस रिपोर्ट के अनुसार इस सुनियोजित कार्यक्रम को लगातार परिष्कृत किया गया.
इंटरनेशनल एसोसिएशन ऑफ एथलेटिक्स फेडरेशंस (आईएएएफ) ने अपनी एक जांच में डोपिंग के सबूत पाने के बाद रूसी एथलेटिक्स फेडरेशन को निलंबित कर दिया था.
इस रिपोर्ट में उदाहरण के साथ बताया गया है कि किस तरह अलग-अलग खेलों के खिलाड़ियों ने टेस्ट टाले और डोपिंग नियंत्रण अधिकारियों को चकमा देने की कोशिश की.
इस रिपोर्ट में बताया गया है कि एक एथलीट एक खेल इवेंट के बाद नदारद हो गया जबकि एक अन्य ने एक रेस के दौरान स्टेडियम छोड़ दिया और उसके बारे में कोई जानकारी हासिल नहीं हो सकी.

इमेज स्रोत, RIA NOVOSTI
वाडा की रिपोर्ट में एक अन्य महिला एथलीट के बारे में बताया गया है कि उसने 'संभवत: साफ पेशाब छुपाया हुआ था.'
रूस ने लंदन ओलंपिक में 21 स्वर्ण पदक जीते थे.सोची में रूस को 13 स्वर्ण पदक हासिल हुए थे.
रिपोर्ट की जांच में सामने आई प्रमुख बातें:
- सोची खेलों में दो रूसी महिला आइस हॉकी खिलाड़ियों के पेशाब के नमूने की बजाए पुरुषों के नमूने रखे गए.
- जांच के दौरान ऐसे ईमेल मिले जो रूसी खेल मंत्रालय को भेजे गए थे. इन मेलों में मंत्रालय से सैंपल पॉजिटिव पाए जाने पर निबटने के लिए निर्देश मांगे गए थे.
- मास्को में क्लीन यूरिन बैंक स्थापित किया गया था.
(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए यहां क्लिक करें. आप हमें फ़ेसबुक और ट्विटर पर भी फ़ॉलो कर सकते हैं.)























