पूरे गांव में सिर्फ़ एक आदमी पढ़ा लिखा

इमेज स्रोत, NARENDRA KAUSHIK
- Author, नरेंद्र कौशिक
- पदनाम, बीबीसी हिंदी डॉटकॉम के लिए
- प्रकाशित
भारत सरकार ने शिक्षा के अधिकार को मौलिक अधिकारों में शामिल किया है और वो देश को डिजिटल इंडिया बनाने पर ज़ोर दे रही है.
लेकिन राजधानी दिल्ली से लगभग दो सौ किलोमीटर दूर उत्तर प्रदेश में बिजनौर के पास इंछावाला नाम का ऐसा गांव है जहाँ सिर्फ एक लड़के को छोड़कर सारे लोग अनपढ़ हैं. न कोई नाम लिखना जानता है ना हस्ताक्षर करना.
गाँव में न कोई स्कूल है, न सड़क, न अस्पताल, न दुकान, न रसोई गैस और न ही बिजली.
गाँव के पंचायत प्रमुख अख़्तर को छोड़कर किसी ने आज तक ट्रेन की सवारी नहीं की.
गाँव में कोई नहीं जानता कि देश के राष्ट्रपति कौन हैं. गांव में रहने वाले गुलशरोवर कहते हैं, “वज़ीर-ए-आज़म मोदी साहब हैं और किसी को हम जानते नहीं.”

इमेज स्रोत, NARENDRA KAUSHIK
500 से ऊपर की जनसँख्या वाले गाँव में एक भी व्यक्ति सरकारी या प्राइवेट नौकरी नहीं करता.
गाँव में पहुचने के लिए पहले गंगा नदी पार करनी पड़ती है और फिर क़रीब चार किलोमीटर पैदल चलना पड़ता है रेत और कीचड़ से भरे हुए जंगले के रास्ते पर.
अख्तर बताते हैं, “हम सब अंगूठा लगाने वाले हैं, सिर्फ़ मेरे एक पोते सैयद अली को छोड़कर. सैयद ने दसवीं तक जोगावाला (जिला हरिद्वार) गाँव से पढाई की है.”
हर साल मार्च से लेकर अक्टूबर तक जब गंगा नदी इंछावाला के खेतों और घरों को डुबो देती है गाँव वाले जोगावाला और पास के दूसरे गांवों में रहने चले जाते हैं.
गाँव में छह से अधिक डेरे हैं. सबसे बड़ा अख़्तर का डेरा है जिसमें उसके आठ बेटे, बहुएं, पोते-पोतियाँ, एक लड़की, दामाद और उनके बच्चे रहते हैं.
वो बताते हैं, “मेरे डेरे में 45 सदस्य हैं. पास में ही सरबर का डेरा है जिसमे 30 से ज़्यादा मेम्बर हैं.”

इमेज स्रोत, NARENDRA KAUSHIK
आधे से ज़्यादा डेरों में मुसलमान रहते हैं. सभी घर घास-फूस के बने हैं.
अख्तर के सात भाई हैं. हर भाई के पास इंछावाला में 15 बीघे ज़मीन है जिसमें वो ज़्यादातर गन्ने की खेती करते हैं.
खेती के अलावा गांव वाले मछली पकड़ते हैं और पशु पालते हैं. मछली बेचने के लिए शहर नहीं जाना पड़ता. व्यापारी मछली खरीदने के लिए गाँव आते हैं.
गाँव में आधा दर्ज़न के करीब मोटरसाइकिल और एक पुरानी मारुती कार है. रसोई का सामान खरीदने के लिए मंडावर (बिजनौर का क़स्बा), मोरना (मुज़फ्फरनगर का क़स्बा) या फिर शुक्रताल (मुज़फ्फरनगर में तीर्थ स्थान) जाना पड़ता है.
पहले दो के लिए नाव से गंगा पार करनी पड़ती है. जबकि तीसरे के लिए गंगा पर पुल बना बना हुआ है. इस पुल तक पहुचने के लिए भी एक किलोमीटर का कच्चा रास्ता पार करना पड़ता है.

इमेज स्रोत, NARENDRA KAUSHIK
दिन के समय कितने ही लोग मंडावर जाने के लिए अपने दो पहिया वाहनों को नाव में रख कर नदी पार करते हुए देखे जा सकते हैं.
हर साल नवम्बर में गाँव वाले मिलकर राजारामपुर के पास गंगा के ऊपर अस्थायी पुल का निर्माण करते हैं. इस पुल का इस्तेमाल गन्ने की फसल को शहर ले जाने के लिए किया जाता है.
सन् 2013 में उत्तर प्रदेश सरकार नें इंछावाला में साक्षरता बढाने के लिए दो अध्यापकों मनमोहन सिंह और अतीक अहमद की नियुक्ति की थी.
राजारामपुर गाँव के प्राइमरी स्कूल में प्रधानाध्यापक अहमद बताते हैं कि उन दोनों ने पूरे नवम्बर महीने में इंछावाला के बच्चों को पढाया. उसके बाद बारिश हो गई और इंछावाला के रास्ते में कीचड़ हो गया.

इमेज स्रोत, NARENDRA KAUSHIK
इसी महीने इंछावाला के लिए एक प्रेरक मेघराज सिंह की नियुक्ति की गई है. सिंह निरक्षरों को साक्षर करने का एक और प्रयास कर रहे हैं. परन्तु बच्चे ज्यादातर मछली पकड़ने और खेती करने के लिए घर से बाहर होते हैं.
सिंह का कहना है, “मैं पिछले दस दिन में एक-दो बार इंछावाला गया हूँ, बच्चे घर पर ही नहीं मिलते.”
<bold>(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए <link type="page"><caption> यहां क्लिक</caption><url href="https://play.google.com/store/apps/details?id=uk.co.bbc.hindi" platform="highweb"/></link> करें. आप हमें <link type="page"><caption> फ़ेसबुक</caption><url href="https://www.facebook.com/bbchindi" platform="highweb"/></link> और <link type="page"><caption> ट्विटर</caption><url href="https://twitter.com/BBCHindi" platform="highweb"/></link> पर भी फ़ॉलो कर सकते हैं.)</bold>
































