कोल इंडिया के शेयर बिकने शुरू

इमेज स्रोत, Getty
- Author, सलमान रावी
- पदनाम, बीबीसी संवाददाता
- प्रकाशित
भारत सरकार के 'ऑफर फॉर सेल' के ज़रिए सार्वजनिक क्षेत्र की कंपनी कोल इंडिया लिमिटेड में अपनी दस फ़ीसदी की हिस्सेदारी बेचने की घोषणा के बाद कंपनी के शेयर में शुक्रवार को गिरावट देखी जा रही है.
सरकार ने शेयर की कीमत 358 रुपए तय की है. इसके जरिए सरकार ने 24 हज़ार करोड़ रुपए जमा करने का लक्ष्य रखा है. सार्वजनिक ख़रीदारी के लिए उपलब्ध कुल शेयरों में 20 फ़ीसदी शेयर खुदरा निवेशकों के लिए आरक्षित किए गए हैं. इन्हें इसमें पांच फ़ीसदी की छूट भी दी गई है.
सरकार की ओर से शेयर बाजार को भेजी गई सूचना में कहा गया है कि वो 31.58 करोड़ शेयरों की बिक्री सार्वजनिक शेयरों के जरिए करेगी.
आरंभिक शेयर

इमेज स्रोत, AFP
कोल इंडिया लिमिटेड (सीआईएल) में सरकार की हिस्सेदारी 89.65 फ़ीसदी है. कंपनी ने 2010 में आरंभिक शेयर बाज़ार में उतारने के बाद 15,199 करोड रुपए जुटाए थे.
चालू वित्त वर्ष में सरकार सार्वजनिक क्षेत्र की कंपनियों में विनिवेश करना चाहती है. इसके माध्यम से उसने 43,425 करोड़ रुपए जमा करने का लक्ष्य रखा है.
इससे पहले दिसंबर में सरकार ने सार्वजनिक क्षेत्र की कंपनी स्टील अथॉरिटी आफ इंडिया (सेल) में अपनी पांच फ़ीसदी की हिस्सेदारी बेची थी. इसके जरिए उसने 1715 करोड़ रुपए जमा किए थे.
जानकारों को लगता है कि सार्वजनिक क्षेत्र की कंपनियों में विनिवेश कर सरकार इस वित्त वर्ष में सकल घरेलू उत्पाद की दर को 4.1 पर रखना चाहती है.
भारतीय जनता पार्टी से जुड़े आर्थिक मामलों के जानकार जगदीश शेट्टीगर का कहना है, "विनिवेश के इस क़दम से निवेशकों को सरकारी नियंत्रण वाली कंपनियों में हिस्सेदारी का मौक़ा मिला है. वो कहते हैं कि अब बदले परिवेश के हिसाब से सार्वजनिक क्षेत्र को भी खुद को ढालना पड़ेगा ताकि बाज़ार में मौजूद प्रतिस्पर्धा में वो टिक पाएं."
शेट्टर को लगता है कि अब वक़्त आ गया है जब सार्वजनिक क्षेत्र की कंपनियों में सरकार का शेयर 50 फ़सीद से कम हो.
मज़दूर विरोधी

इमेज स्रोत,
मगर ट्रेड यूनियनें विनिवेश को मज़दूर विरोधी मानती हैं. आल इंडिया ट्रेड यूनियन कांग्रेस (एआईटीयूसी) के जीएल धर कहते हैं, "यह बिल्कुल ऐसा ही है जब कोई पैसों के लिए अपने घर के बर्तन बेचे."
ट्रेड यूनियनों का कहना है कि विनिवेश करने की बजाए सरकार को चाहिए कि वो बड़े उद्योगपतियों पर कर लगाए. यूनियनों का कहना है कि विनिवेश के फ़ैसले का असर कोयला क्षेत्र में काम करने वाले चार लाख कामगारों पर पड़ेगा.
इस महीने की शुरुआत में कोयला क्षेत्र के मज़दूरों ने दो दिन की हड़ताल की थी. जनवरी की छह तारीख़ को सरकार और यूनियनों के बीच समझौता हुआ था. इसके बाद विनिवेश समेत अन्य मुद्दों पर एक समिति गठित की गई थी.
यूनियनों का आरोप है कि सरकार ने कोयला क्षेत्र के मज़दूरों को धोखा दिया है.
<bold>(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए <link type="page"><caption> यहां</caption><url href="https://play.google.com/store/apps/details?id=uk.co.bbc.hindi " platform="highweb"/></link> क्लिक करें. आप हमें <link type="page"><caption> फ़ेसबुक</caption><url href="https://www.facebook.com/bbchindi " platform="highweb"/></link> और <link type="page"><caption> ट्विटर</caption><url href="https://twitter.com/bbchindi" platform="highweb"/></link> पर भी फ़ॉलो कर सकते हैं.)</bold>































